Dbg

19.07.2018 (दरभंगा) : बहादुरपुर प्रखण्ड के सिमरा नेहालपुर पंचायत में बिहार सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम के तहत हर घर नल का जल एवं पक्की गली-नाली योजना का निरीक्षण जिला पदाधिकारी, दरभंगा डॉo चन्द्रशेखर सिंह के द्वारा किया गया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढ़ंग से पूरा किये जाने का सख्त निदेश दिया। हर घर नल का जल योजना के तहत बिछाई जाने वाली पाईप को जमीन के तीन फीट अन्दर रखने का निदेश दिया, ताकि ऊपरी किसी भी तरह के परिचालन से पाईप को क्षति नहीं पहुँचे।

हर घर नल का जल योजना के अन्तर्गत लगने वाले मोटर, पाईप एवं नल की गुणवत्ता उत्कृष्ट कोटि का हो, इसका विशेष ध्यान रखने का सख्त निदेश दिया। निरीक्षणोपरान्त जिला पदाधिकारी ने लोक संवाद कार्यक्रम में भी भाग लिया। कार्यक्रम में संबंधित पंचायत के जनप्रतिनिधिगण एवं आमजनों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उपस्थित पंचायत के लोगों ने पंचायत की आम समस्याओं को जिला पदाधिकारी के सामने रखा। जिला पदाधिकारी ने अपने सम्बोधन में सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम में अन्तर्गत चल रही योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। शौचालय निर्माण की आवश्यकता भी लोगों को बतायी। लोक संवाद में पंचायत के निवासियों के द्वारा उठायी गई सभी समस्याओं का समाधान भी ससमय करने का आश्वासन दिया। इसके लिए उपस्थित संबंधित पदाधिकारीगण को त्वरित कार्रवाई करने का निदेश दिया।

उक्त कार्यक्रम में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, अनुमण्डल पदाधिकारी सदर एवं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी बहादुरपुर व अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।