November 05, 2021

05.11.2021 (दरभंगा) : समाहरणालय स्थित सभागार में डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम व एसएसपी बाबू राम की अध्यक्षता में छठ पर्व को शांति पूर्वक एवं सुरक्षित ढंग से मनाने हेतु जिले के सभी अंचलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के साथ संयुक्त रूप से बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी अंचलाधिकारी को सभी छठ घाटों का निरीक्षण कर बैरिकेडिंग/ रस्सी लगाने तथा गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति हेतु निर्देशित किया गया। प्रमुख छठ घाट एवं भीड़-भाड़ वाले जगहों पर नाव उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छठ घाटों पर कोविड टीकाकरण किए गए व्यक्तियों को ही जाने की अनुमति रहेगी। डीएम द्वारा निर्देशित किया गया कि सरकार के निर्देशानुसार बिना टीकाकरण कराए हुए कोई भी व्यक्ति छठ घाटों पर प्रवेश नहीं करेंगे, इसके लिए संबंधित अंचलाधिकारी एवं थाना सभी आयोजकों को भी सूचित करेंगे। शराब/ जहरीली शराब पूर्णतः प्रतिबंधित करने के संदर्भ में छापेमारी के लिए सभी पुलिस पदाधिकारी को निर्देशित किया गया। शराब माफिया के बड़े कारोबारी की सूची जिला को तत्काल भेजने एवं थाना के नोटिस बोर्ड पर भी चिपकाने का निर्देश दिया गया। बैठक के अंत में टीकाकरण के संबंध में भी सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी एवं सिविल सर्जन को लक्ष्य के अनुरूप प्रतिदिन टीकाकरण की गति को बढ़ाने का निर्देश दिया गया। आगामी 07 नवंबर को मेगा टीकाकरण अभियान को पूरी मुस्तैदी के साथ पूरा करने का निर्देश दिया गया। उक्त बैठक में नगर आयुक्त मनेश कुमार मीणा, नगर पुलिस अधीक्षक अशोक प्रसाद सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी स्पर्श गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, उत्पाद अधीक्षक ओम प्रकाश, जिला आपदा पदाधिकारी सत्यम सहाय, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार मिश्र डीपीएम हेल्थ डॉ. विशाल कुमार एवं संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
November 05, 2021

05.11.2021 (दरभंगा) : दरभंगा चित्रगुप्त सभा, दरभंगा के तत्वावधान में आयोजित 108 वां चार- दिवसीय चित्रगुप्त पूजनोत्सव का उद्घाटन आज सभा के संरक्षक श्री नारायण मेडिकल हॉस्पिटल, सहरसा के अधीक्षक सह दरभंगा मेडिकल कॉलेज के पूर्व अधीक्षक व जाने-माने चिकित्सक डॉ राज रंजन प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सभा के अध्यक्ष पत्रकार पुनीत कुमार सिन्हा, उपाध्यक्ष सुजीत मल्लिक, प्रधान सचिव सह कोषाध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा, संयुक्त सचिव डॉ मनीष कुमार, कार्यकारिणी सदस्य पांडेय रितेश सहाय, पूर्व प्रधान सचिव निर्मल कुमार सिन्हा, पूर्व प्रधान सचिव मनोज कुमार श्रीवास्तव सहित सभा के कई पदाधिकारीगण, कार्यकारिणी के सदस्यगगण, पार्षदगण एवं कई चित्रांश उपस्थित थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले 107 वर्षों से दरभंगा चित्रगुप्त सभा दरभंगा के द्वारा चित्रगुप्त भवन (क्रेज डॉल्बी सिनेमा हॉल) में भगवान चित्रगुप्त की चार- दिवसीय पूजा अर्चना की जाती रही है। इसी क्रम में इस बार 108 वें वर्ष में भी भगवान चित्रगुप्त जी की पूजा-अर्चना धूमधाम से की जा रही है। इस संदर्भ में जानकारी देते हुए सभा के अध्यक्ष पत्रकार पुनीत कुमार सिन्हा ने बताया कि इस चार- दिवसीय पूजा महोत्सव कार्यक्रम के तहत शनिवार 6 नवंबर, 2021 को भगवान चित्रगुप्त की पूजा- अर्चना की जाएगी। उसके बाद प्रसाद वितरण, शाम में भगवान की संध्या आरती किया जाएगा।
November 05, 2021

05.11.2021 (पटना) : डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर कोविड टीकाकरण सह टेस्टिंग सेंटर का फीता काटकर उद्घाटन किया। यह केंद्र वस्तुतः 24 घंटे कार्य करेगी तथा पालीवार कर्मियों की तैनाती की गई है। टेस्टिंग एवं टीकाकरण की प्रक्रिया को वर्तमान में स्वैच्छिक रखा गया है। इस केंद्र की स्थापना से हवाई अड्डा पर आने जाने वाले यात्रियों को सुविधा होगी तथा वे आसानी से इसका लाभ उठा सकते हैं। इस कार्यक्रम में अपर समाहर्ता जनरल विनायक मिश्रा केयर इंडिया के टीम लीडर मानसून मोहंती सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कोविड-19 वैक्सीनेशन की गति को तेज करने तथा शत-प्रतिशत लोगों को टीकाकरण से आच्छादित करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा लक्की ड्रा का सुनहरा मौका प्रदान किया गया है। इसके तहत प्रतिभागी 8 नवंबर से 26 नवंबर के बीच कोविड-19 से बचाव हेतु वैक्सिनेशन का दूसरा डोज लेकर लकी ड्रा से लाभान्वित हो सकते हैं। 28 नवंबर 2021 को लक्की ड्रा खोले जाएंगे। (पुरस्कार)- फर्स्ट प्राइज के रूप में बजाज पल्सर बाइक /होंडा एक्टिव। सेकेंड प्राइज के रूप में 32 इंच का एलइडी टीवी। थर्ड प्राइज के रूप में मोबाइल फोन। सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रेशर कुकर है। उन्होंने कहा की जो भी व्यक्ति अभी तक सेकेंड डोज का टीका नहीं लिए हैं वे अविलंब अपने निकटतम केंद्र पर टीका ले तथा लकी ड्रा का योग्य प्रतिभागी बनकर लाभ उठायें। प्रक्रिया- प्रत्येक योग्य प्रतिभागी को कोविन/ आरोग्य सेतु एप को डाउनलोड करना है तथा अपने को निबंधित करना है। लकी ड्रा से लाभान्वित होने के लिए 26 नवंबर 2021 से पूर्व कोविड-19 का दूसरा टीका अवश्य ले लें। प्रतिभागी को अर्हता तिथि 8 नवंबर 2021 को 18 वर्ष होना चाहिए।अधिकृत कोविड वैक्सीनेशन केंद्र के माध्यम से लकी ड्रॉ हेतु अपना नाम पता मोबाइल नंबर रजिस्टर करें। वैध पहचान पत्र के रूप में पासपोर्ट/ आधार /पैन/ वोटर आईडी कार्ड/ ड्राइविंग लाइसेंस इत्यादि है।
November 05, 2021

05.11.2021 (पटना) : डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह द्वारा छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर सुबह 6:30 बजे से दानापुर अनुमंडल के नासरीगंज घाट, नारियल घाट, पीपा पुल घाट, एसडीओ घाट, शेरपुर एवं हल्दी छपरा इत्यादि घाटों का निरीक्षण किया गया तथा अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा मिशन मोड में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया। उंजोंए कहा की व्रतियों एवं श्रद्धालु भक्तों की सुविधा एवं सुरक्षा हेतु घाटो के निरीक्षण का कार्य लगातार जारी है तथा आगे भी अभी सतत रूप से जारी रहेगा। मनेर के हल्दी छपरा घाट पर पानी अधिक तथा जल का प्रवाह तेज है। डीएम ने जल संसाधन विभाग की टीम को अंचलाधिकारी एवं पूजा समिति के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर हल्दी छपरा के पूरे घाट की वास्तविक स्थिति का पता लगाने तथा सुरक्षित /असुरक्षित भाग को चिन्हित करने का निर्देश दिया ताकि असुरक्षित भाग को खतरनाक घोषित कर लाल कपड़ा एवं खतरनाक घाट का साइनेज लगाया जा सके एवं सुरक्षित घाट पर ही अर्घ्य देने की व्यवस्था की जा सके। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने घाटों तक आने जाने वाले रास्तों को चौड़ा रखने, लेवलिंग करने, पानी छिड़कने तथा आवश्यकतानुसार बालू डालने का निर्देश दिया ताकि पवित्रता के इस महान पर्व पर श्रद्धालु भक्तों के घाटों तक आने जाने वाले रास्ते को स्वच्छ, सुगम एवं सुरक्षित बनाया जा सके। इसके अतिरिक्त रास्ते की साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। वाहन से आनेजाने वाले व्रतियों एवं श्रद्धालु भक्तों के लिए घाटों के आसपास पार्किंग जोन बनाने, पैदल व्रतियों के घाट तक निर्बाध आवागमन हेतु ड्रॉप गेट लगाने तथा जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया। घाटों का समतलीकरण करने तथा घाट पर आने जाने वाले मार्ग को बाधित करने वाले अवांछित सामग्री को अलग करने को कहा । प्रत्येक घाट पर प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट द्वारा घाट की स्थिति तथा वहां तक आने जाने वाले रास्ते के बारे में दी गई। जल संसाधन विभाग की टीम को नदी के जलस्तर एवं जल के प्रवाह की लगातार निगरानी करने तथा प्रतिवेदित करने का निर्देश दिया गया ताकि जल स्तर के अनुरूप घाट पर अन्य तैयारी कराई जा सके। निरिक्षण के क्रम में अपर समाहर्ता राजस्व राजीव श्रीवास्तव, अपर समाहर्ता आपदा संतोष कुमार झा, अपर नगर आयुक्त श्रीमती शीला ईरानी सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
November 03, 2021

01.11.2021 (दरभंगा) : कोविड-19 से बचाव और सुरक्षा को लेकर चलाया जा रहा टीकाकरण कार्यक्रम को लेकर बाबा साहेब डॉ0 भीमराव अंबेडकर सभागार में डीएम डॉ त्यागराजन एस एम की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम श्री त्यागराजन ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को सर्वे में छुटे हुए लोगों को फर्स्ट डोज का टीका लगवाने के लिए एएनएम वार लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश दिया तथा अगले 3 दिनों में सभी छूटे हुए लोगों को प्रथम रोज का टीका लगवाना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि छठ घाट पर जो लोग आएंगे उन सबों का टीकाकरण जरूरी है। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को संयुक्त रूप से छठ पूजा आयोजन समितियों के साथ बैठक कर इसे सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रमुख छठ घाटों पर आने के लिए कोविड टीकाकरण जरूरी है। पानी से घिरे केवटगामा, गोलमा और तिलकेश्वर जैसे क्षेत्र में टीकाकरण दल को रात्रि विश्राम कर सभी छूटे हुए लोगों का टीकाकरण करके ही लौटने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी अगले 2 दिनों के टीकाकरण का कार्ययोजना बना लें तथा टीकाकरण केंद्र वार लक्ष्य निर्धारित करें और छूटे हुए लोगों का टीकाकरण कराना सुनिश्चित करें। प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे से टीकाकरण केंद्र चालू हो जाए इसे प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सुनिश्चित करें। चल रहे टीकाकरण कार्य की समीक्षा क्रम में पाया गया कि बिरौल की एएनएम नेहा कुमारी एवं कुशेश्वरस्थान की एएनएम किरण कुमारी कार्य मे काफी लापरवाही बरत रही है। जिसके लिए उन्हें निलंबित कर दिया गया है साथ ही कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर जाले के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी का वेतन स्थगित करते हुए स्पष्टीकरण की मांग की गई है। समीक्षा के दौरान केवटी, मनीगाछी, बहादुरपुर, जाले, कुशेश्वरस्थान पूर्वी एवं कुशेश्वरस्थान पश्चिमी प्रखंड की प्रगति संतोषजनक नहीं पायी गयी। अगले दो दिनों में उन्हें टीकाकरण कार्य में सुधार लाने की सख्त चेतावनी दी गयी है।
बैठक में उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, सहायक समाहर्ता अभिषेक पलासिया,सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार, डीपीएम विशाल कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ अमरेंद्र कुमार मिश्र, जिला कल्याण पदाधिकारी हरेंद्र प्रसाद, डीपीएम जीविका मुकेश कुमार तिवारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी समेकित बाल विकास योजनाएं डॉ रश्मि वर्मा, यूनिसेफ के डॉ0 ओंकार चंद्र व शशी कांत सिंह, डब्ल्यूएचओ के डॉ0 वासव कुमार सहित तमाम पदाधिकारी उपस्थित थे।