September 24, 2018

23.09.2018 (दरभंगा) : प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना आम जनों के लिए बहुत ही लाभकारी कार्यक्रम है। इस योजना के माध्यम से समाज का हर जरूरतमंद व्यक्ति समुचित स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा पाएगा। दरभंगा जिला के प्रभारी मंत्री महेश्वर हजारी ने समाहरणालय स्थित सभागार में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लॉन्चिंग के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उक्त बातें कही।
उन्होंने कहा कि सरकार की यह कोशिश है कि कोई भी गरीब एवं जरूरतमंद परिवार इस योजना के लाभ से वंचित न रहे। इस योजना के लाभार्थियों का चयन सामाजिक आर्थिक एवं जातिगत जनगणना 2011 में निर्धारित पात्रता के आधार पर की गई है, पर जिन व्यक्तियों का नाम इस सामाजिक आर्थिक जातिगत जनगणना की सूची में नहीं है, वैसे व्यक्ति भी इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए अलग से मानदंड बनाए गए हैं। वैसे परिवार जिनका एक ही कमरे के कच्चा मकान हो या वैसे परिवार जिसमें कोई व्यस्क 16 से 59 आयु वर्ग का न हो अथवा वैसे परिवार जिनकी मुखिया महिला हैं तथा परिवार के कोई सदस्य 16 से 59 आयु वर्ग के नहीं है, वैसे परिवार भी जिन के सभी सदस्य दिव्यांग हैं, अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति परिवार तथा भूमिहीन परिवार जिनके सदस्य मजदूरी से जीवन यापन करते हैं। इस तरह के परिवारों का अगर सामाजिक आर्थिक जातिगत जनगणना की सूची में नाम शामिल न भी हो तो भी वह इस योजना का फायदा उठा सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में संवाददाताओं से बात करते उन्होंने कहा कि इस योजना के बारे में जन-जन तक जानकारी पहुंचाने में सभी लोगों को सक्रिय सहभागिता निभाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सभी व्यक्ति अगर सजग होकर काम करेंगे तो इस योजना में कोई गड़बड़ी नहीं हो सकेगी एवं समाज के अंतिम व्यक्ति तक इसका वास्तविक लाभ पहुंचेगा। कार्यक्रम में डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि यह योजना स्वस्थ भारत एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए बहुत ही प्रभावकारी होगा। इस योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में तो इलाज निशुल्क होगा ही, साथ ही अगर इस योजना के अंतर्गत कोई चयनित लाभुक सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी इलाज करवाता है तो वहां भी उन्हें इलाज के पैसे देने की जरूरत नही होगी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा रांची में इस कार्यक्रम के लॉन्चिंग समारोह तथा पटना में मुख्यमंत्री एवं अन्य मंत्रीगण के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में 10 लाभुकों के बीच प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना संबंधी गोल्डन कार्ड भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर विधायक अमरनाथ गामी, नगर विधायक संजय सरावगी, विधायक जीवेश कुमार, सुनील कुमार सिंह, अर्जुन सहनी, सिविल सर्जन डीएमसीएच के प्राचार्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि गण तथा लाभुक उपस्थित थे।
September 23, 2018

22.09.2018 (दरभंगा) : मनचलो की अब खैर नहीं, 50 छात्राओं ने ले ली है विशेष ट्रेनिंग। सीएम साइंस कॉलेज स्थित कामेश्वर भवन में 15 दिनों तक चलने वाले सेल्फ डिफेन्स कैंप का समापन समारोह हुआ। इस विशेष कैंप का आयोजन कॉलेज के स्टूडेंट्स यूनियन की प्रेसिडेंट जया सिंह के अथक प्रयास से सफल हो सका।
जया सिंह ने (DarbhangaOnline.com) को बताया की इस कैंप का मुख्य उद्देश्य था छात्राओं में कॉन्फिडेंस लेवल को मजबूत करना। उन्होंने बताया की सिचुएशन कैसी भी हो उसका डट कर मुकाबला कर सकें छात्राएं इसलिए ये प्रयास किया। उन्होंने इस सेल्फ डिफेन्स कैंप के आयोजन की अनुमति देने के लिए कॉलेज प्रशांसन का आभार जताया। उन्होंने बताया की जिन छात्राओं ने सिर्फ 15 दिनों के ट्रैनिग में इतना बेहतर परफॉरमेंस किया है यदि उनको प्रॉपर ट्रेनिंग मिले तो और अच्छा करेंगी तथा अपने स्टेट को रिप्रेजेंट कर सकेंगी। स्टूडेंट्स यूनियन की प्रेसिडेंट जया सिंह ने यूनिवर्सिटी से डिमांड किया की बॉक्सिंग को स्पोर्ट्स में जोड़ा जाए ताकि हमें अपने कॉलेज को रिप्रेजेंट करने का मौका मिल सके।
इस अवसर पर डॉ. योगेंद्र झा (बर्सर) ने कहा की इस तरह के आयोजन से छात्राओं को बल व कॉन्फिडेंस मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा की छात्र संघ इस तरह के कार्यक्रम को आगे भी करेंगे। डॉ. संध्या झा ( बॉटनी, एचओडी) ने सभी ट्रेनिंग प्राप्त किये हुए छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा की बेटियां डरो नहीं, मुकाबला करो। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. भोला चौरसिया ( छात्र कल्याण अध्यक्ष) ने छात्राओं से कहा की जरूरत पड़ने पर इस विशेष ट्रेनिंग का उपयोग जरूर करें और अपने आस-पास रहने वाले को भी सिखाएं।
ट्रेनिंग देने वाले ट्रेनर वसीम अकरम ने (DarbhangaOnline.com) से बात करते हुए कहा की इस तरह के ट्रेनिंग से छात्राएं मेंटली फिट रहेंगी तथा कैसी भी परिस्थिति हो उसका सामना आसानी से कर सकेंगी। उन्होंने बताया की 15 दिनों के ट्रेनिंग में छात्राओं को किक, पंच, ब्लॉक आदि की ट्रेनिंग दी गयी हैं। इस समापन समारोह की अध्यक्षता डॉ. आर. पी. सिन्हा ने किया तथा मंच संचालन पल्लवी ने एवं धन्यवाद ज्ञापन जया सिंह ने किया।
September 23, 2018

20.09.2018 (पटना) : डीएम कुमार रवि ने पदाधिकारियों, कर्मियों, जीविका दीदियों एवं स्वछता दूतों के साथ समाहरणालय घाट पर जिला गंगा समिति द्वारा आयोजित समाहरणालय घाट की सफाई की गयी। जिसमे आज महेंद्रू घाट से कलेक्ट्रियट घाट तक सफाई की गयी। इस अवसर डीएम कुमार रवि ने कहा की गंगा पवित्र नदी है। यह हमारी पौराणिक विरासत है। गंगा जल से ही कई धार्मिक अनुष्ठान संम्पन्न होता है। इसे स्वच्छ, निर्मल एवं इसके अविरल प्रवाह को बनाये रखना आवश्यक है। जिला गंगा समिति द्वारा समहरणालय स्थित गंगा घाट की सफाई से लोगों को प्रेरणा मिलेगी तथा पटना के सभी नागरिक गंगा की सफाई अपना कर्तव्य समझ कर करेंगे, जिससे गंगा निर्मल, पवित्र एवं अविरल रहेगी। डीएम कुमार रवि ने बताया की गंगा सफाई अभियान के प्रति जिला प्रशासन पूरी तरह समर्पित है। 15 सितम्बर, 2018 से 02 अक्टूबर 2018, राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के जयंती तक यह अभियान चलता रहेगा। उन्होंने अपर नगर आयुक्त, नगर निगम को निर्देश दिया है की गंगा के महत्वपूर्ण घाटों पर सफाई कर्मियों को प्रतिनियुक्त करें, जो गंगा घाटों की सफाई के साथ-साथ निगरानी रखे की लोग गंगा में प्लास्टिक एवं कचरा आदि न फेकें। डीएम ने यह भी निर्देश दिया की नगर निगम यह व्यवस्था सुनिश्चित करें की ट्रीटमेंट के बाद ही गंगा में सीवरेज का पानी गिरे। डीएम कुमार रवि ने पटना के निवासियों से अनुरोध किया की गंगा की सफाई में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
September 20, 2018

19.09.2018 (दरभंगा) : मुख्य सचिव दीपक कुमार के द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से त्योहारों के अवसर पर जिले में की गयी प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई। समाहरणालय स्थित एनआईसी में हुए इस वीडियो कांफ्रेंसिंग में पुलिस महानिरीक्षक पंकज दराद, प्रमंडलीय आयुक्त मयंक बरबड़े, जिला पदाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह पुलिस उपमहानिरीक्षक विनोद कुमार, तथा पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने जिला में की गई प्रशासनिक तैयारियों से मुख्य सचिव को अवगत कराया।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बताया गया कि जिला में क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया गया है, जो कहीं से भी किसी तरह के अप्रिय स्थिति की सूचना में तुरंत पहुंच कर आवश्यक कार्यवाही करेगी। जिला के सभी संवेदनशील स्थलों की सूची बनाकर वहां विशेष रूप से मॉनिटरिंग की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी भी लगाए जा रहे हैं तथा मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की पर्याप्त संख्या में प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला में मुहर्रम के लिए 493 जुलूसों को लाइसेंस दिया गया है। असामाजिक तत्वों पर कार्यवाही की जा रही है। निरोधात्मक कार्रवाई के रूप में 4500 लोगों को धारा 107 के तहत नोटिस भेजा गया है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बताया गया की अब तक 750 लोगों से बंधपत्र भी लिए गए हैं। सभी अंचलों में कैंप कोर्ट लगाकर बंधपत्र लिए जाने की कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर उस पर विशेष नजर रखी जा रही है। सभी प्रमुख जगहों पर रैपिड एक्शन फोर्स, महिला पुलिस बल तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
मुख्य सचिव ने सभी जिलों को निर्देश दिया कि आसूचना संकलन एवं सोशल मीडिया पर विशेष रूप से ध्यान दें। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर चल रहे अफवाहों पर साइबर क्राइम ब्रांच के द्वारा नजर रखी जा रही है। जिला के सभी स्टेशनों, होटल आदि पर असामाजिक तत्वों के आवाजाही नियंत्रित करने के उद्देश्य से नजर रखने को कहा गया है, तथा वाहन चेकिंग नियमित रूप से करने का निर्देश दिया गया।
September 15, 2018
एसएसपी मनु महाराज(फाइल फोटो)
15.09.2018 (पटना) : एसएसपी मनु महाराज ने लहरिया कट चलाने वाले बाइकर्स की हरकतों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से पटना में विशेष मुहीम ( Anti Race Driving Cell ) चलाने का निर्देश दे दिया है। एसएसपी ने बताया की इस मुहीम के अंतर्गत महज दो दिन में कुल 508 लहरिया कट बाइकर्स पटना पुलिस के हत्थे चढ़ गए। जिससे मोटर वाहन अधिनियम के तहत सुसंगत धाराओं के अंतर्गत बतौर जुर्माना 70 हजार 400 रूपए की राशि वसुल की गयी तथा बॉन्ड भी भरवाया गया जिससे ऐसी गलती दुबारा ना करे। गौरतलब है की एसएसपी पटना एवं एसपी ट्रैफिक, पटना के निर्देशन के आलोक में जिले के मो. मसलेउद्दीन पुलिस उपाधीक्षक, प्रारक्ष, नवीन पुलिस केंद्र पटना के नेतृत्व में पटना के विभिन्न थानों के टीम वर्क से लहरिया कट चलाने वाले बाइकर्स को पकड़ने में सफलता मिली है। एसएसपी मनु महारज ने बताया ये अभियान आगे भी जारी रहेगा।