April 12, 2021

10.04.2021 (दरभंगा) : दरभंगा हवाई अड्डा के विकास एवं विस्तार को लेकर सीएम नीतीश कुमार ने उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में मंत्री जल संसाधन विभाग, बिहार एवं सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग, बिहार संजय कुमार झा, सीएम के प्रधान सचिव दीपक कुमार, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के उच्चाधिकारी तथा दरभंगा से डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम., वन प्रमण्डल पदाधिकारी, दरभंगा चंचल प्रकाशम्, दरभंगा हवाई अड्डा के निदेशक बिपलब कुमार मंडल, उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता ऑनलाईन उपस्थित थे। बैठक में हवाई अड्डा की सुरक्षा, भूमि अधिग्रहण एवं हवाई सेवा विस्तार पर चर्चा हुयी। सीएम नितीश कुमार ने दरभंगा हवाई अड्डा की चाहरदीवारी की ऊँचाई बढ़ाने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि हवाई अड्डा के नामकरण के लिए बिहार सरकार प्रस्ताव पारित करा कर केन्द्रीय विमानन मंत्रालय को भेज चुकी है। भूमि अधिग्रहण तथा हवाई अड्डा के विस्तारिकरण के पूर्व प्रस्तावित डिजाईन एवं कार्य योजना पर रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार एवं भारतीय वायु सेना से सहमति ले लेने का निर्देश उन्होंने दिया। उन्होंने कहा कि दरभंगा से हवाई जहाज की संख्या बढ़ायी जानी चाहिए। बैठक में उपस्थित मंत्री संजय झा ने कहा कि दरभंगा में यात्रियों की संख्या काफी है। हवाई अड्डा को काफी अच्छा रेस्पॉन्स मिल रहा है। वर्तमान में एक ही एयर लाईन्स सेवा दे रही है। अन्य एयर लाईन्स को भी आमंत्रित किया जाना चाहिए। बैठक में डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने बताया कि मांग के अनुसार 54 एकड़ भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव दिया गया है।
April 12, 2021

10.04.2021 (दरभंगा) : मुख्य सचिव, बिहार द्वारा कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम को लेकर जारी गाइडलाइन एवं प्रोटोकॉल का अनुपालन कराने को लेकर डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम व एसएसपी बाबूराम की संयुक्त अध्यक्षता में सभी अधिकारियों/सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ अंबेडकर सभागार में बैठक की गयी। डीएम ने सरकार द्वारा कोरोना को लेकर जारी आदेश से सभी अधिकारियों को अवगत कराते हुए कहा कि सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन 30 अप्रैल 2021 तक लागू रहेगा। जारी गाइडलाइन के अनुसार दरभंगा जिला के सभी दुकानें, प्रतिष्ठान संध्या 7:00 बजे तक ही खुलेंगें। भोजनालय, ढाबा, रेस्टोरेंट, होटल पर उक्त रोक लागू नहीं होगी।
दुकानों/प्रतिष्ठानों का संचालन निम्नलिखित शर्तों के साथ किया जाएगा। ◆ दुकानों/प्रतिष्ठानों में सभी के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा। ◆ दुकानों/प्रतिष्ठानों के काउंटर पर दुकानदार/कर्मियों एवं आगंतुकों के उपयोग हेतु सैनिटाइजर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाएगी। ◆ दुकान एवं प्रतिष्ठान परिसर में सोशल डिस्टेंसिंग मानकों (02 गज की दूरी) का पालन किया जाएगा, जिसके लिए सफेद वृत चिन्हित किए जाएंगे। ● रेस्टोरेंट, ढाबा, भोजनालय निर्धारित बैठने की क्षमता के 50% उपयोग करेंगे। होम डिलीवरी तथा टेक अवे सर्विस का संचालन अनुमान्य होगा। ● सभी सिनेमा हॉल बैठने के निर्धारित क्षमता के 50% का उपयोग करेंगे। ● सभी पार्कों एवं उद्यानों में मास्क का उपयोग तथा कोविड बचाव के अनुकूल व्यवहार करना अनिवार्य होगा। ● सभी धार्मिक स्थल आम जनों के लिए बंद रहेंगे। ● सरकारी कार्यालयों में प्रभारी पदाधिकारी या समकक्ष तथा उनसे वरीय अधिकारी शत-प्रतिशत एवं उनके कनीय अधिनस्थ पर्यवेक्षक/कर्मचारी प्रतिदिन बारी-बारी से 33% उपस्थित रहेंगे। आवश्यक सेवा यथा- पुलिस, फायर बिग्रेड, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, दूरसंचार, डाक इत्यादि से संबंधित विभाग विभागों पर ये शर्तें लागू नहीं होगी। ● सरकारी कार्यालयों में समान्य आगंतुकों के प्रवेश पर रोक रहेगी। ● प्राइवेट कार्यालय एवं संस्थाओं के व्यवसायिक/ गैर-व्यवसायिक कार्यालयों को 33% कर्मियों के साथ खोलने की अनुमति होगी। औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर यह बंधेज लागू नहीं होगा। ● सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार के आयोजनों - सरकारी एवं निजी पर रोक रहेगी। ● अंतिम संस्कार के लिए 50 तथा श्राद्ध एवं विवाह के लिए 200 व्यक्ति की अधिसीमा रहेगी। ● पब्लिक ट्रांसपोर्ट में निर्धारित बैठने की क्षमता के 50% के उपयोग की अनुमति रहेगी। उपयुक्त आदेश का उल्लंघन करते हुए पाये जाने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 51-60 एवं भा.द.वि की धारा 188 के प्रावधानों के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने वरीय उप समाहर्त्ता राहुल कुमार को डी.पी.एम जिला स्वास्थ्य समिति से समन्वय स्थापित कर होम आइसोलेशन वाले लोगों पर सतत निगरानी एवं अनुश्रवण करने का निर्देश दिया। अपर समाहर्त्ता (राजस्व) विभूति रंजन चौधरी को कंटेनमेंट जोन की निगरानी एवं अनुश्रवण करने तथा उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया को मास्क चेकिंग अभियान लगातार जारी रखने हेतु अनुश्रवण करने का निर्देश दिया। सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष को 7:00 बजे के बाद दुकानों एवं प्रतिष्ठानों का भ्रमण कर गाइडलाइन के अनुसार 7:00 बजे के उपरांत बंद होने की निगरानी करने का निर्देश दिया गया। कहा गया कि यदि किसी दुकान/प्रतिष्ठान द्वारा आदेश का उल्लंघन किया जाता है, तो संबंधित दुकान/प्रतिष्ठान के मालिक/प्रबंधक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाये।
एसएसपी बाबू राम ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना के संक्रमण के रोकथाम के लिए सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का शत प्रतिशत अनुपालन कराना अनिवार्य है, इसलिए लगातार दुकानों/प्रतिष्ठानों एवं वाहनों में मास्क चेकिंग की जाये। उन्होंने कहा कि अनुमंडल एवं थाना स्तर पर बैठक कर धार्मिक संगठनों तथा पूजा समितियों को सरकार के आदेश से अवगत करा दिया जाए कि आमजनों के लिए धार्मिक स्थल प्रतिबंधित किया गया है। उन्होंने सभी थानाध्यक्ष को कहा कि सवारी गाड़ियों की भी चेकिंग की जाए और जांच सुनिश्चित की जाए कि 50% से अधिक सवारी, गाड़ी में न बैठे।
April 09, 2021
09.04.2021 (दरभंगा) : सांसद गोपाल जी ठाकुर ने दरभंगा में बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर प्रशासनिक स्वीकृति दिए जाने हेतु बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन से दूरभाष पर बात कर आग्रह किया। आज उन्होंने बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमोटेड (बीएसआरडीसीएल) और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड (बीआरपीएनएनएल) के कार्यपालक अभियंता से दूरभाष पर बात की। उन्होंने कहा कि दस में से नौ आर.ओ.बी का प्राक्कलन तैयार है, निर्माण कार्य को प्रारंभ करने हेतु विभागीय अंतिम प्रशासनिक स्वीकृति दी जानी हैं। उन्होंने कहा की दरभंगा के सभी नौ रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण लगभग 635 करोड़ की लागत से होगा। दरभंगा लहेरियासराय के बीच फाटक संख्या 21 चट्टी गुमती, 25 दोनार गुमती, लहेरियासराय थलवारा के बीच फाटक संख्या 18 पंडासराय गुमती, दरभंगा काकरघाटी के बीच फाटक संख्या 28 कंगवा गुमती, काकरघाटी तारसराय के बीच फाटक संख्या 32 बिजुली गुमती, फाटक संख्या 39 सकरी यार्ड, दरभंगा मोहम्मदपुर के बीच फाटक संख्या 1 बेला गुमती, 2 दिल्ली मोड़, 10 कमतौल का प्राक्कलन तैयार है।
सांसद ने कहा कि 25 दोनार गुमती और 10 कमतौल गुमती का निर्माण बीएसआरडीसीएल द्वारा होना है तथा बाकी बचे सभी 8 आरओबी का निर्माण बीआरपीएनएनएल द्वारा होना है और इन सभी 8 आरओबी में से 7 का प्राक्कलन तैयार है। उन्होंने कहा की 26 म्यूजियम गुमती में तकनीकी कारणों से जीएडी अनुमोदित नहीं हो सका है, इस सप्ताह में म्यूजियम गुमती का भी जीएडी अनुमोदित हो जाएगा। श्री ठाकुर ने कहा कि लगभग 71 करोड़ की लागत से गुमती संख्या 21, 56 करोड़ की लागत से गुमती संख्या 39, 50 करोड़ की लागत से गुमती संख्या 32, 110 करोड़ की लागत से गुमती संख्या 1 प्लस 28 (बेला और कंगवा), 54 करोड़ की लागत से गुमती संख्या 18, 187 करोड़ की लागत से गुमती संख्या 25 और 52 करोड़ की लागत से गुमती संख्या 10 का निर्माण होगा। सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में दरभंगा सहित समस्त मिथिला का सर्वांगीण विकास हो रहा है।
April 09, 2021

08.04.2021 (दरभंगा) : डीएम डा. त्यागराजन एस. एम ने समाहरणालय स्थित सभागार में कोरोना को लेकर प्रेस वार्ता कर सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन से अवगत कराया तथा लोगों से गाइडलाइन का अनुपालन करने की अपील की। उन्होंने कहा की कई राज्यों में पुनः कोविड-19 (कोरोना) के संक्रमण के फैलाव को देखते हुए बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन सजग है। वैसे राज्य जहाँ कोरोना के संक्रमण का पुनः तेजी से फैलाव हो रहा है, वहाँ से आने वाले यात्रियों पर नजर रखी जा रही है। बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में महाराष्ट्र से आने वाले सभी यात्रियों का एंटीजन टेस्ट कराया जा रहा है। दरभंगा हवाई अड्डा पर जाँच जारी है।
दरभंगा रेलवे स्टेशन पर 09 अप्रैल से महाराष्ट्र से आने वाले सभी यात्रियों का कोविड-19 का एंटीजन टेस्ट कराया जाएगा। इसके लिए आज दरभंगा रेलवे स्टेशन पर संबंधित सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रणनिति बनायी गयी है। इसका उद्देश्य कोरोना के संक्रमण के फैलाव को रोकना है। कोरोना पॉजिटिव वालों को सुझाव एवं दवा देकर उन्हें गृह पृथकवास (होम आइसोलेशन) कराया जाएगा तथा उन पर स्थानीय प्रशासन द्वारा लगातार नजर रखी जाएगी। साथ ही वैसे लोगों का सर्वें कराकर कोरोना की जाँच की जा रही है। वहाँ माइक्रो कंटेनमेन्ट जोन बनाया जा रहा है। इसके लिए रेलवे स्टेशन पर विशेष व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही जिले के प्रमुख स्थलों, सब्जी मंडी, मार्केट, कम्पलैक्स, रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड पर मास्क चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें अभी तक कुल 2,628 व्यक्तियों से जूर्माना वसूल की गयी है। साथ ही सभी सवारी वाहनों के लिए 50 प्रतिशत् सीटों पर भी यात्रियों का बैठाने का निर्देश जारी किया गया है और इसका अनुपालन भी कराया जा रहा है। इसके साथ ही वाहनों में मास्क चेकिंग की जा रही है।
बिना मास्क के पाये जाने वाले वाहनों पर एम.भी. एक्ट (मोटर वाहन अधिनियम) के तहत भी सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत जुर्माना किया जा रहा है। डीएम श्री त्यागराजन ने कहा की सरकार द्वारा जारी निर्देश के आलोक में किसी भी शादी समारोह में ढाई सौ से अधिक व्यक्ति शामिल नहीं होंगे तथा श्राद्ध कर्म में 50 से अधिक व्यक्ति शामिल नहीं होंगे। सार्वजनिक स्थलों पर अन्य कोई भी कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा। 30 अप्रैल तक के लिए यह निर्देश जारी है। उन्होंने प्रेस वार्ता में कोरोना सैम्पल टेस्टिंग, कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग, मासिक सैंपल जाँच पॉजिटिभिटी दर, टीकाकरण की उपलब्धि आदि सम्बंधित जानकारी को विस्तृत रूप से बताया। उन्होंने कहा की दरभंगा जिला में कुल 599577 सैम्पल जाँच करायी गयी, जिसमें 4162 पॉजिटिव केस मिले तथा 0.69 प्रतिशत् पॉजिटिभिटी दर रहा एवं जिला में कोविड-19 के लिए कुल 800 बेडों की व्यवस्था की गई है।
April 09, 2021

08.04.2021 (दरभंगा) : बिहार सरकार के निर्देशानुसार महाराष्ट्र से आने वाले यात्रियों के (कोविड-19) कोरोना की जाँच को लेकर दरभंगा रेलवे स्टेशन के सभागार में डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम व एसएसपी बाबूराम के संयुक्त अध्यक्षता में जिला प्रशासन , स्वास्थ्य विभाग एवं रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि महाराष्ट्र से आने वाली सभी ट्रेनों के वैसे यात्री जो सीधे महाराष्ट्र से आ रहे हैं, उनका (कोविड-19) एंटीजन टेस्ट कराया जाएगा। मुम्बई व पुणे से एक ट्रेन शुक्रवार की सुबह, एक ट्रेन सोमवार की सुबह एवं पवन एक्सप्रेस 12:30 बजे रात्रि में आती है। डीएम ने कहा कि महाराष्ट्र को छोड़कर बीच के स्टेशन पर चढ़ने वाले यात्रियों की जांच नहीं की जाएगी। इसके लिए चार-चार कोच पर एक जांच काउंटर बनाने के निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया तथा स्टेशन परिसर पर रस्सी की बैरेकेटिंग कराने के निर्देश नजारत उप समाहर्ता को दिया गया।
आरपीएफ के इंस्पेक्टर बृजेश कुमार से समन्वय स्थापित कर बेरिकेटिंग कराने के निर्देश वरीय उप समाहर्ता प्रभारी जिला नजारत संस्कार रंजन को दिए गए। अनुमंडल पदाधिकारी सदर राकेश कुमार गुप्ता को स्टेशन के दोनों निकास द्वार पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करने के निर्देश दिए गए। जिला परिवहन पदाधिकारी कुमार रवि को गाड़ी की मुकम्मल व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। जांच में पॉजिटिव पाए जाने वाले लोगों को उनकी इच्छा के अनुसार होम आइसोलेशन या जिला आइसोलेशन केंद्र में रखा जाएगा। बैठक में उपस्थित स्टेशन मास्टर अशोक कुमार सिंह एवं स्टेशन डायरेक्टर पुष्कर कुमार ने बताया कि महाराष्ट्र से आने वाली ट्रेनों में दरभंगा उतरने वाले यात्रियों की संख्या पांच सौ से छः सौ के करीब रहती है। डीएम एवं एसएसपी ने अधिकारियों के साथ स्टेशन परिसर का भ्रमण कर कोरोना जांच काउंटर के लिए उचित स्थल हेतु भ्रमण किया तथा यात्रियों को बैठाने के लिए मिथिला भवन एवं प्लेटफार्म नंबर एक का चयन किया गया।