May 05, 2019

04.05.2019 (दरभंगा) : दरभंगा में पानी की समस्या से निजात पाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किया जा रहा है। डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने बताया कि दरभंगा नगर निगम क्षेत्र में 150 अतिरिक्त स्टैड पोस्ट तुरंत लगाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम के जिन वार्डों में पानी की ज्यादा किल्लत हो गई है, उन वार्डों में पानी के टैंकर भेज कर पानी की आपूर्त्ति की जा रही है। उक्त बातें उन्होंने पानी की समस्या के निदान हेतु आयोजित बैठक में कहा। बैठक में उपस्थित नगर आयुक्त श्याम किशोर को व्यक्तिगत रूप से नगर निगम क्षेत्र में पानी की समस्या को दूर करने हेतु पहल करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के टैंकर एवं पी.एच.ई.डी. के टैंकर के द्वारा संयुक्त रूप से पानी की आपूर्त्ति की जायेगी। कार्यपालक अभियंता पी.एच.ई.डी. ने बताया कि खराब चापाकलों को युद्ध स्तर पर ठीक कराया जा रहा है। वहीं आवश्यकतानुसार नया चापाकल गाड़ने का भी कार्य चल रहा है। कार्यपालक अभियंता ने बताया कि जलापूर्त्ति पाइप में कहीं-कहीं लीकेज होने की भी शिकायतें प्राप्त हो रही है जिसे तत्काल ठीक कराने की कोशिश की जा रही है। नगर आयुक्त ने बताया कि पानी की समस्या का अनुश्रवण करने हेतु नगर निगम कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इस नियंत्रण कक्ष में हर समय 8-10 पानी के टैंकर उपलब्ध रहेगा, जिससे आवश्यकतानुसार वार्डों में पानी की आपूर्त्ति की जायेगी। इसमें पी.एच.ई.डी. के टैंकर भी सम्मिलित होंगे। वहीं बुडको द्वारा डीप बोरिंग कर नगर में जलापूर्त्ति योजना पर कार्य किया जा रहा है। डीएम ने इस कार्य में तेजी लाने को कहा है। डीएम ने कहा की पानी की समस्या एक अत्यंत गंभीर विषय है। इसलिए पानी की कमी नही होने दिये जाये। उन्होंने नगर निगम एवं पी.एच.ई.डी. को अपने-अपने सारे संसाधनों को इस कार्य में लगाने को कहा है।
May 05, 2019

04.05.2019 (दरभंगा) : दरभंगा जिला के 86-केवटी एवं 87-जाले विधान सभा क्षेत्र में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने हेतु सशस्त्र बल के साथ विशेष जोनल दण्डाधिकारी की तैनाती की गई है। विशेष जोनल दण्डाधिकारी मतदान दिवस को विधान सभा क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में भ्रमण करेंगे एवं शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न करायेंगे। केवटी एवं जाले विधान सभा क्षेत्र में प्रतिनियुक्त ऐसे विशेष जोनल दण्डाधिकारी की संख्या 26 है जो केवटी, जाले, सिंहवाड़ा के विभिन्न पंचायतों में मतदान दिवस को भ्रमणशील रहेंगे। केवटी एवं जाले विधान सभा क्षेत्र के कमजोर वर्ग के मतदाताओं में सुरक्षा की भावना जगाने हेतु थाना स्तर पर एक-एक क्यू.आर.टी. का गठन किया गया है। विशेष जोनल, क्यू.आर.टी. के पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के द्वारा पी.सी.सी.पी., सब जोनल, जोनल दण्डाधिकारी टीम के साथ समन्वय बनाकर भयमुक्त वातावरण में लोक सभा का निर्वाचन संपन्न कराया जायेगा।
April 28, 2019

28.04.2019 (दरभंगा) : लोक सभा आम निर्वाचन, 2019 के अवसर पर 14-दरभंगा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 79-गौड़ाबौराम, 80-बेनीपुर, 81-अलीनगर, 82-दरभंगा ग्रामीण, 83-दरभंगा, 85-बहादुरपुर) एवं 23-समस्तीपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का अंशभाग (78-कुशेश्वरस्थान (अ.जा.) तथा 84-हायाघाट) एवं दिनांक 06/05/2019 को 06-मधुबनी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का अंशभाग (86-केवटी तथा 87-जाले) मतदान की तिथि को मतदान कार्य 07:00 बजे पूर्वाह्न से 06:00 बजे अपराह्न तक सम्पन्न होगा। दरभंगा जिलान्तर्गत 14-दरभंगा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र, 23-समस्तीपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र एवं 06-मधुबनी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में मतदान के दौरान शांति व्यवस्था एवं लोक व्यवस्था बनाये रखने हेतु जिला दण्डाधिकारी, दरभंगा द्वारा दं.प्र.सं. की धारा - 144 के अन्तर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए सम्पूर्ण दरभंगा जिले में निषेधाज्ञा जारी किया गया है। इस आदेश के तहत मतदान के दिन सभी प्रकार के वाहनों दो पहिया वाहन सहित का परिचालन प्रातः 05:00 बजे से 07:00 बजे तक पूर्णतया निषिद्ध रहेगा। लेकिन निम्नांकित श्रेणी में आने वाली वाहनों के मामलों में निषेधाज्ञा अपवादस्वरूप शिथिल रहेगा। 01.शासकीय कार्य में प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी/मतदाल दल के उपयोग हेतु वाहन। 02.आकस्मिक चिकित्सा हेतु मरीज के साथ एम्बुलेंस का परिचालन एवं अन्य आवश्यक सेवाओं जैसे -विद्युत, दुग्ध वैन, पानी का टैंकर आदि। 03. निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों के मतदान के दिन उपयोग हेतु निर्वाची पदाधिकारी से प्राप्त परमिटयुक्त वाहन, जिस पर चालक सहित पाँच व्यक्ति न हो तथा उससे मतदाता के ढ़ोने का कार्य नहीं लिया जा रहा हो। 04. निजी वाहन मालिक के स्वयं एवं परिवार के सदस्यों के लिए मतदान हेतु मतदान केन्द्र की 200 मीटर की परिधि के बाहर तक जाने के लिए उपयोग में लाये जाने वाले वाहन। 05. निश्चित रूट पर एवं निश्चित बिन्दु से निश्चित बिन्दु तक चलने वाले पब्लिक ट्रान्सपोर्ट वाहन जैसे -बस। 06. बीमार एवं रूग्ण व्यक्तियों द्वारा अपने प्रयोग में लाये जाने वाले वाहन। 07.रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैण्ड आदि पर जाने के लिए प्रयोग किये जाने वाले रिक्शा एवं अन्य वाहन जिसे टाला नहीं जा सकता है।
April 25, 2019

25.04.2019 (दरभंगा) : बिहार के दरभंगा में राज मैदान से पीएम नरेंद्र मोदी ने विशाल चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहा की आतंकवाद को ख़त्म करने के लिए आपका एक-एक वोट महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा की आपका वोट मोदी को जायेगा, और मोदी आतंकवाद को जड़ से मिटाने के लिए लड़ेगा। पीएम ने कहा की यहां से आतंक के कई मॉड्यूल चलते थे, जिससे दरभंगा की गरिमा को काफी ठेस पहुंचा है। पीएम श्री मोदी ने कहा की आतंक का सबसे बड़ा नुकसान गरीबों को होता है। जो पैसे गरीबों को मिलना चाहिए, विकास में लगने चाहिए वो पैसे बन्दूक गोली खरीदने में लग जाता है। उन्होंने कहा की आज से 40 साल पहले आतंक का रूप इतना भयावह नही था। पिछले चालीस साल में जितनी तेज गति से आतकंवाद ने कदम बढ़ाया है, उसमे सबसे ज्यादा नुकसान गरीबो को हुआ है। आतंकवाद से लड़ने के लिए बहुत ख़र्च होता है। इसलिए आतंक का जड़ से सफाया होना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा की आपका चौकीदार चौकन्ना है।
वंदे मातरम वाले विवादित बयान पर उन्होंने बिना किसी का नाम लिए हुए कहा की जिन्हें वंदे मातरम से दिक्कत है, उनकी जमानत जप्त हो। पीएम श्री नरेंद्र मोदी ने कहा की भारत माता की जय, यही हमारी भक्ति है और बन्दे मातरम् का उद्घोष ये हमारी जीवन की शक्ति है। पीएम ने एनडीए सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा की जिस तरह हर घर बिजली पहुँचाया जा रहा है उसी तरह अब जल पहुंचाने की योजना भी है और इसके लिए अलग से जलशक्ति मंत्रालय भी बनेगा। उन्होंने आयुष्मान भारत एवं उज्वला योजना सहित विभिन्न योजनाओं पर भी चर्चा की। पीएम श्री मोदी ने राहुल गांधी के किसानों के कर्ज माफ करने के बयान पर कहा की यह सिर्फ दावा किया जा रहा है। इससे किसानों का कर्ज माफ नहीं होगा। हाँ, कुछ ख़ास लोगो को ही कर्ज माफ करेंगे। लेकिन मोदी सरकार आएगी तो किसान योजना का लाभ हर किसानों को मिलेगा। पीएम श्री नरेंद्र मोदी ने विशाल जन सभा को सम्बोधित करते हुए पूछा की लोकसभा चुनाव 2019 में जितने भी पीएम की लाइन में उम्मीदवार खड़े हैं उनमे से कौन आतंकवाद को खत्म कर सकता हैं। भीड़ से सिर्फ एक आवाज के नारे लगने लगे मोदी, मोदी, मोदी ........
April 20, 2019

20.04.2019 (दरभंगा) : मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत शनिवार के सायंकाल दरभंगा जिला मुख्यालय में कर्पूरी चौक पर प्रकाश उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर शहर के कर्पूरी चौक को भव्यता पूर्वक सजाया गया था। वोट देने के विभिन्न नारों के साथ हजारों स्कूली बच्चों तथा बाल विकास परियोजना कर्मियों ने मोमबत्तियां जलाकर मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला के उप विकास आयुक्त डा कारी प्रसाद महतो, जिला स्वीप आईकॉन मणिकांत झा तथा राज्य दिव्यांग आईकान अभ्युदय शरण ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बोलते हुए स्वीप कोषांग के वरीय पदाधिकारी तथा जिला के उप विकास आयुक्त कारी प्रसाद महतो ने मतदाताओं को मतदान के दिन अपने बूथ पर जाकर मतदान करने का आग्रह किया । उन्होंने मतदान केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी । उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए जिला के स्वीप आईकॉन मणिकांत झा ने दरभंगा जिले के मतदान प्रतिशत को शीर्ष पर रखने की अपील की। इस अवसर पर राज्य के दिव्यांग स्वीप आईकॉन अभ्युदय शरण ने दिव्यांगो को मतदान में बढ़ चढ़कर भाग लेने का अनुरोध किया। स्वीप की नोडल अफसर संध्या सुरभि ने कहा कि आज का यह प्रकाशोत्सव मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने में काफी सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने मतदाताओं से मतदान के दिन को त्यौहार के रुप मे मनाने की अपील की।