September 23, 2021

22.09.2021 (दरभंगा) : सांसद गोपाल जी ठाकुर ने दरभंगा संसदीय क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर डीएम के साथ समीक्षात्मक बैठक की। सांसद ने दरभंगा एयरपोर्ट, एम्स, कचरा प्लांट, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, आरओबी निर्माण, केंद्रीय विद्यालय, रिंग रोड निर्माण, हाई कोर्ट बेंच स्थापना, खेलो इंडिया के तहत खेल मैदान निर्माण, मखाना अनुसंधान केंद्र को पुनः राष्ट्रीय दर्जा देने सहित कई विषयों पर चर्चा किया। सांसद ने दरभंगा एयरपोर्ट के विस्तार हेतु 78 एकड़ जमीन अधिग्रहण व हस्तांतरण की प्रक्रिया को जल्द पूर्ण करने तथा एयरपोर्ट संबंधित अन्य समस्याओं का जल्द समाधान करने हेतु विभागीय स्तर पर कार्य तेज करने को कहा। वहीं श्री ठाकुर ने दरभंगा एम्स निर्माण के प्रस्तावित स्थल पर जल्द मिट्टीकरण, जमीन का सीमांकरन एवं जमीन हस्तांतरण प्रक्रिया को जल्द पूरा करने को कहा ताकि जल्द शिलान्यास हो सके। उन्होंने कहा कि दरभंगा एम्स के शिलान्यास हेतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर निमंत्रण भी दे चुके है।
नवनिर्मित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में जल्द ओपीडी की सेवा शुरू हो इसके लिए जिला प्रशासन अपने स्तर से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आम लोगों को इस सेवा का लाभ मिल सके। दरभंगा के सभी आरओबी के जल्द निर्माण हेतु प्रशासनिक स्तर कारवाई तेज करने को कहा ताकि इसका अविलंब निर्माण कार्य शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि शहर में जाम की समस्या काफी गंभीर है। इसका जल्द समाधान हो इसके लिए वह रेलवे एवं बिहार सरकार के अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं। सांसद श्री ठाकुर ने केंद्र सरकार के योजना अंतर्गत बनने वाले कचरा निस्तारण प्लांट का जल्द निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ करने के दिशा में भी ठोस कदम उठाने को कहा। प्रस्तावित भूमि का रिपोर्ट भी विभाग को जल्द सुपुर्द किया जाय। उन्होंने डीएम से दरभंगा में दूसरे केंद्रीय विद्यालय के भवन निर्माण हेतु जल्द भूमि चिन्हित कर केंद्रीय विद्यालय संगठन को प्रस्ताव भेजने का आग्रह किया ताकि जल्द भवन निर्माण प्रारंभ हो सकें। वहीं सांसद ने दरभंगा स्थित मखाना अनुसंधान केंद्र को पुनः राष्ट्रीय दर्जा दिए जाने हेतु भी प्रस्ताव भेजने को कहा। दरभंगा के कबराघाट में अवस्थित मिथिला संस्कृत स्नातकोत्तर अध्ययन एवं शोध संस्थान का जीणोद्धार हेतु पूर्व में विभाग को भेजे गए प्रस्ताव पर पुनः स्मरण पत्र भेजने को कहा। उन्होंने कहा कि कुछ महीने पूर्व उन्होंने प्रमंडलीय आयुक्त के साथ इस संस्थान का गहन निरीक्षण किया था, जिसके उपरांत इसके जीर्णोधार हेतु विभाग को पत्र भी लिखा गया था। सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि पिछले महीने वह दरभंगा में रिंग रोड के निर्माण हेतु केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिल कर प्रस्ताव दिए थे। जिसके आलोक में विभाग द्वारा रूट चिन्हित करने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दरभंगा मिथिला का केंद्र होने के साथ साथ कमिश्नरी मुख्यालय भी है। यहां NH और NHAI का क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित हो जाने से राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्य में काफी सहूलियत होगी। इसका क्षेत्रीय कार्यालय दरभंगा में भी स्थापित हो , इसके लिए जिला प्रशासन भी अपने स्तर से उचित माध्यम द्वारा प्रस्ताव भेजने का कार्य करें।सांसद ने कहा कि दरभंगा मिथिला का केंद्र है, यहां हाई कोर्ट बेंच की स्थापना अति आवश्यक है, इसके लिए भी जिला प्रशासन नियमानुसार अपने स्तर से प्रस्ताव भेजने का कार्य सुनिश्चित करें। ताकि समस्त मिथिलावासियों को न्यायिक कार्य हेतु पटना नहीं जाना पड़े। वहीं सांसद ने खेलो इंडिया के तहत जिला में प्रस्तावित विभिन्न खेल मैदान के निर्माण हेतु भूमि चिन्हित कर रिपोर्ट विभाग को अग्रसारित करने को कहा। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन आईटी पार्क एवं तारामंडल के निर्माण कार्य में तेजी लाया जाय ताकि ससमय इसका निर्माण कार्य पूर्ण किया जा सके। दरभंगा स्थित राजकिला, श्यामा माई मंदिर एवं कुशेश्वर स्थान सहित अन्य ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण एवं जीर्णोधार कर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने हेतु विभाग एवं मंत्रालय को प्रस्ताव भेजने को कहा। उन्होंने कहा की दरभंगा के सभी विकासात्मक कार्यों एवं योजनाओं को लेकर वह काफी गंभीर है और अपने स्तर हर जगह लगें हुए है। इस बाबत वह सभी संबंधित केंद्रीय मंत्री एवं उच्च पदस्थ अधिकारियों से भी मिल चुके है।
उन्होंने कहा की जल्द ही दरभंगा का स्वरूप काफी बदला हुआ नजर आएगा। उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री जी दरभंगा के साथ साथ मिथिला के विकास के उचित विकास हेतु प्रतिबद्ध है। सांसद ने कहा कि सभी विषयों पर डीएम श्री त्यागराजन ने अविलंब कारवाई करने की बात कही है।
September 23, 2021

22.09.2021 (दरभंगा) : पंचायत चुनाव, 2021 के दौरान अभ्यर्थियों को प्रचार-प्रसार करने हेतु राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित वाहन प्रकार व संख्या के अनुसार ग्राम पंचायत के सदस्य एवं ग्राम कचहरी के पंच पद के प्रत्याशी को चुनाव प्रचार हेतु मात्र एक यांत्रिक दुपहिया वाहन, मुखिया/उप मुखिया, सरपंच एवं पंचायत समिति के सदस्य पदों के प्रत्याशी को दो यांत्रिक दुपहिया वाहन अथवा एक हल्का मोटर वाहन तथा जिला परिषद् सदस्य पद के अभ्यर्थी को अधिकतम चार दुपहिया वाहन अथवा दो हल्के मोटर वाहन अथवा दो दुपहिया वाहन तथा एक हल्का मोटर वाहन की अनुमति दी जाएगी। इन वाहनों का प्रयोग मतदान के समाप्ति समय के 48 घंटे पूर्व तक ही किया जा सकता है। मतदान तिथि के दिन मतदान की प्रक्रिया सही ढ़ंग से चल रही है तथा अपने मतदान अभिकर्त्ता को देखने के लिए जिला परिषद् सदस्य के अभ्यर्थियों को 01 हल्का मोटर वाहन सिर्फ अभ्यर्थी अथवा उनके निर्वाचन अभिकर्त्ता के लिए, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया एवं सरपंच पद के अभ्यर्थियों को चालक सहित 01 यांत्रिक दुपहिया सिर्फ अभ्यर्थी अथवा उनके निर्वाचन अभिकर्त्ता के लिए अनुमान्य किया गया है। ग्राम पंचायत सदस्य एवं पंच पद के अभ्यर्थी के लिए कोई भी यांत्रिक वाहन अनुमान्य नहीं किया गया है। मतदान तिथि के दिन अभ्यर्थी अथवा निर्वाचन अभिकर्ता में से किसी एक को ही वाहन का परमिट दिया जाएगा।
September 23, 2021

22.09.2021 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. एवं एसएसपी बाबूराम की संयुक्त अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में शहर के दुर्गा पूजा समितियों के साथ बैठक की गयी। बैठक में डीएम ने कहा कि इस वर्ष कोविड 19 से सुरक्षा व बचाव के लिए सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देश के अनुसार किसी भी कार्यक्रम के प्रत्येक आयोजन के लिए अलग-अलग अनुज्ञप्ति लेनी पड़ेगी। इस तरह पंडाल निर्माण के लिए, ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाने के लिए या अन्य सभी आयोजनों के लिए भी अलग से अनुज्ञप्ति लेनी पडे़गी। साथ ही सरकार द्वारा कोविड-19 से बचाव व सुरक्षा के लिए जारी गाइडलाइन के सभी बिन्दुओं का अनुपालन पूजा समिति को करना होगा। यथा - पंडाल के सभी लोगों को मास्क में रहना, वहाँ हैंड सेनेटाईजर का होना, सामाजिक दूरी का पालन करना शामिल है और किसी भी परिस्थिति में निर्धारित संख्या से अधिक व्यक्ति की भीड़ एकत्रित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कोविड-19 से बचाव को लेकर इस वर्ष रावण बध कार्यक्रम तथा मेला का आयोजन स्थगित रखने को कहा और उन्होंने पूजा समिति के प्रतिनिधियों को कहा कि पंडाल में जितने भी स्वंय सेवक रहेंगे, उन सबों का टीकाकरण करा दिया जाए। बैठक में एसएसपी ने कहा कि रात्रि 10ः00 बजे के बाद लाउडस्पीकर (ध्वनि विस्तारक यंत्र) का प्रयोग नहीं किया जाएगा। कोविड-19 से सुरक्षा व बचाव के लिए सरकार द्वारा जारी दिशानिर्देशों का अनुपालन कराने की जिम्मेवारी पूजा समिति की होगी। बैठक में उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, अनुमण्डल पदाधिकारी सदर स्पर्श गुप्ता, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी सदर, उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, शहरी क्षेत्र के सभी थाना के थाना प्रभारी एवं पूजा समिति के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
September 12, 2021

12.09.2021 (पटना) : आईएसबीटी के अंदर अब सभी बसों के लिए पर्याप्त जगह की व्यवस्था कर दी गई है तथा सभी बसों की पार्किंग टर्मिनल के अंदर जारी है। किंतु टर्मिनल के अंदर पार्किंग नहीं करने तथा सरकारी आदेश की अवहेलना कर सड़क पर पार्किंग करने वालों के विरुद्ध आज विशेष अभियान चलाया गया तथा कड़ी कार्रवाई की गई। सरकारी आदेश की अवहेलना कर सड़क पर पार्किंग करने वाले 12 बसों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करते हुए रुo 66500 का जुर्माना किया गया तथा वसूली की गई। बस छोड़ कर भागने पर बस को जप्त कर क्रेन से हटाया गया। डीएम ने अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था तथा जिला परिवहन पदाधिकारी को सक्रिय एवं तत्पर होकर वैसे बसों को चिन्हित करने, जुर्माना करने, परमिट रद्द करने तथा प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया है। तदनुसार अपेक्षित एवं विधि सम्मत कार्रवाई जारी है। डीएम द्वारा प्रदत्त निर्देश के आलोक में सड़क पर पार्किंग नहीं करने के लिए मायकिंग कराई गई तथा जनहित में व्यापक प्रचार प्रसार किया गया। डीएम ने जोर देकर कहा है कि मीठापुर बस स्टैंड को पूरी तरह से आईएसबीटी में शिफ्ट कर दिया गया है तथा अपेक्षाकृत बेहतर सुविधा मुहैया कराई गई है। इसलिए सभी बसों की पार्किंग एवं परिचालन आईआरसीटीसी से ही होगा। सरकारी आदेश का उल्लंघन कर सड़क पर बस लगाने वाले के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
September 12, 2021

11.09.2021 (दरभंगा) : समाहरणालय अवस्थित अम्बेडकर सभागार में बिहार सरकार के उप मुख्यमंत्री सह अतिरिक्त प्रभार वित्त व वाणिज्यकर तथा नगर विकास एवं आवास विभाग तार किशोर प्रसाद द्वारा दरभंगा जिले के राजस्व वसूली एवं नगर विकास विभाग की कार्यों की समीक्षा की गयी। वाणिज्यकर विभाग के अपर आयुक्त, वाणिज्य कर ने बताया कि वर्तमान वर्ष में अगस्त तक 4220 करोड़ रूपये की वसूली हुई है। इस प्रकार 41.9 प्रतिशत् की वृद्धि हुई है। निबंधन विभाग ने बताया कि इस वर्ष लक्ष्य के विरुद्ध 94.60 प्रतिशत् राजस्व प्राप्ति हुई है।
जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि दिये गये लक्ष्य के विरूद्ध अबतक 118.6 प्रतिशत् वसूली हुई है, 20 करोड़ रूपये का लक्ष्य निर्धारित था, अबतक 23.80 करोड़ रूपये वसूली हुई है। खनन विभाग द्वारा बताया गया कि 3 करोड़ 35 लाख रूपये की वसूली की गयी है, जो लक्ष्य का 87.84 प्रतिशत् है। राष्ट्रीय बचत पदाधिकारी ने बताया कि 6.84 करोड़ रूपये की प्राप्ति हुई हैं, जो लक्ष्य का 41 प्रतिशत् है। नगर आयुक्त, नगर निगम ने बताया कि वर्ष 2021-22 में 35 योजनाएँ पूर्ण की गयी हैं। दरभंगा बस स्टैंड के संबंध में डीएम ने बताया कि दरभंगा बस स्टैंड को नगर विकास विभाग में शामिल करने का प्रस्ताव भेजा गया है। ताकि इसका विकास किया जा सके। स्थानीय सांसद व विधायक की माँग पर बस स्टैंड को नगर विकास विभाग में शामिल करने की स्वीकृति देने, 14 करोड़ रूपये की लागत से महराजी पूल का निर्माण एवं लोक सेवा का अधिकार अधिनियम नगर निकाय क्षेत्र में भी लागू करने की सहमति उपमुख्यमंत्री ने दी। पंडासराय से कगवा गुमटी तक नाला निर्माण के संबंध में भी अग्रेतर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उप मुख्यमंत्री के आगमन के अवसर पर डीएम द्वारा पुष्पगुच्छ प्रदान कर उनका स्वागत किया गया। साथ ही बैठक में सांसद गोपाल जी ठाकुर एवं नगर विधायक संजय सरावगी द्वारा उन्हें मधुबनी पेंटिंग वाला पाग व शाल प्रदान तथा माला पहनाकर उन्हें सम्मानित किया गया।