September 12, 2021

11.09.2021 (दरभंगा) : भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं पंचायती राज मंत्रालय के माननीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा दरभंगा, समाहरणालय अवस्थित अम्बेडकर सभागार में दरभंगा जिले में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा चलायी जा रही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), जीविका, महात्मा गांधी रोजगार गारंटी स्कीम, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा बैठक की गयी। बैठक में जीविका के डी.पी.एम. ने बताया कि दरभंगा में लगभग 05 लाख जीविका दीदी हैं, जिन्हें बैंक ऋण 01 प्रतिशत् ब्याज पर उपलब्ध कराकर रोजगार सृजन करवाया जा रहा है। इसमें 06 सौ करोड़ रूपये की निधि निवेशित है। साथ ही 4.5 करोड़ रूपये का रिभलविंग फंड लगा हुआ है। मंत्री ने मखाना एवं मधुबनी पेंटिग में विशेष कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रसोई की सामाग्री यथा - मशाला, अनाज, सब्जी जीविका दीदीयों के माध्यम से उत्पाद करवाया जा सकता है।
इसकी मार्केटिंग की व्यवस्था प्रशासन के स्तर पर करनी होगी। इसमें रोजगार के असीम संभावना है। सत्तू, चुरा में अलग-अलग फ्लेवर डालकर पैकेजिंग की जा सकती है। टमाटर, केला, अदरक एवं लहसून का पाउडर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में स्वंय सहायत समूह के सदस्य की संख्या 2.35 करोड़ से बढ़ 8 क0रोड़ हो गया है और 80 हजार करोड़ रूपये की निधि को बढ़ाकर 4 लाख करोड़ रूपये कर दिया गया है। एन.पी.ए. भी 9.58 प्रतिशत् से घटकर 2.5 प्रतिशत् हो गया है। उन्होंने डी.एम.पी. (जीवका) को कहा कि जीविका दीदी के लिए इस प्रकार की योजना बनायी जाए कि वह वर्ष में कम से कम 01 लाख रूपये की आमदनी कर सके। इसके लिए उन्हें पूसा कृषि विश्वविद्यालय से भी सहयोग प्राप्त करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि फूल की खेती को भी प्रोत्साहन दिया जा सकता है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के संबंध में उप विकास आयुक्त ने बताया कि 01 लाख 99 हजार 547 आवासों की स्वीकृति अबतक प्रदान की गयी है। जिनमें से 01 लाख 49 हजार 186 आवासों का निर्माण पूर्ण कराया गया है। मिशन होली के दौरान 10 अप्रैल को 41 हजार घरों में गृह प्रवेश कार्यक्रम करवाया गया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 03 लाख 86 हजार 614 शौचालय निर्माण का लक्ष्य दिया गया था, जो लगभग पूर्ण हो चुका है। मनरेगा के तहत अप्रैल से जून तक 42 हजार 280 लोगों को जोड़ा गया है। 06 हजार नये जॉब कार्ड बनाये गये है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 367 सड़कों का निर्माण कराया गया है।
बैठक में सांसद गोपाल जी, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, अपर सचिव ग्रामीण विकास विभाग, सहायक समाहर्त्ता अभिषेक पलासिया, उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता सहित तमाम पदाधिकारीगण एवं जीविका के दीदीगण उपस्थित थे।
September 12, 2021

10.09.2021 (दरभंगा) : जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत)-सह-जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में पंचायत चुनाव की तैयारी को लेकर सभी कोषांग के वरीय/नोडल पदाधिकारी एवं सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी के साथ बैठक की गयी। बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी आलोक राज ने राज्य चुनाव आयुक्त द्वारा पंचायत चुनाव के लिए दिये आवश्यक निर्देश का स्मरण कराते हुए उसे पूर्ण कर लेने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत में किसी एक सरकारी भवन को कलस्टर बनाना है, जो उस पंचायत के सभी मतदान केन्द्रों से न्यूनतम दूरी पर हो, यानि बीच में हो।
कलस्टर पर ही सेक्टर पदाधिकारी एवं अतिरिक्त ई.वी.एम. रहेगा और किसी मतदान केन्द्र से ई.वी.एम. में खराबी की सूचना मिलने पर कलस्टर से ही नया ई.वी.एम. उस मतदान केन्द्र पर भेजा जाएगा। ई.वी.एम. कम्सिनिंग (ई.वी.एम. में मतपत्र लगाना) मतदान केन्द्र पर ही की जाएगी। इसके लिए कुशल कर्मी का चयन कर लेने का निर्देश दिया गया। साथ ही पर्याप्त संख्या में दो पहिया वाहन की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत)-सह-जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी स्थिति में ई.वी.एम. बदलने में आधे घंटे से अधिक विलम्ब नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी निर्वाची पदाधिकारी को अपने आई.टी. सेल को मजबूत कर लेने का निर्देश दिया, ताकि ऑनलाइन कार्य शीघ्र किया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केन्द्रों का 15 सितंबर तक भौतिक सत्यापन करा लिया जाए। प्रखण्ड विकास पदाधिकारी स्वयं भी मतदान केन्द्रों का सत्यापन करें। सभी मतदान केन्द्रों में बिजली का कनेक्शन करवा लेने का निर्देश दिया गया। साथ ही पर्याप्त संख्या में टेबुल की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया। क्योंकि 06 वोटिंग कंपार्टमेंट प्रत्येक मतदान केन्द्र पर बनाया जाना है। मतदान केन्द्रों पर मतदान केन्द्र संख्या, वार्ड नम्बर, पंचायत का नाम अंकित करवा लेने का निर्देश दिया गया।
प्रखण्ड एवं अनुमण्डल स्तर पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना कर लेने को कहा गया। कोविड-19 से सुरक्षा व बचाव के लिए प्रखण्ड स्तर पर कोषांग का गठन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के नेतृत्व में कर लें। मतदाता सूची का विखण्डीकरण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि मतदान कर्मी एवं पी.सी.सी.पी. का डिस्पैच प्रखण्ड मुख्यालय से ही होगा, इसकी व्यवस्था कर ली जाए। आदर्श आचार संहिता के संबंध में बताया गया कि जो योजना स्वीकृत है, जी.पी.डी.पी. में उसकी प्रविष्टि है तथा पूर्व से काम चल रहा है, उसी योजना में काम होगा। नई योजना नहीं ली जाएगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत)-सह-जिलाधिकारी ने सभी अनुमण्डल पदाधिकारी को थाना स्तर पर कैम्प कर धारा 107 के प्रस्ताव को निपटाने एवं बाउण्ड भरवाने हेतु शिविर का आयोजन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जो गंभीर प्रवृत्ति के अपराधी हैं, उन्हें चुनाव के दौरान थाना पर परेड कराया जाए तथा मतदान के दौरान थाना पर रोक कर रखा जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, अनुमण्डल पदाधिकारी सदर स्पर्श गुप्ता, अपर समाहर्त्ता (राजस्व) विभूति रंजन चौधरी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अजय कुमार, उप निदेशक जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी रवि कुमार सहित तमाम पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
September 01, 2021

01.09.2021 (दरभंगा) : प्राप्त जानकारी के अनुसार कला, सस्कृति एवं युवा विभाग तथा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण बिहार पटना के संयुक्त तत्वाधान में वार्षिक खेल कार्यक्रम 2021-22 जारी कर दी गई है। राज्य सरकार खेलकूद स्पर्धा को सभी जिलों में आयोजित कर सूदुर गामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभा को उचित मार्गदर्शन , अवसर एवं प्रोत्साहन प्रदान कर बिहार के प्रतिभाओं को राष्ट्रीय विद्यालय प्रतियोगिता खेलो इंडिया में सहभागिता दिलाई जाती है। जिला राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता की सफलता के लिए विभाग के पदाधिकारियों के साथ जिला खेल संघ, खेल प्रर्वतक, खेल विशेषज्ञों व जिला के विशिष्ट खिलाड़ियों, शारीरिक शिक्षाकों आदि की सहयोग अपेक्षित है। बिहार सरकार के अन्तर्गत कला,संस्कृति एवं युवा विभाग खेल के विकास के लिए सतत प्रयत्नशील है। इसके अंतर्गत जहाँ एक ओर राज्य में आधुनिक खेल अवसंरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है वहीं दूसरी ओर खिलाडियों के बेहतर प्रशिक्षण के माध्यम से उनके प्रर्दशन निखारने का प्रयास भी किया जा रहा है। जिला खेल पदाधिकारी, विजय कुमार पंडित ने बताया कि जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता माह दिसम्बर 2021 के प्रथम सप्ताह में प्रारंभ हो जायेगी, क्योकि राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता माह जनवरी 2022 के प्रथम सप्ताह में प्रारम्भ हो रही है। कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए सभी जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 4 से 5 दिनों के अन्दर सपन्न की जायेगी।जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता की निर्धारित तिथि के एक सप्ताह पूर्व यथा सरकारी विद्यालय, सी0 बी0 एस0 ई०, आई0 सी0 सी0 एस से मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय की क्यों न हो खेल कार्यालय में विहित प्रपत्र में निबंधन कराना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के वक्त खिलाड़ी का आधार कार्ड सलंग्न करना होगा अन्यथा पतियोगिता संभव नहीं होगी। जिला , राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता तीन आयु वर्ग अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19 बालक / बालिका की हागी। जिला राज्य स्तरीय विद्यालय खेल पतियोगिता में विभाग द्वारा खेलों की तीन सूची जारी की गई है, प्रथम-अनिवार्य खेल / द्वितीय- चिन्हित खेल तथा तृतीय- ओपेन ट्रायल खेल| जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि जिला के खिलाड़ियों / दरभंगा जिला में पदस्थापित सभी शारीरिक शिक्षकों / प्रभारी शारीरिक शिक्षकों को खिलाड़ियों के साथ खेल का अभ्यास प्रारम्भ कर देनी चाहिए ताकि दरभंगा जिला को मेडल मिल सके ।
September 01, 2021

31.08.2021 (दरभंगा) : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मधुबनी एवं दरभंगा जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया एवं दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड स्थित ग्राम अदलपुर एवं सहोरवा में बाढ़ की स्थिति का निरीक्षण किया। हरौली पंचायत स्थित असमा हेलीपैड से एन.डी.आर.एफ. की बोट से मुख्यमंत्री ने ग्राम अदलपुर, सहोरवा सहित बाढ़ के पानी से पूरी तरह जलमग्न हो चुके आस-पास के इलाकों का जायजा लिया। सड़क किनारे शरण लिए हुये बाढ़ प्रभावित लोगों को दी जा रही सुविधाओं के संबंध में भी अधिकारियों से पूरी जानकारी ली।
बाढ़ की स्थिति का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रखंड कुशेश्वर स्थान पूर्वी स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय मसानखोन में बनाये गए बाढ़ राहत शिविर का जायजा लिया। बाढ़ राहत शिविर के निरीक्षण के क्रम में बाढ़ प्रभावित गर्भवती महिलाओं का आश्रय स्थल, समुदायिक रसोई, आवासन, विद्यालय में चल रहे स्मार्ट क्लास सहित बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत शिविर में दी जा रही सुविधाओं का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत शिविर में रह रहे लोगों से सामुदायिक रसोई में मिलने वाले भोजन एवं उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के संबंध में पूरी जानकारी ली। शंकरा मॉडर्न पब्लिक स्कूल, ग्यासपुरा में जिला स्वास्थ्य समिति दरभंगा द्वारा बनाये गए कोविड-19 टीकाकरण केंद्र -सह- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने जेनरल ओ.पी.डी., नेत्र ओ.पी.डी., संचारी एवं गैर संचारी रोगों से संबंधित जांच, दवा वितरण केंद्र, पैथोलॉजिकल जांच, मातृत्व स्वास्थ्य हेतु अभिनव प्रयास सहित उपलब्ध अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मोहम्मद रब्बानी को मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक ऋण योजना के तहत 02 लाख रुपये का चेक, नजमा आफरीन को मुस्लिम परित्यक्ता/तलाकशुदा महिला सहायता योजना के तहत 25 हजार रूपये का चेक और बाढ़ प्रभावित श्रीमती ममता देवी को राहत शिविर में पुत्री पैदा होने पर 15 हजार रुपये का चेक प्रदान किया। शंकरा मॉडर्न पब्लिक स्कूल प्रबंधन द्वारा मुख्यमंत्री को पारम्परिक पाग पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। स्कूल प्रांगण में मुख्यमंत्री ने पौधारोपण भी किया।
निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ राहत शिविर में रह रहे लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इस पर विशेष रूप से ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 टीकाकरण केंद्र -सह- सामुदायिक स्वास्थ्य शिविर को लोगों के बीच प्रचारित करायें और प्रतिदिन अधिक से अधिक लोगों की कोरोना जांच करायें। निरीक्षण के पश्चात मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ को लेकर बिहार सरकार पूरी तरह से गंभीर है। हमलोग बाढ़ की स्थिति का प्रतिदिन आकलन करते हैं और विभिन्न जिलों में जाकर राहत के लिए किये जा रहे कार्यों की समीक्षा भी करते हैं। वर्ष 2007 से ही हमलोग बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत देने का काम कर रहे हैं। कई बार इन इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर चुके हैं।
उन्होंने कहा की आज हमने दरभंगा और मधुबनी के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया है। यह इलाका वर्ष में 06 महीने बाढ से प्रभावित रहता है। इसको लेकर सरकार ने योजना बनाई है। इंबैंकमेंट का काम किया जा रहा है ताकि बाढ़ का पानी यहां नहीं रहे और लोगों को राहत मिले। लोगों ने बताया है कि यहां बाढ़ राहत का काम अच्छी तरह से चल रहा है।
गौरतलब है की मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के रउता पंचायत के रउता ग्राम स्थित आवास पर स्व. शशि भूषण हजारी एवं उनकी धर्मपत्नी स्व. रेखा हजारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी एवं दिवंगत विधायक शशि भूषण हजारी के शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने श्री बाबा कुशेश्वरनाथ महादेव मंदिर, में पूजा अर्चना कर राज्य की तरक्की, सुख, शांति, समृद्धि एवं बाढ़ से लोगों को मुक्ति दिलाने के लिए कामना की। पूजा अर्चना के क्रम में मुख्यमंत्री ने कुशेश्वरनाथ महादेव मंदिर की परिक्रमा भी की।
इस अवसर पर मंत्री जल संसाधन संजय कुमार झा, उपाध्यक्ष बिहार विधानसभा महेश्वर हजारी, सचिव जल संसाधन संजीव हंस, विशेष कार्य पदाधिकारी आपदा प्रबंधन संजय कुमार अग्रवाल, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, आयुक्त दरभंगा प्रमंडल मनीष कुमार, आई.जी. दरभंगा रेंज अजिताभ कुमार, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक बाबू राम उपस्थित थे।
August 27, 2021

27.08.2021 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में कोविड-19 की जाँच एवं टीकाकरण अभियान को लेकर बैठक आयोजित की गयी। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को सम्बोधित करते हुए कहा कि कोविड-19 की जाँच के लिए जिले का लक्ष्य बढ़ा दिया गया है।
वर्तमान लक्ष्य के अनुसार प्रतिदिन 6500 से 7000 लोगों का कोविड-जाँच करनी है। पूर्व में प्रतिदिन 4500 लोगों का कोविड-जाँच की जाती थी। साथ ही की गयी कोविड-जाँच की डाटा इन्ट्री भी उसी दिन होनी चाहिए, नही तो फर्जीवारा का संदेह उत्पन्न होता है, जो असह्य होगा। उन्होंने कहा कि इस तथ्य पर सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ध्यान देंगे कि कोविड जाँच की किट्स बहुत मँहगी होती है, इसलिए एक भी किट्स कहीं बर्बाद नहीं होनी चाहिए न ही कहीं गिरा हुआ पाया जाना चाहिए। ऐसा पाये जाने पर संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोविड टीकाकरण अभियान की सफलता के लिए सितम्बर महीने में बिहार को 1.5 करोड़ डोज(टीका) प्राप्त होने वाला है। इस तरह दरभंगा जिला को 06 से 07 लाख डोज प्राप्त होगा। इसके अनुसार प्रतिदिन 20 से 23 हजार टीकाकरण करना होगा और इसके लिए अभी से कार्य योजना बना ली जाए। तीसरी लहर से बचने के लिए कोविड टीकाकरण अति महत्वपूर्ण है। प्राप्त होनेवाले टीका में 40 प्रतिशत् टीका दूसरे डोज के लिए मिलेगा। इसलिए दूसरे डोज वाले को भी कन्ट्रोल रूम से कॉल करना होगा। साथ ही आशा या जीविका को देय सूची (Due List) देनी होगी तथा द्वितीय डोज वालों के लिए अलग टीकाकरण केन्द्र भी बनाना होगा।
यद्यपि इन केन्द्रों पर प्रथम डोज के लिए कोई आ जाये तो उसे भी मना नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि सितम्बर में बाढ़ एवं चुनाव के कार्य भी होंगे, लेकिन किसी भी परिस्थिति में टीकाकरण के कार्य में रूकावट नहीं होनी चाहिए।05 सितम्बर शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी सरकारी एवं निजी शिक्षकों का शत्-प्रतिशत् टीकाकरण किया जाना है। यह राष्ट्रीय अभियान है। इसलिए सभी प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी अपने क्षेत्र के निजी स्कूलों से वार्ता कर लें। जिला स्तर पर भी निजी स्कूल के संगठन के साथ जिला शिक्षा पदाधिकारी बैठक कर लें। 05 सितम्बर को शिक्षकों के लिए अलग टीकाकरण केन्द्र बनाया जाएगा। उन टीकाकरण केन्द्रों पर अन्य व्यक्ति के आ जाने पर उसे भी टीका दिया जाएगा। इसके साथ ही हेल्थ केयर वर्कर एवं फ्रंट लाइन वर्कर का शत्-प्रतिशत् टीकाकरण करा लिया जाए। साथ ही टीकाकरण के दिन ही उनकी प्रविष्टि भी CoWin पोर्टल पर हो जानी चाहिए। सदर प्रखण्ड में कोविड टीकाकरण की बहुत सारी प्रविष्टि लंबित रहने के कारण प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं प्रखण्ड स्वास्थ्य प्रबंधक का वेतन स्थगित करते हुए कारण पृच्छा की गयी है। CoWin पोर्टल पर प्रविष्टि को अद्यतन करने के लिए अतिरिक्त कम्प्यूटर ऑपरेटरों की व्यवस्था 451 रूपये दैनिक मानेदय की दर पर करने का निर्देश डी.पी.एम. (हेल्थ) को दिया गया और ऑपरेटरों को प्रत्येक प्रखण्ड की आवश्यकतानुसार प्रखण्डों को उपलब्ध करने को कहा गया है। द्वितीय डोज का टीका लेने के लिए 40 लाभुकों को प्रोत्साहित करने हेतु 200 रूपये प्रेरक को प्रोत्साहन राशि प्रदान किया जाएगा।
डीएम ने प्रेरक के लिए जीविका दीदी को रखने का निर्देश दिए। कोविड-19 के मृतकों के आश्रितों को मुआवजा राशि के भुगतान की समीक्षा में बताया गया कि जिले के 125 मृतकों के आश्रितों को मुआवजा राशि प्रदान किया जा चुका है। डीएम ने सदर, बहादुरपुर, हायाघाट, बेनीपुर एवं जाले प्रखण्ड के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को अंचलाधिकारी के साथ बैठकर शेष मृतकों के आश्रितों को चिन्ह्ति करते हुए शीघ्र ही मुआवजा राशि का भुगतान करा देने के निर्देश दिये। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिन प्रखण्डों में कोविड मृतकों के ज्यादातर आश्रितों का अनुदान भुगतान लंबित है उनमें सदर प्रखण्ड के 38, बहादुरपुर प्रखण्ड के 24, एवं हायाघाट प्रखण्ड के 07, जाले प्रखण्ड के 06, बेनीपुर प्रखण्ड के 04 तथा तारडीह प्रखण्ड के 02, कोविड मृतक के आश्रितों का भुगतान लंबित है। बैठक में बताया गया कि जिले में प्रत्येक चौथे शनिवार को टीकाकरण के साथ-साथ स्वास्थ्य कैम्प का भी आयोजन टीकाकरण केन्द्र पर किया जाना है। इसलिए इसकी भी व्यवस्था कर ली जाए।