August 05, 2018
एसएसपी मनोज कुमार
22.07.2018 (दरभंगा) : एसएसपी कार्यालय में www.manojkumarips.com वेबसाइट का सफल लॉन्चिंग एसएसपी मनोज कुमार ने किया। इस मौके पर न्यूज़ ब्रीफिंग करते हुए एसएसपी मनोज कुमार ने बताया की इस वेबसाइट के माध्यम से ट्रैफिक नियंत्रण/अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण में काफी मदद मिलेगी। एसएसपी ने बताया की एक सर्वे के अनुसार दरभंगा शहर में विशेष कर एवं दरभंगा जिले में सामान्यतः बिना रजिस्ट्रेशन के एवं बिना परमिट के 40-50% वाहन विशेषकर ऑटो, टेम्पू एवं बड़े बस संचालित है। जबकि दरभंगा जिला में सिर्फ 4500 ऑटो का ही रजिस्ट्रेशन है। इस कारण से शहर में उपलब्ध सिमित सड़कें जाम हो जाती है। एसएसपी श्री कुमार ने बताया की ग्रामीण क्षेत्र के ऑटो चालक भी शहर में आकर ऑटो चलाते हैं, जिससे यात्रियों के सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। एसएसपी ने विधि-व्यवस्था संधारण के हित में कुछ महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया। (a) ऑटो/बस/अन्य वाहन पूर्ण रजिस्ट्रेशन के साथ अपने रुट में ही चलें। उल्लंघन किये जाने पर 5000/-रुo की राशि तक सम्बंधित प्राधिकार के द्वारा जुर्माना अधिरोपित किया जायेगा। (b) बिना रजिस्ट्रेशन के चोरी की वाहन पाए जाने पर जब्त कर लिया जाएगा। एसएसपी ने बताया की इस वेबसाइट के माध्यम से ऑटो/बस व अन्य वाहन के परमिट को आसानी से चेक किया जा सकता है। उन्होंने बताया की इस वेबसाइट के उपयोग के लिए पुलिस/जिला परिवहन पदाधिकारी ऑफिस /RTO ऑफिस को admin एवं password उपलब्ध करा दिया गया है। उन्होंने बताया की वेबसाइट पर लॉगिन करने के बाद जैसे ही गाडी नंबर फीड करेगा, गाडी का पूर्ण विवरण स्क्रीन पर उपलब्ध होगा। जैसे, गाडी ऑनर का नाम-पता, परमिट संख्या एवं वैधता आदि। एसएसपी ने बताया की वेबसाइट पर चोरी की वाहन की भी अपडेट सूचनाएं उपलब्ध है। एसएसपी ने बताया की अगर किसी भी नागरिक का वाहन चोरी हो जाता है तो इस वेबसाइट पर उसकी सम्पूर्ण सुचना FIR के साथ या बिना FIR के अपलोड कर सकते हैं। इसके लिए कम्प्लेनेंट को वेबसाइट के होम पेज पर VEHICLE STOLEN वाले सेक्शन में जाकर अपने चोरी हुए वाहन का डिटेल्स भरना होगा। इसके बाद दरभंगा पुलिस के पास उक्त सूचनाएं अविलम्ब पहुँच जायेगी। एसएसपी श्री कुमार ने बताया की इस वेबसाइट के द्वारा व्हाट्सप्प से भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। आम नागरिक इस वेबसाइट से दरभंगा पुलिस के किसी भी थाना, सर्किल, अनुमंडल एवं जिला पुलिस का संपर्क नंबर प्राप्त कर सकते हैं। इस वेबसाइट पर आमजन दरभंगा पुलिस एवं इसके पदाधिकारी के विशिष्ट गतिविधियों की भी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
क्यूआरटी
एसएसपी मनोज कुमार ने न्यूज़ ब्रीफिंग के समय बताया की COURT, DM OFFICE, SSP OFFICE, IG OFFICE, DIG OFFICE, COMMISSIONARY OFFICE के बाहर अनियंत्रित ढंग से वाहन खड़ी होती हैं जिसके वजह से पुलिस को सुरक्षा देने में परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया की सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्याधुनिक QRT का गठन किया गया है जिसमे इस टीम को विशेष अधिकार प्राप्त है। उन्होंने बताया की अपराध करने की मंशा लेकर कोर्ट क्षेत्र/उच्च कार्यालय क्षेत्र में आने वाले अपराधियों पर QRT सीधी कार्रवाई करेगा। एसएसपी श्री कुमार ने बताया की ये विशेष QRT, COURT, DM OFFICE, SSP OFFICE, IG OFFICE, DIG OFFICE, COMMISSIONARY OFFICE में स्थापित वायरलेस से संपर्क में रहेगा। कोई भी सुचना आने पर तुरंत कार्रवाई करेगा। उन्होंने बताया की पार्किंग के लिए सम्बंधित प्राधिकार से बात कर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने का प्रयास किया जा रहा है। एसएसपी ने बताया की शहरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु ढंग से संचालित करने हेतु पूर्व से प्रतिनियुक्त बल के अतिरिक्त 15 महत्वपूर्ण स्थानों पर गृहरक्षक बलों की प्रतिनियुक्ति यातायात में सुधार हेतु की गयी है।
July 26, 2018

19.07.2018 (दरभंगा) : बहादुरपुर प्रखण्ड के सिमरा नेहालपुर पंचायत में बिहार सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम के तहत हर घर नल का जल एवं पक्की गली-नाली योजना का निरीक्षण जिला पदाधिकारी, दरभंगा डॉo चन्द्रशेखर सिंह के द्वारा किया गया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढ़ंग से पूरा किये जाने का सख्त निदेश दिया। हर घर नल का जल योजना के तहत बिछाई जाने वाली पाईप को जमीन के तीन फीट अन्दर रखने का निदेश दिया, ताकि ऊपरी किसी भी तरह के परिचालन से पाईप को क्षति नहीं पहुँचे। हर घर नल का जल योजना के अन्तर्गत लगने वाले मोटर, पाईप एवं नल की गुणवत्ता उत्कृष्ट कोटि का हो, इसका विशेष ध्यान रखने का सख्त निदेश दिया। निरीक्षणोपरान्त जिला पदाधिकारी ने लोक संवाद कार्यक्रम में भी भाग लिया। कार्यक्रम में संबंधित पंचायत के जनप्रतिनिधिगण एवं आमजनों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उपस्थित पंचायत के लोगों ने पंचायत की आम समस्याओं को जिला पदाधिकारी के सामने रखा। जिला पदाधिकारी ने अपने सम्बोधन में सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम में अन्तर्गत चल रही योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। शौचालय निर्माण की आवश्यकता भी लोगों को बतायी। लोक संवाद में पंचायत के निवासियों के द्वारा उठायी गई सभी समस्याओं का समाधान भी ससमय करने का आश्वासन दिया। इसके लिए उपस्थित संबंधित पदाधिकारीगण को त्वरित कार्रवाई करने का निदेश दिया। उक्त कार्यक्रम में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, अनुमण्डल पदाधिकारी सदर एवं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी बहादुरपुर व अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
July 26, 2018

17.07.2018 (दरभंगा) : दिनांक 03 जुलाई 2018 को lnmu दरभंगा से सम्बद्ध सभी बी.एड. महाविद्यालय के प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारीयों के लिए बी.एड. पोस्ट एप्प के प्रशिक्षण का आयोजन कुलपति प्रोफेसर एस. के. सिंह की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय स्थित सभागार में आयोजित किया गया। यह एप्प राजभवन द्वारा तैयार किया गया है। प्रशिक्षण राजभवन एन.आई.सी. के तकनीकि निदेशक विजय कुमार द्वारा दिया गया। उन्होंने कहा कि ये एप्प बी.एड. कॉलेज को मॉनिटरिंग करने के लिए तैयार किया गया है। कुलपति प्रोफेसर एस.के. सिंह ने कहा कि बी.एड. कॉलेज से अनियमिता की शिकायत लगातार आती रहती है, जिसको लेकर कुलाधिपति महोदय काफी गंभीर है। इस एप्प के द्वारा विश्वविद्यालय तथा कुलाधिपति कार्यालय कॉलेज की गतिविधियों पर निगरानी रख सकेगा। कुलपति का मानना है कि इस प्रकार की निगरानी से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा। उनका कहना था कि बी.एड. से इसकी शुरुआत इसलिए कि गई है कि इसका सरोकार अच्छे शिक्षकों के निर्माण से है, जिससे शिक्षा के गुणवत्ता में सुधार होगा। एन.आई. सी. के तकनीकी विशेषज्ञ विजय कुमार ने बी.एड. पोस्ट एप्प का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा ये एप्प एंड्रॉयड स्मार्टफोन में इनस्टॉल होगा। इसे गूगल प्ले स्टोर से डाऊनलोड करना होगा। एप्प को मोबाईल पर इनस्टॉल करने के बाद लॉग इन करना होगा। लॉगिन आई.डी. एवं पासवर्ड एन.आई.सी. द्वारा दिया जाएगा।पासवर्ड को बाद में बदला जा सकता है। इस एप्प पर हर महीने मुख्यतः पांच इमेज को अपलोड करना होगा। 1. सभी शिक्षकों का एक समूह फ़ोटो 2. प्रथम वर्ष के छात्रों का शिक्षक द्वारा पढ़ाते हुए फ़ोटो। 3.द्वितीय वर्ष के छात्रों का शिक्षकों द्वारा पढ़ाते हुए फ़ोटो। 4. उस माह का छात्रोपस्थिति पंजी का फोटो ( प्रथम वर्ष) 5. द्वितीय वर्ष के छात्रों की उपस्थिति पंजी का फोटो। इंटर्नशिप के फोटो के लिए अलग से आइकॉन होगा। इसके साथ ही शिक्षक प्रोफाइल एवं दोनो वर्ष के छात्रों का प्रोफाइल एन.आई.सी. द्वारा दिए गए एक्सेल शीट पर अपलोड करना होगा। जुलाई महीने में ही कम से कम एक बार लॉग इन कर सारे आकड़े अपलोड़ करने होंगे। इस तरह इस एप्प द्वारा बी.एड. कॉलेज पर खासकर शिक्षक की अनुपलब्धता एवं छात्रो की उपस्थिति तथा नियमित वर्ग संचालन पर निगरानी रखा जाएगा। चूंकि यह बी.एड. पोस्ट एप्प जी.पी.आर.एस से युक्त है इसलिए इसके द्वारा लिए गए फ़ोटो को रियल टाइम फ़ोटो कहा जाता है। जिसमे फ़ोटो खिंचने का स्थान एवं समय दोनों ही अंकित हो जाते है। कुलपति प्रोफेसर एस.के. सिंह, बी.एड. कॉलेज के प्रधानाचार्य/विभागाध्यक्ष/नोडल अधिकारी का स्वागत विश्वविद्यालय दूरस्थ शिक्षा के शिक्षा विभाग के अध्यक्ष सह नोडल अधिकारी मिलन कुमार अरविंद ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन विकास पदाधिकारी डॉ के.के. साहू ने किया।
July 26, 2018

15.07.2018 (दरभंगा) : लहेरियासराय चट्टी चौक स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में चट्टी गुमटी से पूरब रहने वाले स्थानीय नागरिकों ने दरभंगा आर.ओ.बी. निर्माण निर्माण को लेकर एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता गोपाल झा ने की वहीँ बैठक का क्रियान्वयन और मंच संचालन निखिल आशा ने किया। बैठक में प्रसिद्द कवि प्रभात प्रखर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. वहीँ राकेश चौधरी, राहुल ठाकुर, अविनाश झा, गोविन्द आचार्य, जय शंकर गुप्ता सहित दर्जनों लोगों ने बैठक को संबोधित किया। बैठक में उपस्थित दर्जनों स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए निखिल आशा ने ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर पूर्व में हुए आंदोलनों का जिक्र करते हुए कहा कि चट्टी चौक पर आर.ओ.बी. बनाए जाने की मांग स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार कई वर्षों से किया जा रहा है। पूर्व में हस्ताक्षर अभियान और रेल रोको आन्दोलन के बाद रेल प्रशासन और स्थानीय प्रशासन द्वारा यथाशीघ्र ओवरब्रिज का निर्माण करने के साथ-साथ शंटिंग को रात्रि के समय पंडासराय की तरफ करने का आश्वासन भी दिया गया था। चट्टी चौक पर लगने वाले जाम से निजात के लिए ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था करने की भी मांग स्थानीय नागरिकों के द्वारा उठाया गया था। निखिल ने बताया की रेलवे लाइन के पूरब लाखों की आबादी रहती है जिन्हें अपने दैनिक कार्यों के लिए प्रतिदिन रेलवे लाइन को पार कर दरभंगा आना पड़ता है। दरभंगा सिर्फ जिला नहीं, 4 जिलों की कमिश्नरी है। ऐसे में लाखों की आबादी का लगातार दरभंगा आना बना रहता है। पूर्व में जिला प्रशासन, समस्तीपुर रेल मंडल कार्यालय सहित प्रधानमंत्री कार्यालय के ट्विटर हैंडल तक स्थानीय नागरिकों द्वारा आर.ओ.बी. के नहीं बनने से उत्पन्न समस्याओं की फोटो प्रति और आवेदन भेजा गया। रेलवे ओवरब्रिज नहीं होने के कारण घंटों जाम का नजारा चट्टी चौक पर देखने को मिलता है। निखिल ने बताया की प्रतिदिन स्कूल जाने वाले बच्चे रेलवे फाटक को पार करते देखे जा सकते हैं। कई बार रुकी हुई रेल गाड़ी के डिब्बे के नीचे से भी बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों को रेलवे ट्रैक पार करते हुए देखा गया है। चट्टी चौक गुमती पर लगने वाले जाम से निजात के लिए हुए इस बैठक में सभी आगंतुक नागरिकों ने अपना विचार रखा। बैठक के अंत में उपस्थित दर्जनों नागरिकों ने एक स्वर में यथाशीघ्र ओवरब्रिज का निर्माण शुरू करने की मांग का समर्थन करते हुए आन्दोलन को तेज करने का आह्वान किया। बैठक में निर्णय लिया गया की 20 दिन के अंदर अगर ठोस कदम नहीं उठाया जाता है तो ओवरब्रिज निर्माण तक आमरण अनशन किया जायेगा। उक्त बैठक में राकेश चौधरी, आशुतोष कुमार झा, रमण कुमार पासवान, सुबोध कुमार, संजय कुमार पोद्दार, मिथुन कुमार मंडल, बैजनाथ झा, राहुल ठाकुर, गिरीन्द झा, पप्पू झा, अमरकांत चौधरी, अश्विनी कुमार झा, पवन कुमार झा, कमल सहनी, विजय शर्मा, राजेंद्र राम सहित दर्जनों की संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
July 26, 2018

14.07.2018 (दरभंगा) : सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक डॉ बिंदेश्वर पाठक ने मैंथिली संस्कृति के केंद्र दरभंगा में दुनिया के सबसे सस्ते स्वच्छ पानी की योजना की शुरुआत की। इस मौके पर दरभंगा के डीएम डॉo चंद्रशेखर सिंह, नगर विधायक संजय सरावगी, पूर्व विधान परिषद सदस्य विनोद चौधरी और दरभंगा की मेयर श्रीमती वैजयंती देवी खेड़िया समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इस योजना के तहत तालाब के पानी को फ्रांसीसी तकनीक से साफ करके सस्ती दर पर स्थानीय लोगों को स्वच्छ जल मुहैया कराया जाएगा। इस मौके पर डॉक्टर पाठक ने कहा कि जिस बिहार की माटी ने उन्हें जन्म दिया, उस माटी के प्रति उनका जो कर्ज है, उसे पूरा करने का वे हरसंभव प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि दरभंगा के लोगों को इस प्रोजेक्ट से दिसम्बर से पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी। गौरतलब है कि सुलभ की इस स्वच्छ जल परियोजना के तहत पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के मधुसूदन कांटी समेत मिदनापुर और नदिया जिले के छह जगहों पर स्वच्छ जल तैयार करके स्थानीय लोगों को सिर्फ पचास पैसे प्रति लीटर के हिसाब से उपलब्ध कराया जा रहा है। डॉ पाठक की योजना अब बिहार के लोगों को भी सस्ते दर पर साफ पानी उपलब्ध कराने की है। आज सबसे बड़ी समस्या स्वच्छ जल की कमी है। इसकी वजह से देश के लोगों को तमाम तरह की बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। मिथिला की धरती पानी से लबालब है, लेकिन औद्योगीकरण, बढ़ती जनसंख्या और खेती में बढ़ते कीटनाशकों और खाद के इस्तेमाल से आज जल स्रोत प्रदूषित हो गए हैं। ऐसे माहौल में सुलभ का यह प्रोजेक्ट दरभंगावासियों के लिए सौगात साबित होगा। इस अवसर पर विधायक संजय सरावगी ने कहा कि सुलभ की यह परियोजना दरभंगा के लोगों को राहत देने में कामयाब होगी। इस समारोह में सुलभ इंटरनेशनल की तरफ से डॉक्टर पाठक ने समाज सेवा कर रहे रोटी बैंक, फेसबुक के जरिये 1000 लोगों को रक्त दिलाने वाली जीवन रक्षक, रविवार के दिन तालाबों की सफाई करने वाले युवाओं के संगठन स्वामी विवेकानंद मंच, लावारिस शवों की अन्येष्ठि करने वाली संस्था कबीर अंत्येष्टि सेवा संस्था और वाई सी मेहता संस्था को डॉक्टर पाठक ने दो-दो लाख रुपए और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।