November 03, 2021

01.11.2021 (दरभंगा) : कोविड-19 से बचाव और सुरक्षा को लेकर चलाया जा रहा टीकाकरण कार्यक्रम को लेकर बाबा साहेब डॉ0 भीमराव अंबेडकर सभागार में डीएम डॉ त्यागराजन एस एम की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम श्री त्यागराजन ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को सर्वे में छुटे हुए लोगों को फर्स्ट डोज का टीका लगवाने के लिए एएनएम वार लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश दिया तथा अगले 3 दिनों में सभी छूटे हुए लोगों को प्रथम रोज का टीका लगवाना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि छठ घाट पर जो लोग आएंगे उन सबों का टीकाकरण जरूरी है। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को संयुक्त रूप से छठ पूजा आयोजन समितियों के साथ बैठक कर इसे सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रमुख छठ घाटों पर आने के लिए कोविड टीकाकरण जरूरी है। पानी से घिरे केवटगामा, गोलमा और तिलकेश्वर जैसे क्षेत्र में टीकाकरण दल को रात्रि विश्राम कर सभी छूटे हुए लोगों का टीकाकरण करके ही लौटने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी अगले 2 दिनों के टीकाकरण का कार्ययोजना बना लें तथा टीकाकरण केंद्र वार लक्ष्य निर्धारित करें और छूटे हुए लोगों का टीकाकरण कराना सुनिश्चित करें। प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे से टीकाकरण केंद्र चालू हो जाए इसे प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सुनिश्चित करें। चल रहे टीकाकरण कार्य की समीक्षा क्रम में पाया गया कि बिरौल की एएनएम नेहा कुमारी एवं कुशेश्वरस्थान की एएनएम किरण कुमारी कार्य मे काफी लापरवाही बरत रही है। जिसके लिए उन्हें निलंबित कर दिया गया है साथ ही कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर जाले के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी का वेतन स्थगित करते हुए स्पष्टीकरण की मांग की गई है। समीक्षा के दौरान केवटी, मनीगाछी, बहादुरपुर, जाले, कुशेश्वरस्थान पूर्वी एवं कुशेश्वरस्थान पश्चिमी प्रखंड की प्रगति संतोषजनक नहीं पायी गयी। अगले दो दिनों में उन्हें टीकाकरण कार्य में सुधार लाने की सख्त चेतावनी दी गयी है।
बैठक में उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, सहायक समाहर्ता अभिषेक पलासिया,सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार, डीपीएम विशाल कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ अमरेंद्र कुमार मिश्र, जिला कल्याण पदाधिकारी हरेंद्र प्रसाद, डीपीएम जीविका मुकेश कुमार तिवारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी समेकित बाल विकास योजनाएं डॉ रश्मि वर्मा, यूनिसेफ के डॉ0 ओंकार चंद्र व शशी कांत सिंह, डब्ल्यूएचओ के डॉ0 वासव कुमार सहित तमाम पदाधिकारी उपस्थित थे।