December 14, 2021
14.12.2021 (दरभंगा) : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा के सचिव जावेद आलम ने बताया कि लोगों को विधिक सेवा प्राधिकार के अन्तर्गत दी जाने वाली कानूनी सुविधा एवं विभिन्न प्रावधानों एवं योजनाओं की जानकारी देने हेतु ग्रामीण क्षेत्रों में 02 जनवरी 2022 के पूर्वाह्न 11:00 बजे से विधिक जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 02 जनवरी 2022 (रविवार) को बिरौल प्रखण्ड के पोखराम दक्षिणी पंचायत भवन में पैनल वकील श्रीमती सुधा रानी एवं पारा विधिक स्वयं सेवक देव नारायण यादव द्वारा, 08 जनवरी 2022 (द्वितीय शनिवार) को अनुमण्डलीय कारागृह, बेनीपुर में पैनल वकील श्रीमती मीरा कुमारी एवं पारा विधिक स्वयं सेवक रेखा कुमारी द्वारा, 09 जनवरी 2022 (रविवार) को कुशेश्वरस्थान प्रखण्ड के गोठानी पंचायत में पैनल वकील उमेश प्रसाद यादव एवं पारा विधिक स्वयं सेवक लालू कुमार रॉय द्वारा, 16 जनवरी 2022 (रविवार) को घनश्यामपुर प्रखण्ड के कोर्थू पश्चिमी पंचायत में पैनल वकील शंकरजी झा एवं पारा विधिक स्वयं सेवक ओम प्रकाश द्वारा, 23 जनवरी 2022 (रविवार) को गौड़ाबौराम प्रखण्ड के कसरौड़ करकौली पंचायत में पैनल वकील बाबू साहेब सिंह एवं पारा विधिक स्वयं सेवक अभिलाष कुमार चौधरी द्वारा, 30 जनवरी 2022 (रविवार) को कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखण्ड के केवटगामा पंचायत में पैनल वकील शम्भूकांत मुखिया एवं पारा विधिक स्वयं सेवक रामबली रॉय द्वारा, 06 फरवरी 2022 (रविवार) को गौड़ाबौराम प्रखण्ड के आसी पंचायत में पैनल वकील नूर अली खान एवं पारा विधिक स्वयं सेवक तबरेज़ आलम द्वारा, 12 फरवरी 2022 (द्वितीय शनिवार) को घनश्यामपुर प्रखण्ड के पाली पंचायत में पैनल वकील गजनफर अली खान एवं पारा विधिक स्वयं सेवक तलत जहां द्वारा, 13 फरवरी 2022 (रविवार) को कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखण्ड के भिण्डुआ पंचायत में पैनल वकील उत्तम चौपाल एवं पारा विधिक स्वयं सेवक मो. वाझूल कमर द्वारा, 20 फरवरी 2022 (रविवार) को गौड़ाबौराम प्रखण्ड के कसरौड़ बेलवाड़ा पंचायत में पैनल वकील अवधेश कुमार कर्ण एवं पारा विधिक स्वयं सेवक विकास कुमार कांति द्वारा, 27 फरवरी 2022 (रविवार) को घनश्यामपुर प्रखण्ड के कोर्थू पूर्वी पंचायत में पैनल वकील देव कुमार चौधरी एवं पारा विधिक स्वयं सेवक राम कुमार झा द्वारा, 06 मार्च 2022 (रविवार) को गौड़ाबौराम प्रखण्ड के कन्हाई पंचायत में पैनल वकील शोभाकांत सिंह एवं पारा विधिक स्वयं सेवक संजय कुमार द्वारा, 12 मार्च 2022 (द्वितीय शनिवार) को कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखण्ड के कुशेश्वरस्थान दक्षिणी पंचायत में पैनल वकील रीना कुमारी एवं पारा विधिक स्वयं सेवक गुड्डू चौपाल द्वारा, 13 मार्च 2022 (रविवार) को बिरौल प्रखण्ड के परड़ी पंचायत में पैनल वकील बाबू साहेब सिंह एवं पारा विधिक स्वयं सेवक राघव कुमार ठाकुर द्वारा, 20 मार्च 2022 (रविवार) को बिरौल प्रखण्ड के साहो पंचायत में पैनल वकील नूर अली खान एवं पारा विधिक स्वयं सेवक इम्तियाज अहमद खान द्वारा एवं 27 मार्च 2022 (रविवार) को बिरौल प्रखण्ड के इटवा शिवनगर पंचायत में पैनल वकील शोभा कांत सिंह एवं पारा विधिक स्वयं सेवक पप्पू राम द्वारा द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
जागरूकता कार्यक्रम में मुख्यतः बिहार पीड़ित मुआवजा योजना, 2014, गोद लेने की विधि और प्रक्रिया, मौलिक कर्तव्य एवं पास्को एक्ट, पूर्व संस्था मध्यस्थता और वाणिज्य विवाद में समझौता, मध्यस्थता और फ्रंट ऑफिस, चिल्ड्रेन एवं जे.जे. एक्ट, सौदेबाजी के लिए दलील, वरिष्ठ नागरिक, विधि एवं गोद लेने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी, मानसिक रूप से बीमार या दिव्यांग व्यक्ति को विधिक सेवा की जानकारी, प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन सेक्सुअल ऑफन्सेस एक्ट, 2012, मध्यस्थता प्रक्रिया और एडीआर व्यवस्था के लिए चलाए जाने वाले मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम के संबंध में जागरूक करना, नालसा स्कीम, 2015, लोक अदालत एवं ए.डी.आर. सिस्टम, भीड़ द्वारा हिंसा एवं मार-पीट से संबंधित कानून की जानकारी, मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्तव्य, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार योजना संबंध पर विधिक सेवा शिविर के बारे में जानकारी, गर्भधारण पूर्व और प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम, 1994 (पी.सी. एण्ड पी.एन.डी.टी. एक्ट), जुवेनाइल जस्टिस एक्ट, 2015 एंड पी.सी. एण्ड पी.एन.डी.टी. एक्ट इत्यादि से संबंधित जानकारी दी जाएगी।
December 14, 2021

14.12.2021 (दरभंगा) : बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, (BWJU) दरभंगा के सदस्यों की बैठक मंगलवार को यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती निवेदिता झा की अध्यक्षता में, कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के परिसर में आयोजित की गयी। बैठक में सदस्यों ने मीडिया से सम्बन्धित कार्य के निष्पादन के दौरान की सुरक्षा, मीडिया हाउस से किए जाने वाले कम भुगतान, स्वास्थ्य एवं मीडिया कर्मियों के बच्चों की शिक्षा में आने वाली कठिनाइयों को लेकर अध्यक्ष के साथ बैठक में चर्चा हुई। अध्यक्ष निवेदिता झा ने आश्वासन दिया और कहा कि वह जल्द ही इस संबंध में राज्य के मुख्यमंत्री नितीश कुमार व शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी से एक शिष्टमंडल के रूप में भेंटकर इस संबंध में ज्ञापन सौंपेंगी। उन्होंने कहा कि विभिन्न विषयों के मद्देनज़र जल्द ही पटना में एक राज्य स्तरीय व्यापक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितो के साथ संगठन हरवक्त खड़ा रहा है। पत्रकार सुरक्षा राष्ट्रीय स्तर का मामला है इस को लेकर संगठन पहले से सरकार को कानून बनाने की मांग करता रहा है। उक्त बैठक में राज्य कार्यकारिणी सदस्य सीटू तिवारी ने कहा कि मधुबनी के मारे गए पत्रकार बुद्धिनाथ झा उर्फ आशुतोष के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर भी सरकार को ज्ञापन सौपा जाएगा। बैठक में संगठन के जिला महासचिव शशि मोहन भारद्वाज, सुनील कुमार मिश्रा, विजय कुमार श्रीवास्तव, सज्जाद अहमद ख़ान, प्रवीण कुमार चौधरी, दीपक कुमार झा, मनोज कुमार दास, विशाल कुमार, राकेश कुमार, मनोज कुमार, राजू सिंह, अभय राज, मुशारिफ़ अहमद, राम लखन झा आदि सदस्य मौजूद थे।
December 14, 2021

14.12.2021 (दरभंगा) : विश्वविद्यालय संगीत एवं नाट्य विभाग , ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के प्रेक्षागृह / प्रांगण में अंगिका लोक पर्व सह मिथिला लोक पर्व का आगाज हुआ। सांस्कृतिक संस्था "हुंकार", साहेबपुर कमाल, बेगूसराय एवं विश्वविद्यालय संगीत एवं नाट्य विभाग, दरभंगा द्वारा आयोजित "अंगिका लोक पर्व ' सह मिथिला लोक पर्व के प्रथम दिन मंजूषा चित्रकला का प्रशिक्षण अश्विन आनंद नौगछिया, भागलपुर के द्वारा दिया गया साथ ही मिथिला चित्रकला का प्रशिक्षण के दर्शन कुमार एवं जया कुमारी के द्वारा दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यशाला में लगभग 160 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया एवं मंजूषा चित्रकला तथा मिथिला चित्रकला की शैली गत विशेषताओं एवं बारीकियों को सीखा। कार्यक्रम का उद्घाटन कुलपति द्वारा किया गया। विभागाध्यक्ष प्रो0 पुष्पम नारायण ने स्वागत भाषण में कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महत्ता पर प्रकाश डाला। दीप प्रज्वलन के साथ नृत्य मंजरी, दरभंगा के कलाकारों द्वारा विद्यापति रचित जय-जय भैरवी गीत पर भाव नृत्य प्रस्तुत किया।
नृत्य प्रस्तुति के पश्चात मुख्य अतिथि एवं उद्घाटनकर्ता ने अपने उद्बोधन में कार्यक्रम की सफलता की शुभकामनाओं के साथ हुंकार एवं विभाग को धन्यवाद ज्ञापित किया। विभाग के छात्रों एवं नृत्य मंजरी के कलाकारों ने लोक गीत एवं लोक नृत्य में सोहर, जर-जटिन, झूमर, सामा- चकेवा, कजरी सहित विभिन्न कला रूपों की प्रस्तुति कर समा बांध दिया। संध्या 6:30 बजे से लोकनाट्य "बहुरा गोढ़ीन" की प्रस्तुति प्रतिभा लोक कला रंगमंच बेगूसराय के कलाकारों के द्वारा किया गया जो कि देर रात तक चलता रहा। दर्शक मंत्रमुग्ध हो कार्यक्रम का आनंद लेते रहे। मंच संचालन अखिलेश कुमार झा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन विभाग के शोध छात्र हरिशंकर गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में दी स्पोर्ट लाइट थिएटर के कलाकारों के साथ सागर कुमार सिंह, राजा रौशन कुमार, पंकज कुमार आदि का सक्रिय सहयोग रहा। यह दो दिवसीय कार्यक्रम संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रायोजित है। भारत सरकार का सांस्कृतिक मंत्रालय लोक कला को आगे बढ़ाने हेतु हमेशा ऐसे कार्यक्रमों को प्रायोजित करती है। इस कार्यक्रम में विभागीय शिक्षक डॉ वेद प्रकाश, डॉ सुनील ठाकुर, हेमेंद्र लाभ, सुधीर कुमार आदि उपस्थित रहे।
December 14, 2021

02.12.2021 (दरभंगा) : आयुक्त, दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा, मनीष कुमार की अध्यक्षता में दरभंगा शहर को बढ़ती सड़क जाम की समस्या से छुटकारा दिलाने एवं ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक की गयी। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक मिथिला, क्षेत्र दरभंगा अजिताभ कुमार उपस्थित थे तथा डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम एवं एसएसपी बाबूराम एनआईसी से ऑनलाइन शामिल थे। बैठक में आयुक्त ने दरभंगा शहर में बढ़ती सड़क जाम की समस्या को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए अपने विचार व्यक्त किये। उपस्थित पदाधिकारियों से विमर्श करने के उपरांत उन्होंने जिला प्रशासन को शहर के बड़े दुकानदारों व मॉल के प्रबंधक/प्रोपराइटरों के साथ बैठक करके उनकी दुकान/प्रतिष्ठान/मॉल के सामने के अतिक्रमण के कारण सड़क जाम की समस्या का समाधान निकालने हेतु तथा मॉल में वाहनों की पार्किंग के लिए बड़े बड़े बेसमेंट बनवाने के लिए उनसे वार्ता कर जाम की समस्या का स्थायी निराकरण कराने को कहा। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े चौक चौराहे जहाँ खासकर प्रायः सड़क जाम की समस्या रहती है, उन स्थलों को चिन्हित करते हुए वहाँ ट्रैफिक की व्यवस्था दुरुस्त करने हेतु कार्य योजना बनायी जाए एवं उसे अमलीजामा पहनाया जाए ताकि स्थाई रूप से सड़क जाम की समस्या का निराकरण हो सके। उन्होंने कहा कि शहर में जहाँ भी सड़क पर अतिक्रमण है, वहाँ अतिक्रमण को हटवाया जाये, ताकि सड़क जाम की समस्या से लोगों को निजात मिल सके। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों को दरभंगा शहर को सड़क जाम की समस्या से निजात दिलाने हेतु व्यापक कार्य-योजना बनाकर और उसे क्रियान्वित करने का निर्देश दिया। बैठक में आयुक्त के सचिव देवेन्द्र प्रसाद तिवारी, जिला परिवहन पदाधिकारी रवि कुमार, यातायात डीएसपी एवं सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
December 14, 2021

27.11.2021 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में दरभंगा नगर निगम की सड़कों, नालों तथा अतिक्रमण को लेकर नगर विधायक संजय सरावगी, महापौर श्रीमती बैजंती देवी खेड़िया, नगर आयुक्त मनेश कुमार मीणा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर स्पर्श गुप्ता, अंचलाधिकारी बहादुरपुर, अंचलाधिकारी सदर एवं नगर निगम के अभियंतागण के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि दरभंगा नगर निगम क्षेत्र की 15 सड़कों को पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरण करने का प्रस्ताव भेजा गया है, विभागीय स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत ही पथ निर्माण विभाग द्वारा इन सड़कों पर कार्य किया जा सकेगा। बैठक में उपस्थित नगर विधायक ने कहा कि जिन सड़कों का निर्माण अति आवश्यक है उन्हें वरीयता क्रम में ऊपर रखा जाए ताकि उनका निर्माण पहले हो सके। उन्होंने बताया कि कर्पूरी चौक से सैदनगर होते हुए एकमी तक कराए जा रहे नाला निर्माण में लेवल का संधारण आवश्यक है। बीच में लेवल नीचा रहने पर पानी के निकास में कठिनाई होगी। उन्होंने कहा की अल्लपट्टी से गंगासागर होते हुए रह्मगंज तक पथ निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण कराया जा रहा है। बीच में मंदिर और मारवाड़ी कॉलेज का चाहरदीवारी है, जो सड़क में 12 से 13 फीट तक पड़ता है उसे तोड़वा कर बनवाया जाए। मंदिर के पूजा समिति से इस संबंध में उनकी वार्ता हो चुकी है। बैठक में वुडको के सहायक अभियंता ने बताया कि नाला निर्माण में लेवल का ध्यान रखा जा रहा है इस नाले का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। डीएम ने अंचलाधिकारी सदर को मंगलवार तक जमीन की मापी करवा लेने का आदेश दिया। बैठक में बताया गया कि पुअर होम से राजकुमारगंज तक की सड़क का डीपीआर बनकर स्वीकृत हो चुका है और संविदा की प्रक्रिया में है।
नगर विधायक ने कहां की टिनही पुल सड़क निर्माण में काफी विलंब हो रहा है कार्यपालक अभियंता वुडको इसपर संवेदनशील नहीं है, उन्होंने उन्हें हटवाने की अनुशंसा की। बैठक में बताया गया कि कर्पूरी चौक से लहेरियासराय होते हुए सैदनगर तक नाला जीर्णोद्धार कार्य में 6.5 करोड़ रुपये लगेंगे तथा यह संविदा की प्रक्रिया में है। नगर विधायक ने बताया कि शहर में लगभग 10 वार्डों के 12 हजार घरों तक पाइप बिछाकर पानी का कनेक्शन दिया गया है, लेकिन अभी तक पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। पीएचईडी द्वारा पाईप बिछाया गया है जबकि जलापूर्ति वुडको द्वारा किया जाना है। डीएम श्री त्यागराजन ने वुडको के सहायक अभियंता को शीघ्र जलापूर्ति करने का निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि बहादुरपुर में हाउसिंग बोर्ड से चट्टी चौक होते हुए कमला मंडप तक के सड़कों पर अतिक्रमण है। सदर अंचल में कंगवा गुमती से गौशाघाट तक अतिक्रमण है। लहेरियासराय गुमती के समीप 24 अतिक्रमण कारी की जमीन की जमाबंदी रद्द करने का प्रस्ताव अपर समाहर्ता को भेजा गया है। अतिक्रमण के कारण प्रायः जाम की समस्या रहती है। डीएम ने दोनों अंचलाधिकारी को अपने क्षेत्र के अतिक्रमण को हटाने तथा लहेरियासराय के अतिक्रमणकारियों की जमाबंदी शीघ्र रद्द करने हेतु अपर समाहर्ता को निर्देशित किया। बैठक में यह भी बताया गया कि वार्ड नंबर-17 में रेलवे लाइन के किनारे खेसरा नंबर-300 हवेली दरभंगा, सरकारी जमीन है, जिसकी जमाबंदी करा ली गयी है। डीएम ने अंचलाधिकारी सदर को जमाबंदी रद्द करने का निर्देश दिया। बैठक में उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता एवं संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।