December 31, 2021

31.12.2021 (दरभंगा) : समाहरणालय स्थित सभागार में कोविड-19 टीकाकरण अभियान को लेकर उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी। बैठक में सिविल सर्जन डॉक्टर अनिल कुमार सिन्हा, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ अमरेंद्र कुमार मिश्र, डीपीएम हेल्थ, डीपीएम जीविका एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे। वहीं सभी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, स्वास्थ्य प्रबंधक गण भी ऑनलाइन उपस्थित थे। बैठक में शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार द्वारा सभी जिलाधिकारी, सभी सिविल सर्जन एवं सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी को जारी पत्र के आलोक में 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग (जिनका जन्म 2007 एवं इससे पूर्व) के किशोर एवं किशोरियों के लिए 03 जनवरी 2022 से कोविड-19 टीकाकरण अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। बैठक में जारी पत्र के आलोक में बताया गया कि किशोर एवं किशोरियों को केवल कोवैक्सीन (covaxin) की दो खुराक 28 दिनों के अंतराल पर दी जाएगी। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को अपने अपने प्रखंड में इसकी तैयारी के लिए कार्य योजना बना लेने का निर्देश दिया गया। पत्र के आलोक में उन्हें वैसे विद्यालयों में टीका सत्र का आयोजन करवाने एवं इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करवाने का भी निर्देश दिया गया है। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय स्तर पर एक शिक्षक को नोडल नामित करने का निर्देश दिया गया है।
December 31, 2021

27.12.2021 (दरभंगा) : बिहार विधान सभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों का उनके समक्ष सौजन्यता प्रदर्शन एवं जन प्रतिनिधियों के विशेषाधिकार की रक्षा एवं सामाज में संवैधानिक कर्तव्य के प्रति जागरूकता को लेकर, दरभंगा, समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेदकर सभागार में जिले के सांसद एवं विधायकगण के साथ जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक बाबू राम, उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया सहित जिले के जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की गयी।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि उत्पाद विभाग द्वारा 1499 शराब बन्दी अभियान के तहत कांड दर्ज कराए गए हैं, जिनमें 1245 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि जिले में वर्ष 2020 की तुलना में ज्यादा मामले दर्ज किये गये है और ज्यादा गिरफ्तारी भी हुई है। वर्ष 2020 में जहाँ 1288 मामले शराब बन्दी अभियान के तहत दर्ज कराए गए थे एवं 1567 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी, 20 हजार 802 लीटर देशी शराब एवं 75 हजार 876 लीटर विदेशी शराब जप्त किये गये थे। वहीं वर्ष 2021 में 1569 मामले दर्ज कराए गए है, 2003 लोगों की गिरफ्तारियाँ हुई, 28 हजार 115 लीटर देशी शराब एवं 01 लाख 46 हजार लीटर विदेशी शराब जप्त किये गये। शराब बरामदगी वाले स्थलों की गाँववार सूची बनायी गयी है तथा शराब माफिया का नाम संबंधित थाने की दीवार पर लिखवाया गया है। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने के लिए 15 चौकीदार पर कार्रवाई की गयी है, 04 को निलंबित किया गया है, 04 के विरूद्ध विभागीय कार्रवाई चल रही है, 04 दरोगा के विरूद्ध निलंबन की कार्रवाई की गयी है, 01 को बर्खाश्त किया गया है तथा 01 को 10 साल के लिए थाना प्रभारी बनने पर रोक लगायी गयी है। जिले में बाल विवाह की शिकायत नगण्य बताया गया।
अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा द्वारा जन प्रतिनिधियों के विशेषाधिकार का सम्मान करने तथा जिले एवं क्षेत्र के पदाधिकारियों द्वारा उनके समक्ष सौजन्यता प्रदर्शित करने के प्रॉटोकॉल का पालन सुनिश्चित करवाने हेतु जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक को अपने अधीनस्थ अधिकारियों को प्रशिक्षित व निदेशित करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व के जितने भी माननीय विधायक, चाहे वे वर्तमान में विधायक नही भी हैं, उनके प्रति प्रॉटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया जाए। उनके विशेषाधिकारों की रक्षा माननीय विधानसभा अध्यक्ष को ही सुनिश्चित करवाना है। उन्होंने कहा कि वैसे गाँव, जो पूर्णतः नशामुक्त एवं अपराध मुक्त हो, उनकी सूची उपलब्ध करायी जाए। उन्होंने विधान सभा के शत्-प्रतिशत् प्रश्नो के उत्तर भेजने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की प्रशंसा भी की।
उन्होंने बिहार विधान सभा भवन शताब्दी वर्ष एवं भारत अमृत महोत्सव के अवसर पर पाँच सामाजिक अभिशापों जिनमें नशा मुक्त के तहत नशा मुक्त गाँव को चिन्हित करना, अपराध मुक्त के तहत अपराध मुक्त गाँव को चिन्हित करना, बाल श्रम मुक्त के तहत बाल श्रम मुक्त जिले को चिन्ह्ति करना, बाल विवाह मुक्त एवं दहेज मुक्त हेतु योगदान देने वाले लोगों को चिन्ह्ति कर सम्मानित करना एवं पाँच सामाजिक वरदानों से युक्त - स्वच्छता युक्त, योग आयुर्वेद युक्त, जल संचय युक्त, प्रकृति युक्त एवं विरासत युक्त परिवार को चिन्ह्ति करना, तथा हमार परिवार पाँच सामाजिक सम्मान से पूर्ण - डिजिटल साक्षर, स्वरोजगार प्रेरक, रोजगार सृजनकर्ता, सामाजिक योद्धा एवं सेवा समर्पणदाता व्यक्ति एवं परिवार को चिन्ह्ति करना तथा उन्हें सम्मानित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि वैसे बच्चे जो बेसहारा या अनाथ हैं, उनको गोद लिया जाए तथा उन्हें उनके लिए बनी केन्द्र एवं राज्य की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए, उनका मार्ग-दर्शन किया जाए, ताकि वह असामाजिक तत्व के हाथ में न जा सके और एक अच्छा जीवन व्यतीत कर सके और समाज के उत्थान में अपना योगदान दे सकें।
उन्होंने ऐसे बच्चों के लिए चलायी जा रही योजनाओं के संबंध में जानकारी माँगी। बाल अधिकार संरक्षण पदाधिकारी, दरभंगा ने बताया कि अनाथ बच्चे तथा कुष्ठ रोग ग्रसित माता/पति के बच्चों को परवरिश योजना के तहत उनके 18 वर्ष की उम्र होने तक प्रतिमाह 01 हजार रूपये प्रदान किया जा रहा है। स्पांसरशिप योजना के तहत वैसे बच्चें, जिनके माता/पिता नहीं हैं, या पिता जेल मे है या गंभीर बीमारी से ग्रस्त है, उन्हें 01 हजार रूपये प्रतिमाह प्रदान किया जाता है। बाल सहायता योजना के तहत कोरोना काल के दौरान जिन बच्चों के माता या पिता की मृत्यु हो गयी है, उन्हें 1500 रूपये प्रतिमाह 18 वर्ष की उम्र होने तक दिया जा रहा है। उन्होंने बुद्धिजीवियों को ऐसे बच्चों को गोद लेकर उनके पालन करने और सही मार्ग-दर्शन करने का सुझाव दिया। इस अवसर पर बिहार विधान सभा शताब्दी वर्ष पर बनी लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया तथा सामाज में अनाथ या बेसहारा बच्चों को शिक्षा प्रदान करने के लिए जिले के तीन बुद्धिजीवियों को सम्मानित किया गया।
December 19, 2021

19.12.2021 (दरभंगा) : ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, कामेश्वर नगर, दरभंगा, द्वारा आयोजित अंतर महाविद्यालय कराटे प्रतियोगिता 2021-22 दूसरे दिन का समापन समारोह कुंवर सिंह महाविद्यालय परिसर में किया गया जिसकी अध्यक्षता प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ अशोक कुमार ने की। कराटे प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि बड़ौदा बैंक के रीजनल मैनेजर शिव शंकर सिंह, विशिष्ट अतिथि जिला खेल संघ के सदस्य एवं कबड्डी संघ के सचिव मोहम्मद अखलाकुउर रहमान, बड़ौदा बैंक के शाखा प्रबंधक अरविंद मिश्रा उपस्थित थे। कराटे प्रतियोगिता के सफल संचालन में रेफरी और जज के रूप में राम विलास यादव, अमरेंद्र किशोर, हर्ष कुमार सिन्हा, शत्रुंजय सिंह, सुरेंद्र कुमार आनंद और चयन समिति के रूप में मुकेश कुमार मिश्रा, पवन कुमार साहनी, कृष्ण कुमार मंडल एवं तकनीकी सहायक अमित कुमार चौधरी के संयुक्त रूप से कुशल निर्देशन में प्रतियोगिता का सफल समापन किया गया। कराटे प्रतियोगिता में 22 महाविद्यालयों के 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बड़ौदा बैंक के रीजनल मैनेजर शिव कुमार सिंह ने कहा की कराटे में बिना हथियार के अपनी रक्षा और आक्रमण करना सिखाया जाता है साथ ही ससस्त्र विरोधियों के खिलाफ खुद का बचाव करना भी बताया जाता है। यह आधुनिक लड़ाकू खेल है। यह आत्मरक्षा, अनुशासन, फिटनेस, अपने पर विश्वास, धैर्य और आदर का भाव सिखाता है। विभिन्न महाविद्यालयों से आए हुए प्रतिभागी का बहुत सुंदर प्रदर्शन हुआ।
विशिष्ट अतिथि जिला कबड्डी संघ के सचिव एवं खेल संघ के सदस्य मोहम्मद अखलाकुउर रहमान प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा खेल में मेडल जीतना ही उपयोगी नहीं है, खेल में भाग लेना भी बहुत उपयोगी है। सभी प्रतिभागियों को हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने और कड़ी मेहनत करने की अपील की ताकि बिहार के बाहर भी उन्हें भाग लेने का मौका मिल सके। कार्यक्रम के अध्यक्ष प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉक्टर अशोक कुमार ने प्रतिभागियों द्वारा सुंदर प्रदर्शन करने के लिए बधाई दी और उन्होंने कहा सभी शिक्षण संस्थान में कराटे का विशेष प्रशिक्षण होना चाहिए। विश्वविद्यालय द्वारा कराटे प्रशिक्षण केंद्र खोले जाने की घोषणा का स्वागत किए। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार सिंह मंच संचालन करते हुए कहा कुंवर सिंह महाविद्यालय द्वारा कराटे प्रतियोगिता 2021-22 का सफल आयोजन से सभी छात्र छात्राएं एवं प्रतिभागी काफी उत्साहित है। यह कारण है कराटे प्रशिक्षण केंद्र के लिए विश्वविद्यालय पदाधिकारी ने कुंवर सिंह महाविद्यालय का चयन किया। कराटे प्रतियोगिता के चयनकर्ताओं द्वारा दिए गए परिणाम से लड़कों में कुंवर सिंह महाविद्यालय प्रथम आया, जीएमआरडी कॉलेज समस्तीपुर द्वितीय एवं एसबीएस कॉलेज बेगूसराय को तृतीय स्थान मिला। लड़कियों में कुंवर सिंह महाविद्यालय को प्रथम, सी एम कॉलेज दरभंगा को द्वितीय और एसबीएसएस कॉलेज बेगूसराय को तृतीय स्थान मिला। कराटे प्रतियोगिता बालक- बालिका 2021-22 में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में कुंवर सिंह महाविद्यालय लहरियासराय दरभंगा ने विश्वविद्यालय में सर्वोच्च स्थान पाकर एक रिकॉर्ड स्थापित किया। इस अवसर पर आइक्यूएसी के कोऑर्डिनेटर राकेश रंजन सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा बालक और बालिकाओं द्वारा मेडल जीतकर प्रथम आना महाविद्यालय के लिए गौरव की बात है। महाविद्यालय के खेल पदाधिकारी डॉ रश्मि सिखाने सभी प्रतिभागियों एवं कुंवर सिंह महाविद्यालय द्वारा कराटे प्रतियोगिता का सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर डॉ राम अवतार प्रसाद, मिल्लत कॉलेज के खेल पदाधिकारी डॉ जोहा सिद्दीकी, डॉ विजय कुमार, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं ग्रुप लीडर मोहम्मद इकबाल, ग्रुप लीडर रोहित कुमार सिंह, पप्पू कुमार, सोनू कुमारी, शिवानी कुमारी, कुमकुम कुमारी, आरती कुमारी, अनु कुमारी, नंदनी कुमारी, रीमा कुमारी, एकता कुमारी, पायल कुमारी, साक्षी कुमारी, कल्पना कुमारी, अभयानंद कुमार, ग्रुप लीडर शुभम कुमार झा के साथ तकनीकी सहायक अमित कुमार चौधरी एवं उनके सहयोगियों ने कार्यक्रम की सफलता के लिए महत्वपूर्ण सहयोग किया। अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों द्वारा राष्ट्र गान के द्वारा कार्यक्रम की समाप्ति की गई।
December 19, 2021

17.12.2021 (दरभंगा) : जिले के अतिथि गृह के सभागार में प्रमोद कुमार, मंत्री, गन्ना उद्योग एवं विधि विभाग, बिहार सरकार की अध्यक्षता में दरभंगा जिले में गन्ना की उत्कृष्ट खेती एवं मठ-मंदिरों की भू-सम्पत्ति को संरक्षित करने को लेकर नगर विधायक संजय सरावगी, अपर समाहर्त्ता एवं संबंधित वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की गयी। बैठक में मंत्री ने बताया कि जिला प्रशासन, दरभंगा द्वारा प्रतिवेदित किया गया है कि दरभंगा जिले में कुल 303 धार्मिक स्थल चिन्ह्ति हैं, जिनके अन्तर्गत कुल 80 हेक्टेयर निबंधित जमीन चिन्ह्ति हैं। उन्होंने कहा कि अभी भी मठ -मंदिरों की भू-सम्पत्ति चिन्ह्ति किया जाना बाकि है। उन्होंने अपर समाहर्त्ता (भू-राजस्व) विभूति रंजन चौधरी को मठ-मंदिरों की चिन्ह्ति जमीनों की पैमाइश एक महीने के अन्दर कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वैसे मठ-मंदिर जिनके भू-सम्पत्ति अनिबंधित हैं, उसके लिए स्थानीय नागरिकों या संबंधित अंचलाधिकारी से खाता-खेसरा सहित भूमि निबंधन कराने हेतु आवेदन प्राप्त कर उन सम्पत्तियों को निबंधित कराने की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि सितम्बर, 2021 में एक वाद में निर्णय सुनाते हुए माननीय उच्चतम न्यायालय, नई दिल्ली ने हिन्दु धार्मिक न्यास बोर्ड अधिनियम -1950 के अनुसार इष्ट देव को ही मठ-मंदिर की सम्पत्ति का अधिकारी माना है तथा संपत्ति के संरक्षक जिला के जिलाधिकारी को माना गया है। उन्होंने कहा कि मठ-मंदिर की जमीन भी भूमि अतिक्रमण वाद नियमावली में शामिल हैं। इसलिए इनके अतिक्रमण को भी शीघ्र हटाया जाना चाहिए। अपर समाहर्त्ता ने भी कहा कि मठ-मंदिरों की जमीन के लिए व्यक्तिगत जमाबंदी को समाप्त करने का पूर्व निर्देश प्राप्त है। बैठक में उपस्थित नगर विधायक संजय सरावगी द्वारा सीता मंदिर के निर्माण हेतु मंत्री से आग्रह किया गया। नगर विधायक ने बताया कि सदर प्रखंड के शिशो पूर्वी पंचायत के हरपुर गाँव में भी धार्मिक न्यास बोर्ड की काफी भूमि है, जिसका अधिग्रहण किया जाना चाहिए। बैठक में दरभंगा जिले में गन्ना की उत्कृष्ट खेती हेतु 01 कार्यशाला का आयोजन कराने का निर्देश दिया गया। बताया गया कि एक दिवसीय प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए किसानों को आने- जाने के लिए 100 रूपये दिये जाएंगे, इसके अतिरिक्त गन्ना के उन्नत किस्म के प्रति क्विंटल बीज के लिए 210 रूपये अनुदान दिया जाएगा, जो सीधे किसानों के खाते में भेजा जाएगा। यहाँ के किसान से आधे हेक्टर में गन्ना के उन्नत किस्म का आधार बीज की खेती करायी जाएगी, जो बीज प्रमाणित होगा। इसके लिए उन्हें एक मुश्त 30 हजार रूपये प्रदान किया जाएगा। आगे चलकर इसी आधार बीज से अगले साल गन्ना का उन्नत बीज तैयार किया जाएगा, जो यहाँ के किसानों को उपलब्ध होगा। बैठक में मंत्री द्वारा जनवरी, 2022 के अंत तक गन्ना के उन्नत बीज हेतु कार्यशाला का आयोजन कराने का निर्देश जिला कृषि पदाधिकारी राधा रमण को दिया गया। बैठक में राम गोविन्द सिंह, उप निदेशक, गन्ना, राजेन्द्र कृषि विश्वविद्यालय, पूसा, उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता एवं हेमंत झा, गन्ना विकास पदाधिकारी, दरभंगा उपस्थित थे।
December 19, 2021

16.12.2021 (दरभंगा) : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दरभंगा जिले के कुशेस्वर स्थान पहुंचकर वहां जल-जमाव से निजात दिलाने हेतु किए जा रहे कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। साथ ही जलनिकासी हेतु नरैला चौर नाला उड़ाहीकरण के कार्य का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस ने किए जा रहे कार्यों के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के लिए प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के पश्चात् मुख्यमंत्री नंदकिशोर उच्च विद्यालय, हिरणी पहुंचे और वहां लगाये गये विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। स्टॉल निरीक्षण के उपरांत ‘मुख्यमंत्री जन-संवाद कार्यक्रम' में शामिल हुए। जन संवाद कार्यक्रम में मधुकांत साह, मणिकांत झा, शुभम कुमार झा, विजय कुमार यादव, संजय कुमार झा, श्रीमती बबिता देवी सहित अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री से संवाद कर मुख्यमंत्री को इस क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों के लिए धन्यवाद दिया और क्षेत्र की कुछ समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान रिमोट के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का कार्यारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सबों की उपस्थिति के लिए आपका अभिनंदन करता हूं और आप सभी को धन्यवाद देता हूं। आपलोगों ने श्री अमन भूषण हजारी जी को विधानसभा उपचुनाव में विजयी बनाया है, इसके लिए आप सभी को धन्यवाद देता हूं। इनके पिता जी स्व0 शशि भूषण हजारी जी जो तीन बार विधायक थे, उनका असामयिक निधन हो गया। एक माह के अंदर ही अमन जी की माता जी का भी देहांत हो गया। हमलोगों ने एन0डी0ए0 की बैठक में निर्णय लिया था कि कुशेश्वरस्थान से श्री अमन भूषण हजारी जी को ही प्रत्याशी बनाएंगे और हमलोगों ने इन्हें प्रत्याशी बनाया। यहां कि जनता ने इन्हें चुनाव में विजयी भी बनाया। चुनाव प्रचार में हम भी दो जगहों पर आए थे और उस समय हमने कहा था कि आपके बीच आएंगे और आपकी समस्याओं के बारे में आपसे बातचीत करेंगे। पंचायत चुनाव समाप्त होने के बाद आपके बीच आज उपस्थित हुए हैं। कई लोगों ने अपनी बातें रखी हैं। कई विभागों के वरीय अधिकारी यहां उपस्थित हैं, जो आपकी समस्याओं के समाधान के लिए यहां आए हैं और उन्होंने आपकी बातों को गौर से सुना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से हमें काम करने का मौका मिला है, हमलोग बिहार के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। बिहार के 28 जिले अधिक वर्षापात और बाढ़ से प्रभावित रहते हैं। हमलोगों ने आपदा प्रबंधन के लिए अच्छे ढंग से काम शुरु किया और अब आपदा के दौरान लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराया जाता है। हमारा शुरु से ही मानना है कि राज्य के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है। हमने वर्ष 2007 में आयी बाढ़ और वर्ष 2008 की कोसी त्रासदी में लोगों को राहत देने के लिए हर तरह के काम किए। दरभंगा भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है इसमें कुशेश्वरस्थान विशेष रुप से प्रभावित है। यहां की जलनिकासी को लेकर भी योजनाबद्ध ढंग से काम शुरु किया गया है। अधिकारियों द्वारा बताया गया है कि अगले साल बाढ़ आने से पहले काम को पूरा कर लिया जाएगा। आज चार योजनाओं का कार्यारंभ भी किया गया है, जिसमें रोसड़ा-मबी ढाला-सरहधिया- मंगलगढ़-काले-राजघाट-शक्ति घाट पथ के (कुल लंबाई 8.40 किमी में) चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का कार्यारंभ, पिपराघाट पथ के 0 किमी से 3.95 किमी में चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का कार्यारंभ, कुशेश्वरस्थान प्रखंड के विभिन्न चौरों में अवस्थित 8 अदद पुनिर्जीवित/पुनर्स्थापन, साफ-सफाई कार्य का कार्यारंभ तथा बागमती बाढ़ प्रबंधन योजना फेज-3 (बी के अंतर्गत) सिरनिया-फुहिया तटबंध के 70.42 से 74.42 कि0मी0 तक नए तटबंध का निर्माण एवं 70.793 कि0मी0 तक एंटी फ्लड स्लुईस के निर्माण कार्य का कार्यारंभ किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दरभंगा में एम्स का निर्माण कराया जा रहा है। वर्ष 2015 में बिहार में दूसरे एम्स के निर्माण की बात हुयी तो दरभंगा में एम्स निर्माण की परिकल्पना मेरे मन में थी। हमने शुरु से ही कहा है कि दरभंगा में दूसरा एम्स बनेगा। दरभंगा में एम्स निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध करा दी गयी है। दरभंगा की जमीन उपजाऊ है, अधिक जलजमाव की वजह से लोग खेती नहीं कर पाते हैं। जल निकासी की व्यवस्था हो जाएगी तो यहां लोग खेती करेंगे और लोगों की आमदनी भी बढ़ेगी। दरभंगा मेडिकल कॉलेज का भी हमलोग विस्तार कर रहे हैं।
कुशेश्वरस्थान में कई प्रकार के विकास के कार्य किए जा रहे हैं। जो मौलिक समस्याएं बतायी गई हैं उसका भी निदान हमलोग करने में लगे हैं। बाईपास निर्माण, थाने का निर्माण, प्रखंड सह अंचल कार्यालय के भवन का निर्माण आदि के कार्य किए जा रहे हैं। बाढ़ के दौरान मुख्य रुप से इस क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति को ठीक करना है ताकि सड़कें भी ठीक रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में कई कार्य किए जा रहे हैं। सात निश्चय-1 के अंतर्गत बिरौल में आई0टी0आई0 भवन का निर्माण तथा ए0एन0एम0 एवं छात्रावास का निर्माण कराया गया। सात निश्चय-2 के अंतर्गत हर खेत तक पानी पहुंचाने के लिए काम किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए बहुत काम किया जा रहा है। लड़कियों के लिए पोशाक योजना, साइकिल योजना चलायी गई और अब मैट्रिक में पढ़ने वाले लड़के-लड़कियों की संख्या बराबर हो गई है। हमलोग चाहते हैं कि सभी लड़कियां पढ़े। जब हमलोग सरकार में आए थे, तब राज्य में प्रजनन दर 4.3 था, जो अब घटकर 3 हो गया है। हमलोग चाहते हैं कि यह प्रजनन दर घटकर 2 हो जाए। लड़कियों के शिक्षित होने से प्रजनन दर में और कमी आएगी। राज्य की आबादी अधिक है और क्षेत्रफल कम है। हम चाहते हैं कि सभी लड़के-लड़कियों को पढ़ाने की व्यवस्था की जाए। अलग-अलग लड़के-लड़कियों की पढ़ाई की कोई आवश्यकता नहीं है बल्कि सब एक साथ पढ़ाई करेंगे।
उन्होंने कहा कि जीविका समूह के गठन से महिलाओं का उत्थान हुआ और उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। अब 1 करोड़ 26 लाख महिलाएं जीविका समूह से जुड़ गई हैं। बिहार में महिलाएं काफी सक्रिय हैं। बिहार में जो विकास हो रहा है, उसमें महिलाओं की सक्रियता का बड़ा योगदान है। हमलोगों ने समाज के हर तबके के उत्थान के लिए काम किया है। महिलाओं के साथ-साथ एस0सी0-एस0टी0, अल्पसंख्यक, अति पिछड़े सभी वर्गों के उत्थान के लिए काम किया है।
महिलाओं की मांग पर शराबबंदी लागू की गई है। हम जल्द ही शराबबंदी के पक्ष में जागरुकता अभियान शुरू करेंगे। शराब के सेवन से कई प्रकार की बीमारियॉ होती हैं। डब्ल्यू0एच0ओ0 की आयी रिपोर्ट के अनुसार 20 से 39 आयु वर्ग के लोगों की जो मृत्यु होती है, उसमें 13.5 प्रतिषत मृत्यु शराब सेवन के कारण होती है। दुनिया में जितनी मृत्यु होती है उसका 5.3 प्रतिशत मृत्यु शराब पीने की वजह से होती है। शराब पीने के कारण कई और बीमारियां होती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री अमन भूषण हजारी, जो नए विधायक बने हैं वो आपलोगों के बीच रहकर आपकी समस्याओं को जानेंगे और सेवा करते रहेंगे। हमलोग भी आपकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम करते रहेंगे।
कार्यक्रम को शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, विधानसभा के उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी, विधायक अमन भूषण हजारी, विधायक श्रीमती स्वर्णा सिंह एवं विधायक अजय चौधरी ने भी संबोधित किया। आयोजित ‘मुख्यमंत्री के जन संवाद कार्यक्रम’ के पश्चात बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।