November 02, 2020

01.11.2020 (दरभंगा) : स्वच्छ, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान कराने को लेकर हमने तैयारी कर ली है। लोग कोविड -19 से बचाव हेतु मास्क का उपयोग जरूर करें और वोट डालने जरूर आये। वोट डालने के लिए सिर्फ वोटर स्लिप पर्याप्त नहीं होगा उसके साथ अपनी पहचान स्थापित करने के लिए निम्नलिखित वैकल्पिक फोटो पहचान 11 दस्तावेज़ों में से कोई एक दस्तावेज़ प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
(1) पासपोर्ट, (2) ड्राइविंग लाइसेंस, (3) केन्द्र, राज्य, सार्वजनिक उपक्रम एवं पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा जारी फोटोयुक्त सर्विस पहचान पत्र, (4) बैंक, डाकघर द्वारा जारी की गयी फोटोयुक्त पासबुक, (5) पैन कार्ड, (6) श्रम मंत्रालय की योजना अंतर्गत जारी स्मार्ट कार्ड, (7) मनरेगा जॉब कार्ड, (8) श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थ बीमा कार्ड, (9) फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज़, (10) सांसद, विधायक, विधान परिषद् सदस्यों को जारी सरकारी पहचान पत्र, (11) आधार कार्ड।
गौरतलब है की दरभंगा जिले के 05 विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र यथा :- 78-कुशेश्वरस्थान (अ0जा0), 79-गौड़ाबौराम, 80-बेनीपुर, 81-अलीनगर एवं 82- दरभंगा ग्रामीण में चुनाव दूसरे चरण के मतदान कराने हेतु जिला प्रशासन ने तैयारी कर ली है, जिसकी जानकारी डीएम डॉ. त्यागराजन एस. एम व एसएसपी बाबू राम ने ने प्रेस मीट में दी। डीएम श्री त्यागराजन ने बताया की कोविद-19 से बचाव के लिए विशेष तैयारी की गयी है। सभी मतदान केंद्र पर पर्याप्त मात्रा में सेनेटाइजर व हाथ धोने के लिए व्यवस्था की गयी है। सभी बूथों पर मूलभूत सुविधा उपलब्ध करायी गयी है।
विधि व्यवस्था से सम्बंधित जानकारी देते हुए एसएसपी बाबू राम ने बताया की बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2020 के द्वितीय चरण के चुनाव में दरभंगा के कुशेश्वरस्थान (अ0जा), गौड़ाबौराम, बेनीपुर, अलीनगर एवं दरभंगा ग्रामीण विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 3 नवंबर2020 को मतदान कराया जाना है। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में चुनाव कराने हेतु किए गए निरोधात्मक कार्रवाई एवं की जा रही निरोधात्मक कार्रवाई से अवगत कराया। सभी मतदान केन्द्रों पर केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है। सभी 05 विधान सभा में 3 नवंबर 2020 को मतदान है। मतदान के दिन मतदान को स्वच्छ, निष्पक्ष व भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु मतदान केन्द्रों पर अर्द्धसैनिक बलों की ड्यूटी के अतिरिक्त त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। प्रथम सेक्टर दण्डाधिकारी तथा सेक्टर पुलिस पदाधिकारी की टीम। द्वितीय सुपर सेक्टर ( जोन ) टीम। इसमें थानाध्यक्ष तथा दण्डाधिकारी के साथ पुलिस बल होगा। तृतीय सीनियर दण्डाधिकारी तथा पुलिस उपाधीक्षक रैंक के पुलिस पदाधिकारी की टीम। ये टीम प्रत्येक विधान सभा के लिए अलग होगी, जो पूरे विधान सभा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिम्मेदार होगी। किसी भी मतदान केन्द्र पर किसी भी प्रकार की समस्या होने तथा किसी गाँव / टोला में किसी वर्ग विशेष के मतदाताओं को डराने धमकाने अथवा आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत प्राप्त होने पर 15 मिनट के अंदर ये टीमें पहुंचकर कारवाई करेंगी।
उन्होंने कहा की सभी सुरक्षा कर्मियों को कोविड -19 से बचाव हेतु सुरक्षा किट उपलब्ध करायी जा रही है, जिसमें फेस मास्क, रबर दस्ताने, सैनिटाईजर हैं। मतदान केन्द्रों पर भी कोविङ -19 से बचाव हेतु विशेष व्यवस्था की जायेगी ताकि मास्क पहनने तथा समाजिक दूरी का पालन सुनिश्चित कराया जा सके। एसएसपी ने कहा की स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान में किसी भी प्रकार की बाधा डालने की किसी भी गतिविधि से कड़ाई से निपटने के निर्देश दिये गये हैं।
October 31, 2020

31.10.2020 (पटना) : बिहार विधानसभा चुनाव 2020 हेतु जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, कुमार रवि के निदेशानुसार कोविड-19 के परिप्रेक्ष्य में स्वीप कोषांग के द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने और मतदान हेतु प्रेरित करने के उदेश्य से निरंतर वेबिनार का आयोजन सरकारी एवं निजी क्षेत्रों यथा-बैंक, शापिंग काम्प्लेक्स/माल्स, पेसू, स्वास्थ्य विभाग, आई.सी.डी.एस, डी.आर.सी.सी, विभिन्न महाविद्यालयों, कुशल युवा केन्द्र, जीविका एवं युवा मतदाता के साथ किया जा रहा है। वेबिनार में अब तक विभिन्न स्तर के अधिकारियों, कर्मियों एवं युवा सहित लगभग 500 प्रतिभागी सम्मिलित हुए हैं। बेबिनार में मतदान स्थल पर कोविड-19 के परिप्रेक्ष्य में की गई तैयारियों के संबंध में बताते हुए चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए विभिन्न जागरूकता संबंधित आडियो-वीडियो संदेशों को भी दिखाया गया। इसके साथ सोशल मीडिया यथा यू ट्यूब, फेसबुक, ट्विटर द्वारा चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान के बारे में बताया गया। वेबिनार में शामिल प्रतिभागियों से LoW VTR क्षेत्रों में सघन मतदाता अभियान चलाने की अपील की गई।
October 31, 2020

30.10.2020 (पटना) : मतदाता जागरूकता पर आधारित हस्ताक्षर अभियान का जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुमार रवि द्वारा हिंदी भवन परिसर में शुरुआत किया गया। इसका आयोजन स्वीप कोषांग के बैनर तले आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सभी कोषांग के नोडल पदाधिकारी सहित भारी संख्या में सरकारी कर्मी उपस्थित हुए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पटना जिला अंतर्गत प्रथम चरण के चुनाव का सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन हुआ तथा मतदाताओं ने उत्सवी माहौल में मतदान किया। पुनः द्वितीय चरण में भी अधिकाधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसी क्रम में मतदाताओं को जागरुक एवं प्रेरित करने की दिशा में हस्ताक्षर अभियान एक महत्वपूर्ण कदम है।
October 31, 2020

30.10.2020 (दरभंगा) : बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2020 के द्वितीय चरण का मतदान 03 नवंबर 2020 को होना है। दरभंगा जिला के सभी निर्वाची पदाधिकारियों एवं सभी बीडीओ, सीओ के साथ मतदान की तैयारी को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस. एम की अध्यक्षता में अंबेडकर सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि द्वितीय चरण के मतदान के लिए नियुक्ति पत्र भेजा जा चुका है। संबंधित बीडीओ अपने निर्वाची पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर मतदान पदाधिकारियों को ससमय मतदान केंद्रों के लिए डिस्पैच कर दें, डिस्पैच स्थल पर बड़े बड़े अक्षरों में बूथ नंबर एवं पार्टी नंबर लिखवाया जाए। तृतीय चरण के मतदान के लिए भी संबंधित निर्वाची पदाधिकारियों को तैयारी कर लेने के निर्देश दिए, उन्होंने सभी क्यू. आर. टी. को दो पहिया वाहन उपलब्ध करा देने एवं सेक्टर पदाधिकारियों को 1 नवंबर को ब्रीफिंग करने तथा 2 नवंबर को डिस्पैच करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ईवीएम हैंडलिंग बहुत ही संवेदनशील मुद्दा है प्रशिक्षण के लिए जहां भी ईवीएम भेजा गया है वह आज ही वापस जमा करा दें, आज के बाद कहीं भी क्षेत्र में ईवीएम नहीं रहना चाहिए। डीएम श्री त्यागराजन ने सभी निर्वाची पदाधिकारियों को बूथ की अंतिम तैयारी करवा लेने के निर्देश दिए, प्रकाश, पेयजल, उपस्कर एवं सोशल डिस्टेंसिंग के लिए गोलाकार की व्यवस्था कर लेने के निर्देश दिए तथा चलंत मतदान केंद्र के लिए टेंट इत्यादि की व्यवस्था कर लेने को कहा। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग को भेजे जाने वाले प्रतिवेदन से संबंधित सभी बिंदुओं से अवगत कराया और कहा कि इसके लिए संबंधित निर्वाची पदाधिकारी अपने एक एआरओ को जिला नियंत्रण कक्ष में 3 नवंबर 2020 के लिए प्रतिनियुक्त कर देंगे। उन्होंने कहा कि इस बार सभी बूथ पर सी.ए.पी.एफ. जाएंगे, एसएसबी ठहराव स्थल पर टेंट, पानी, प्रकाश की व्यवस्था कर ली जाए।
October 31, 2020

29.10.2020 (दरभंगा) : 48 में मिथिला विभूति पर्व समारोह के आयोजन की चल रही तैयारियों की समीक्षा के लिए विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में बुधवार की देर शाम एम एल एस एम कॉलेज परिसर में बैठक हुई। मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमला कांत झा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वैश्विक महामारी कोरोना के सुरक्षा मापदंडों का पालन करते हुए तीन दिवसीय समारोह को सफल बनाने पर गहन विचार-विमर्श किया गया एवं इस बावत प्रशासनिक अनुमति प्राप्त करने के लिए स्वागत महासचिव प्रो जीवकांत मिश्र एवं मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा को अधिकृत किया गया।
मौके पर समारोह के राष्ट्रीय संगोष्ठी संयोजक मणिकांत झा ने बताया कि इस बार के संगोष्ठी का विषय कोरोना महामारी के संस्मरण पर केंद्रित होगा। जिसमें भाग लेने वाले प्रतिभागियों से आगामी 10 नवंबर तक कोरोना महामारी के आपदा काल में प्राप्त अनुभवों पर आधारित आलेख आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्राप्त आलेखों को पुस्तक आकार में इस वर्ष भी प्रकाशित किया जाएगा। कवि गोष्ठी संयोजक हरिश्चंद्र हरित ने जानकारी दी कि आमंत्रित किए जाने वाले कवियों की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जबकि विगत दो वर्षों में समारोह में पठित कविताओं के प्रकाशन का कार्य प्रगति पर है। बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन से संबंधित तैयारियों की जानकारी देते हुए प्रो जीवकांत मिश्र ने बताया कि समारोह में मैथिली मंच के लगभग सभी कलाकारों ने अपनी उपस्थिति की सहमति प्रदान कर दी है। कार्यालय सचिव- मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा ने जीआई टैगिंग में मिथिला के मखान की ब्रांडिंग मिथिला मखान के नाम किए जाने की दिशा में संस्थान द्वारा की गई कार्यवाही की विस्तृत जानकारी बैठक में दी। जिस पर सभी सदस्यों ने संतोष जताया।
अध्यक्षीय संबोधन में पं कमलाकांत झा ने कार्यक्रम के आयोजन में कोरोना के सुरक्षा मापदंडों के पालन के साथ ही इस महामारी के प्रति आम लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए शोभायात्रा का थीम कोरोना महामारी के कारण एवं निदान विषय पर केंद्रित करने का सुझाव दिया। बैठक में धन्यवाद ज्ञापन महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने किया। अपने धन्यवाद प्रस्ताव में उन्होंने मौजूदा वैश्विक महामारी कोरोना के सुरक्षा मापदंडों का अनुपालन करते हुए 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय मिथिला विभूति पर्व समारोह को यादगार बनाने की अपील की। बैठक में प्रो चन्द्रशेखर झा बूढाभाई, डॉ. उदय कांत मिश्र, प्रो चन्द्र मोहन झा पड़वा, हरि किशोर चौधरी, विनय कुमार संतोष, प्रो भरत मिश्र आदि की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।