September 06, 2018

05.09.2018 (दरभंगा) : राजद के नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री मो. अली अशरफ फातमी ने आगामी चुनाव को लेकर तैयारी जोर-शोर से शुरू कर दी है। जिला कार्यकारिणी के बैठक के बाद खाजासराय स्थित अपने आवास पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा की आगामी चुनाव को लेकर पार्टी के कार्यकारिणी और प्रखंड अध्यक्षों की मीटिंग हुई है। जिसमे बूथ कमिटी को फिनिशिंग टच दिया जा रहा है। उन्होंने कहा की हर प्रखंड में सभी प्रकोष्ठ के पदाधिकारी बनाये जायेंगे। पंचायत के अध्यक्षों की नियुक्ति हो, इसलिए हर प्रखंड के लिए सीनियर लीडर में से एक-एक को प्रभारी बनाया गया है। शहर व ग्रामीण क्षेत्र को मिलाकर कुल 20 जगह की कमिटी बनाई जाएगी। इस कमिटी का काम होगा लोकसभा चुनाव और असेंबली चुनाव दोनों की तैयारी बेहतर ढंग से करना। मो. अली अशरफ फातमी ने कहा की 07 अक्टूबर को प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जायेगा, जो की बहेड़ी प्रखंड के कटवासा गाँव के हाई स्कूल पर होगा। उन्होंने बताया की इस प्रशिक्षण शिविर में दो सेशन होगा, जिसमे पहले ये बताया जायेगा की पार्टी में पंचायत स्तर से लेकर गाँव तक तथा बूथ स्तर की तैयारी कैसी होनी चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षण शिविर के दूसरे सेशन के बारे में बताया की लोकसभा चुनाव जीतने के बाद केंद्र सरकार व राज्य सरकार ने क्या-क्या वादे किये और क्या पूरा हुआ, क्या बचा हुआ है, इस विषय पर गंभीरतापूर्वक समीक्षा होगी। उन्होंने बताया की अगर निकट समय में भी चुनाव होता है तो इसके लिए भी हमलोग लोग पूरी तैयारी में जुटे हैं। आगामी चुनाव में महागठबंधन के उमीदवार के बारे में मीडिया द्वारा पूछे जाने पर उन्होंने बताया की इसका फैसला पार्टी करेगी। उन्होंने बताया की उनके द्वारा पार्टी से निवेदन किया गया है की दरभंगा से चार सीटों पर चुनाव जरूर लड़ेंगे। उन्होंने मीडिया को बताया की जो लोग एयरपोर्ट की बात करते हैं उनसे ये पुछा जाए की अभी तक जमीन अधिग्रहण का कार्य पूरा नहीं हुआ तो कैसे एयरपोर्ट जल्द शुरू हो जायेगा। उन्होंने बताया की वो चाहते हैं की दरभंगा में नेशनल ही नहीं इंटरनेशनल एयरपोर्ट बने, ताकि जो लोग विदशों में रहते हैं उनके लिए सुविधा हो, तथा हज की सुविधा के लिए जो लोग गया जाते हैं, अगर यहाँ इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन जायेगा तो यही से लोग जाया करेंगे। शहर के विकास पर उन्होंने चिंता जाहिर करते हुए कहा की जरा सा बारिश हो जाये तो शहर के कई इलाके जलमग्न हो जाते हैं। उन्होंने कहा की एक दोनार के पास नाला निर्माण के लिए शिलान्यास हुआ था, लेकिन अभी तक बन नहीं पाया। मीडिया द्वारा आरक्षण के सम्बन्ध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा की समाज में जो वाकई गरीब लोग हैं जिनको आवयकता है उनको सरकार द्वारा ज्यादा से ज्यादा सुविधा जरूर मिलना चाहिए, चाहे वो कोई भी हों।
September 02, 2018

01.09.2018 (दरभंगा) : दुर्लभ पांडुलिपि, पुस्तक एवं दस्तावेज के संरक्षण के लिए इस यूनिवर्सिटी में महाराज कामेश्वर सिंह सामाजिक विज्ञान संस्थान एवं शोध पुस्तकालय के अन्तर्गत पांडुलिपि संरक्षण केंद्र एवं पांडुलिपि संसाधन केंद्र की स्थापना के निमित्त राष्ट्रीय पांडुलिपि मिशन, नई दिल्ली के साथ संधि पत्र पर हस्ताक्षर कर एल.एन.एम.यू ने बड़ा कदम उठाया। इस उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेते हुए राष्ट्रीय पांडुलिपि मिशन के निदेशक डॉ० प्रतापानन्द झा ने मिथिला विश्वविद्यालय की इस महती कार्य के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने पांडुलिपि संरक्षण के साथ साथ पांडुलिपि प्रकाशन में भी सहयोग का आश्वासन दिया। विशिष्ट अतिथि संस्कृत शोध संस्थान, दरभंगा के निदेशक डॉ० देवनारायण यादव ने संस्थान में 1000 वर्ष पुराने 12500 पांडुलिपि होने की जानकारी दी। उन्होंने इस कार्य में पूर्ण सहयोग का आश्वाशन दिया।

प्रतिकुलपति प्रो० जयगोपाल ने नई जिम्मेदारी को निभाने के लिए संस्थान के निदेशक को योजनाबद्ध रूप में कार्य करने की सलाह दी तथा लक्ष्य निर्धारित कर संसाधन विकसित करने की राय दी। अपने अध्यक्षीय उद्धबोधन में कुलपति प्रो० सुरेन्द्र कुमार सिंह ने दरभंगा के महाराजा द्वारा विश्वविद्यालय को दुर्लभ पांडुलिपि एवं पुस्तक के रूप में दी गई अमूल्य धरोहर की रक्षा के लिए मिशन को योगदान के लिए साधुवाद दिया। पावर प्वाइंट के माध्यम से संतोष कुमार झा ने राष्ट्रीय पांडुलिपि मिशन के तत्वावधान में फरवरी 2018 में आयोजित पांच दिवसीय कार्यशाला से लेकर आज संधिपत्र हस्ताक्षर होने तक मिशन के अविस्मरणीय सहयोग को रेखांकित किया। कुलसचिव निशीथ कुमार राय ने मुख्य अतिथि से पांडुलिपि संरक्षण के साथ-साथ विश्वविद्यालय को राज दरभंगा से प्राप्त भव्य इमारतों की भी रक्षा में सहायता करने हेतु अनुरोध किया।
September 02, 2018

31.08.2018 (दरभंगा) : स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क रहता है और शरीर को स्वस्थ रहने में खेल सबसे बड़ा मददगार है। डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने लहेरियासराय स्थित नेहरू स्टेडियम में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के उद्घाटन के अवसर पर उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि खेल से हममें एकता एवं सहयोग की भावना का विकास होता है। इससे नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि खेल भावना के साथ इस प्रतियोगिता में भाग लें एवं राज्य स्तर पर भी अपना उच्चतम प्रदर्शन करें तथा जिले का मान बढ़ाएं। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालय से आए प्रतिभागियों ने मार्च पास्ट, मशाल दौड़ में भाग लिया। स्कूली बच्चों द्वारा देश की एकता एवं अखंडता तथा सांस्कृतिक विरासत पर आधारित मनमोहक प्रदर्शन भी किए गये। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी राकेश गुप्ता अपर समाहर्ता मो. मोबीन अली अंसारी जिला खेल पदाधिकारी समेत अन्य पदाधिकारी व काफी संख्या में खिलाड़ी एवं दर्शक उपस्थित थे।
August 31, 2018

30.08.2018 (हाजीपुर) : पूर्व मध्य रेल मुख्यालय में महिला एवं बाल सुरक्षा विषय पर आधारित एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक एल.सी. त्रिवेदी ने रेल सुरक्षा बल द्वारा महिला एवं बाल सुरक्षा के लिए किए जा रहे सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने महिला यात्री हेतु प्लेटफार्म पर महिला सहायता बुथ बनाने, महिला कोचों की अलग पहचान हेतु सामान्य कोचों से अलग रंग करने एवं महिला कोचों की खिड़कियों को जालीयुक्त करने का सुझाव दिया। महाप्रबंधक ने महिला सुरक्षा को और सुदृढ़ करने हेतु राष्ट्रीय स्तर पर एक टॉल फ्री नम्बर उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। महाप्रबंधक ने कहा कि महिला सुरक्षा के वास्तविक संचालन हेतु गठित समिति के सदस्यों को महिला यात्रियों से संवाद कर उनकी समस्या से अवगत होते हुए इसके निराकरण की दिशा में कारगर कदम उठाए जाएं। उन्होंने महिलाओं को महिला अपराध की जानकारी देते हुए इससे बचाव हेतु मदद मांगने के लिए प्रेरित किये जाने पर बल दिया। आयोजित बैठक के दौरान महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त/रेसुब/पूर्व मध्य रेल ने कहा कि महिला एवं बाल सुरक्षा की दिशा में विशेष प्रयास करते हुए रेलवे सुरक्षा बल, पूर्व मध्य रेल द्वारा "तेजस्वनी दस्ता" गठित किया गया हैं, जिसमें रेलवे सुरक्षा बल की महिला बल सदस्य द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है। महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रवीन्द्र वर्मा द्वारा बैठक में उपस्थित सभी मंडलों के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, मंडल सुरक्षा आयुक्त एवं सुरक्षा आयुक्त के साथ अपराध समीक्षा बैठक की गई, जिसमें रेल सम्पत्ति एवं रेल यात्री के निजी सम्पत्ति से सम्बंधित घटित अपराधों की समीक्षा करते हुए अपराध का उद्भेदन तथा अपराध नियंत्रण करने के सम्बंध में उपस्थित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिये गये तथा रेल सम्पत्ति से सम्बंधित लम्बित मामलों में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी कर रेल सम्पत्ति की अतिशीघ्र बरामदगी कर मामलों का समय से निस्तारण करना सुनिश्चित करें। विभिन्न मंडलों में बेहतर कार्य करने वाले बल सदस्यों का उत्साहवर्धन हेतु महानिदेशक रेलवे सुरक्षा बल, नई दिल्ली एवं मुख्यालय स्तर से प्रशंसा पत्र एवं पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।
August 30, 2018

29.08.2018 (दरभंगा) : शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से स्थाई निदान, अतिक्रमण हटाने, शहर के सौन्दर्यीकरण, फ्लाईओवर, रेल ओवर ब्रिज सहित विभिन्न विषयों पर डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं अधिकारीयों की बैठक समाहरणालय में हुई। बैठक में यह बताया गया कि दोनार के पास रेलवे गुमटी नंबर 25, म्यूजियमके पास गुमटी नंबर 26, पंडासराय के पास गुमटी नंबर 21, दरभंगा मोहम्मदपुर रेल लाइन के बीच स्पेशल गुमटी नंबर 02, तथा बेला से दिल्ली मोड़ गुमटी नंबर 28 पर रेलवे एवं सरकार के बीच रेल ओवर ब्रिज बनाने की सहमति हो गई है। इसपर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि चट्टी चौक गुमटी नंबर 23 तथा कंगवा गुमटी से चुना भट्टी गुमटी नंबर 27 के पास रेलवे ओवर ब्रिज बनाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा जाए। सड़क आवागमन को और सुगम बनाने के लिए बेंता चौक, नाका नंबर 05, अललपट्टी में पारस हॉस्पिटल से होंडा एजेंसी तक, कैदराबाद चौक के पास पुराना बस स्टैंड से आजम नगर की ओर पीली मस्जिद तक, मिर्जापुर चौक मलेछ मर्दिनी मंदिर से टेस्टी स्वीट कॉर्नर तक, लोहिया चौक से राजेंद्र प्रसाद चौक तक फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा। डीएमसीएच के पास भी एक फ्लाईओवर बनेगा जिसमें दूर जाने वाले वाहन ऊपर से निकल जाएंगे एवं निकट वाले वाहन नीचे की सड़क से निकलेंगे। डबल लेन में बनने वाला यह फ्लाइओवर नाका नंबर 6 से कर्पूरी चौक तक विस्तृत होगा। बैठक में सड़क के चौड़ीकरण एवं अतिक्रमण हटाने पर भी विचार विमर्श किया गया। दरभंगा एवं लहेरियासराय में टावर के पास बने गोलंबर के सौंदर्यीकरण व सुदृढ़ीकरण कराने का भी निर्देश डीएम ने नगर आयुक्त को दिया। शहर में जहां-जहां खराब डिवाइडर है उसे हटाकर वहां मजबूत डिवाइडर बनवाने एवं उसमे ऊंचे जाली लगवाने का भी निर्देश दिया गया। ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक ट्रॉली को उपलब्ध रखने का भी निर्देश दिया गया। डीएम ने यातायात थाना के प्रभारी तथा अन्य थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि बस एवं टेंपो निर्धारित पड़ाव स्थल पर ही लगे इसे सुनिश्चित करावे। आने वाले समय में शहर के विस्तारीकरण एवं उसके अनुरूप आवागमन की समुचित व्यवस्था एवं शहर के सौन्दर्यीकरण पर भी चर्चा की गई एवं विभिन्न प्रस्तावों पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में डीएम ने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता से कहा कि फ्लाईओवर निर्माण के लिए तकनीकी रूप से प्रस्ताव बनाकर एक सप्ताह में उपलब्ध करावें जिससे कि उसे सरकार के पास भेजा जा सके। पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया कि पीएचईडी के पाइप बिछाने के क्रम में जहां-जहां रोड को काटा गया है या जहां-जहां पीएचडी का पाइप लीकेज है उसे जल्दी मरम्मत कर दें। उक्त महत्वपूर्ण बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार, नगर आयुक्त नागेंद्र सिंह, सहायक समाहर्ता विवेक रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी राकेश गुप्ता, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, यातायात प्रभारी, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, चेंबर ऑफ कॉमर्स सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं प्रबुद्ध व्यक्ति शामिल थे।