12.04.2017 (पटना) : मुख्य सचिव बिहार व पुलिस महानिदेशक बिहार द्वारा उच्च स्तरीय बैठक के क्रम में दिए गए निदेश के आलोक में जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल द्वारा गाँधी सेतु के बराबर में बने पीपा पुल का निरिक्षण एवं प्रस्तावित जीर्णोद्धार कार्य की समीक्षा की गयी। समीक्षा के उपरांत जिलाधिकारी द्वारा कुछ उपरोक्त निर्णय लिए गए।
(1) दिनांक 13.04.17 के अपराह्न 02:00 बजे से लगातार 24 घंटे पीपा पुल पर तथा गाँधी सेतु पर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत यातायात परिचालन के लिए ट्रायल रन होगा।
(2) गाँधी सेतु के पाया नंबर 01 से 08 तक मरम्मति के दौरान एक लेन बंद रहेगा, तथा दूसरी लेन से ही दोनों तरफ के यातायात का परिचालन होगा।
(3) पीपा पुल पर सुबह 06:00 बजे से संध्या 04:30 बजे तक हाजीपुर से पटना की ओर एवं अपराह्न 04:30 बजे से सुबह 06:00 बजे तक पटना से हाजीपुर की ओर यातायात का परिचालन होगा।
(4) पीपा पुल के परिचालन हेतु रौशनी की व्यवस्था को और सुढृढ़ करने का पुल निर्माण निगम को निदेश दिया गया है।
(5) पीपा पुल के तकनीक कर्मियों को हमेशा भ्रमणशील रहते हुए निगरानी करने का निदेश दिया गया।
(6) गंगा नदी के बीच में बने टापू पर जॉय राइडिंग के उद्देश्य से जाने वाले व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
(7) निगरानी रखने हेतु अस्थायी पुलिस कैंप खोलने का निदेश दिया गया है।
(8) 24 घंटे ट्रायल रन के उपरान्त यातायात के दबाब बिंदुओं के सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक, यातायात को निगरानी रखने का निदेश दिया गया है।
(9) ट्रायल रन के उपरांत 24 घंटे पीपा पुल को यातायात के लिए खुला रखने पर निर्णय लिया जायेगा ताकि गाँधी सेतु की अपेक्षित मरम्मति का कार्य शीघ्र प्रारम्भ किया जा सके।
(10) जिलाधिकारी द्वारा गाँधी सेतु के मरम्मति के लिए चयनित एजेंसी से भी विस्तृत विचार विमर्श किया गया।
(11) पथ निर्माण विभाग के अभियंताओं को ट्रायल रन की अवधि में सभी पहलुओं पर सूक्ष्तम एवं गहन निगरानी रखने का निदेश दिया गया ताकि 24 घंटे यातायात परिचालन पूर्ण रूप से चालू करने के पूर्व पीपा पुल अथवा उसके संपर्क पथ पर किसी तरह की सुधार की अपेक्षा हो तो उसे अतिशीघ्र कराया जा सके।
(12) अनुमंडल पदाधिकारी , पटना सिटी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी , पटना सिटी को अपने व्यक्तिगत निगरानी में ट्रायल रन की अवधि में यातायात का सुगम परिचालन सुनिश्चित कराने का निदेश दिया गया।
(13) जिलाधिकारी , वैशाली एवं पुलिस अधीक्षक , वैशाली से भी अनुरोध किया गया है की वे वैशाली की ओर से पटना जिला के पदाधिकारियों से समन्वय करते हुए यातायात का सुगम परिचालन सुनिश्चित करवाएं।
जिलाधिकरी संजय कुमार अग्रवाल द्वारा और भी कई निदेश दिए गए।
उक्त बैठक एवं निरिक्षण के क्रम में जिलाधिकारी, वैशाली , नगर पुलिस अधीक्षक , पटना , पुलिस अधीक्षक, यातायात पटना , पुलिस अधीक्षक , वैशाली सहित दोनों जिला के वरीय पदाधिकारीगण एवं कार्यकारी एजेंसी के पदाधिकारी व कर्मीगण उपस्थित थे।