February 14, 2021

11.02.2021 (दरभंगा) : केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर ने मुलाकात की तथा उन्हें मिथिला परंपरा अनुसार पाग, चादर व मिथिला पेंटिंग से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मिथिला एवं मिथिला के केंद्र दरभंगा के सर्वांगीण विकास हेतु विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई तथा विकास संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। सांसद श्री ठाकुर ने मिथिला के केंद्र दरभंगा में पाइपलाइन के माध्यम से घरों में रसोई गैस (एलपीजी) आपूर्ति हेतु आग्रह करते हुए ज्ञापन सौंपा ताकि आम लोगों को सिलेंडर की प्रक्रिया से मुक्ति मिले तथा उनके समय की भी बचत हो सकें। उन्होंने कहा कि दरभंगा में बढ़ती जनसंख्या और शहर के हो रहे विस्तार को ध्यान में रखते हुए दरभंगा शहर सहित जिले के अन्य प्रमुख इलाकों में पाइपलाइन के माध्यम से घरों में रसोई गैस (एलपीजी) आपूर्ति करने की आवश्यकता है।
सांसद ने ज्ञापन देते हुए जिला मुख्यालय सहित जिले के अन्य प्रमुख इलाकों मंथ सीएनजी गैस स्टेशन स्थापित करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सीएनजी दूसरे ईंधनों से सस्ता प्राकृतिक ईंधन है तथा इससे पर्यावरण को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि दरभंगा के सर्वांगीण विकास हेतु देश के अन्य प्रमुख शहरों की तरह दरभंगा के लोगों को गैस पाइप लाईन के माध्यम से रसोई गैस और सीएनजी गैस स्टेशन के माध्यम से सीएनजी ईंधन, का लाभ मिलें। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी "सतत योजना" (SATAT) के तहत दरभंगा में कंप्रेस्ड बायो गैस(सीबीजी) के उत्पादन एवं उपयोग हेतु उद्यम स्थापित करने के लिए भी आग्रह किया ताकि संपीडिट बायो गैस उत्पादन में प्रयुक्त होने वाले अपशिष्ट का निस्तारण हो सके। सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में दरभंगा व मिथिला सहित पूरे देश का चौमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि मंत्री ने विकास संबंधित सभी बातों पर संज्ञान लिया तथा आश्वस्त करते हुए सकारात्मक संदेश दिया।
January 28, 2021

28.01.2021 (Darbhangaonline Desk) : किसी वस्तु के गुम होने का सनहा अथवा वाहन चोरी के प्राथमिकी के लिए बार बार थाना जाने की समस्या से छुटकारा पाने हेतु आईजी गणेश कुमार, तिरहुत रेंज, मुजफ्फरपुर के द्वारा एक अनूठा पहल किया गया है।
इस बारे में विस्तार से बताते हुए उन्होंने कहा की किसी वस्तु के गुम होने अथवा वाहन चोरी के सम्बन्ध में आवेदक अपना आवेदन पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में सधारित मोबाइल नंबर - 7070201201 पर आवेदन मैसेज के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन में वे अपना पूरा नाम, पता, मोबाइल नंबर, घटना की जानकारी के साथ लिखकर भेजेंगे। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से यह आवेदन सम्बंधित थानाध्यक्ष को उनके मोबाइल पर भेज दिया जायेगा। थानाध्यक्ष द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर वापस पुलिस महानिरीक्षक के मोबाइल नंबर पर भेज दिया जाएगा, जहाँ से उसे आवेदक को भेजा जाएगा।
आईजी गणेश कुमार ने बताया की यदि आवेदक को थाना के प्रतिवेदन, सनहा की मूल प्रति चाहिए तो वे किसी भी कार्य दिवस को थाना से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने साफ़ तौर पर कहा की सनहा प्रतिवेदन की मूल प्रति आवेदक को देने में यदि कोई शिकायत प्राप्त होती है तो दोषी पदाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। वाहन चोरी इत्यादि के आवेदन प्राप्त होने पर थानाध्यक्ष एक प्रतिवेदन पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में भेजेंगे, जो आवेदक को भेज दिया जाएगा। इसके बाद थानाध्यक्ष एवं जांच पदाधिकारी की जिम्मेवारी होगी की वे आवेदक से संपर्क कर उनके आवेदन पर नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें प्राथमिकी की एक कॉपी देंगे। यह सभी कार्रवाई सामान्यतः एक दिन में पूर्ण हो जानी है।
यदि किसी कारणवश प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकती है तो इसकी भी सुचना मैसेज के माध्यम से आवेदक को एवं पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय को देंगे। उन्होंने कहा की पूरी प्रक्रिया में किसी भी अनावश्यक विलम्ब में यह माना जायेगा की गलत मंशा से देरी की जा रही है। वाहन चोरी इत्यादि के प्राथमिकी दर्ज करने से पूर्व कागजात इत्यादि की मांग करना अनुचित है। अनुसंधानक ये सारे कार्य प्राथमिकी दर्ज करने के उपरान्त कर सकते हैं। आगे उन्होंने बताया की थानाध्यक्ष के थाना से बाहर होने के कारण किसी भी प्रतिवेदन को भेजने में बिलम्ब नहीं किया जायेगा।
यदि थानाध्यक्ष किसी कार्यवश थाना से बाहर हैं तो मौजूद वरीयतम पदाधिकारी सनहा दर्ज करना, प्राथमिकी करना इत्यादि सभी कार्य कर सकते हैं और उन्हें करना है। जो आवेदक सीधे थाना में किसी आवेदन को ले कर आते है तो उन्हें अविलम्ब इसकी प्राप्ति रसीद पदाधिकारी द्वारा दी जाएगी एवं इसमें नियमानुसार सनहा अथवा प्राथमिकी दर्ज किया जायेगा। आईजी श्री कुमार ने कहा की आनेवाले समय में जरूरत के हिसाब से लोगों को स्मार्ट पुलिसिंग देखने को मिलेगी।
January 28, 2021

26.01.2021 (दरभंगा) : 72वे गणतंत्र दिवस के अवसर पर लहेरियासराय स्थित पुलिस लाइन में एसएसपी बाबू राम ने झंडा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने परेड की सलामी ली तथा उनकी सराहना करते हुए कहा की पिछले कई दिनों से आपलोगों ने इस कड़ाके की ठंढ में प्रैक्टिस की है जो काबिले तारीफ़ है। एसएसपी द्वारा परेड में जवानों को पुरुष्कृत भी किया गया। उन्होंने दरभंगा पुलिस की तारीफ़ करते हुए कहा की कोविड -19 में हुए लॉकडाउन तथा चुनाव में सभी ने मिलकर बेहतर कार्य कर्मठता से किया। उन्होंने कहा की समाज के सभी वर्ग खासकर जो कमजोर वर्ग में महिलायें बच्चे बुजुर्ग हैं वो कैसे अपने आप को और सुरक्षित महसूस कर सके तथा अपराधियों, असामाजिक तत्वों में पुलिस का खौफ ज़्यादा से ज़्यादा हो इसके लिए पुलिस को और ज़्यादा मेहनत करनी होगी। विधि व्यवस्था सख्त बनाये रखने के लिए हमेशा तत्पर रहने की आवश्यकता है। इस अवसर पर एसएसपी ने पिछले एक साल में पुलिस द्वारा कुछ उपलब्धि का जिक्र करते हुए कहा की 5200 से अधिक अपराधी तथा 2700 से अधिक वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। आर्म्स बरामदगी के रूप में 24 पिस्टल, 16 देशी कट्टा 01 राइफल सहित अनेक हथियार तथा गोली की बरामदगी की गयी। शराब बंदी को लागू करने में दरभंगा पुलिस ने दिन रात एक कर दिया और पूरी तरह से अंकुश लगाया है। उन्होंने कहा की 7200 लीटर से अधिक विदेशी शराब तथा 20000 लीटर से अधिक देशी शराब की बरामदगी की गयी है। 1495 व्यक्तियों को मध् निषेध अधिनियम के उलंघन में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। 217 से अधिक वाहनों को जब्त किया गया। उन्होंने बीते दिनों दो अपराधिक घटना ( सिंघवाड़ा स्वर्ण व्यवसायी का अपहरण तथा शहर में सोना लूट कांड ) का जिक्र करते हुए कहा की दरभंगा पुलिस की काफी आलोचना हुई। पुलिस के सामने बड़ी चुनौती थी, लेकिन पुलिस की कर्मठता से दोनों ही केश में सफलता मिली। उन्होंने कहा की दरभंगा पुलिस का हमेशा से ये प्रयास रहा की आम नागरिकों के जान माल की सुरक्षा हो। इस कड़ी में एक महत्वपूर्ण अभियान है सड़क सुरक्षा अभियान। लोगों को जागरूक करना की उनके एक छोटे से लापरवाही से बड़ी से बड़ी दुर्घटना हो जाती है। जिसके लिए पुलिस द्वारा समय समय पर दंडात्मक कार्रवाई भी की जाती है ताकि आमजन सुरक्षित रहें।
January 28, 2021

26.01.2021 (दरभंगा) : 72 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर दरभंगा के नेहरू स्टेडियम (पोलो) मैदान में गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बी.एम.पी./डी.ए.पी. (पुरूष)/डी.ए.पी. (महिला)/गृह रक्षा वाहिनी एवं फायर ब्रिगेड के जवानों की टुकड़ियों द्वारा सामूहिक रूप से परेड का प्रदर्शन किया गया एवं इस अवसर पर जिला पुलिस बल द्वारा बैंड का प्रदर्शन किया गया। सिटी एसपी अशोक प्रसाद, एसएसपी बाबूराम, डीएम डॉ त्यागराजन एस.एम, पुलिस महानिरीक्षक मिथिला प्रक्षेत्र दरभंगा अजिताभ कुमार का क्रमशः मंच पर आगमन हुआ और उन्होंने परेड की सलामी ली। राधेश्याम साह, आयुक्त दरभंगा प्रमंडल, ने मंच से परेड की सलामी ली। इसके उपरांत एसएसपी के साथ खुले वाहन पर सवार होकर विभिन्न टुकड़ियों के जवानों के परेड का क्रमशः निरीक्षण किया।
इसके उपरांत उन्होंने राष्ट्रीय झंडोत्तोलन किया। इस अवसर उन्होंने जिलेवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि। "आज 72वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर दरभंगा के सम्मानित स्वतंत्रता सेनानी, माननीय जन प्रतिनिधिगण, पदाधिकारीगण, मीडिया के प्रतिनिधिगण, दरभंगा जिला के सम्मानित नागरिकगण, भाइयों, बहनों तथा प्यारे बच्चों। सर्वप्रथम मैं आप सभी का हार्दिक अभिनन्दन करता हूँ। साथ ही आप सभी को देश के 72वें गणतंत्र दिवस की बधाई भी देता हूँ। हम अवगत हैं कि हमारे देश के असंख्य महापुरूष/क्राँतिकारी के त्याग एवं बलिदान के बदौलत हमारा देश 15 अगस्त 1947 को स्वतंत्र देश के रूप में उभर कर विश्व मानचित्र पर आया तथा 26 जनवरी 1950 को हमारा संविधान लागू हुआ। इस पुनित अवसर पर भारतीय संविधान के वास्तुकार डॉ. भीमराव अम्बेडकर का हम शत्-शत् नमन करते हैं। जिन्होंने अपने शिल्पकला से इसे मूर्त रूप दिया है। इस अवसर पर मुझे यह कहते हुए गर्व महसूस हो रहा है कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के समग्र इतिहास में मिथिलावासियों का योगदान अतुलनीय रहा है। भारत माता के बलीवेदी पर हंसते-हंसते अपने प्राण न्यौछावर करने वाले सभी वीर सपूतों का इस अवसर पर हम हृदय से नमन करते हैं। उन्होंने कहा की दरभंगा जिला विकास के पथ पर तीव्रगति से अग्रसर है। केन्द्र सरकार और राज्य सरकार के विकास एवं कल्याण की सभी योजनाओं का यहाँ प्रभावी ढ़ंग से क्रियान्वयन किया जा रहा है। आम आवाम के अमन चैन के लिए शांति व्यवस्था बनाये रखने में जिला प्रशासन सफल रहा है।
भूमि विवाद को निबटाने हेतु थाना एवं अनुमण्डल स्तर पर नियमित रूप से सुनवाई की जा रही है। आम जनता की शिकायतों का निष्पादन जिला एवं अनुमण्डल स्तरीय लोक शिकायत निवारण केन्द्रों में तीव्र गति से किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत आवास रहित परिवारों को आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। सात निश्चय पार्ट-2 के अन्तर्गत असिंचित भूमि के लिए सिंचाई व्यवस्था करने हेतु राजस्व ग्राम स्तर पर सर्वे का कार्य जारी है। मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के अन्तर्गत स्टूडेंड क्रेडिट कार्ड, कुशल युवा कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री निश्चय भत्ता योजना के अन्तर्गत युवाओं को सबल एवं कुशल बनाने का प्रयास जारी है। नल-जल योजना के तहत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के सभी परिवारों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का संकल्प अंतिम दौर में है।
गाँव के हर गली को पक्की गली में परिवर्तित किया जा रहा है। जिले के सभी परिवारों को शौचालय मुहैय्या करायी जा चुकी है तथा शराबबन्दी भी लागू है। आयुष्मान भारत के अन्तर्गत नीचले पायदान पर खड़े लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, जननी बाल सुरक्षा योजना के अन्तर्गत शत्-प्रतिशत् संस्थागत प्रसव, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अन्तर्गत सभी गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य की निःशुल्क जाँच, जनसंख्या नियंत्रण के लिए परिवार नियोजन कार्यक्रम का सफल क्रियान्वयन, नवजात शिशु एवं बच्चों के सुरक्षित जीवन के लिए नियमित रूप से टीकाकरण एवं उनके पोषण के लिए पौष्टिक आहार की व्यवस्था आंगनवाड़ी एवं विद्यालय स्तर पर की जा रही है। जिला एवं प्रखण्ड स्तरीय अस्पतालों में लगातार स्वास्थ्य सुविधा का विस्तार किया जा रहा है। ओ.पी.डी. एवं आई.पी.डी. में लगातार बढ़ते मरीजों की संख्या इसका प्रमाण है। इस कड़ी में दरभंगा जिले में एम्स की स्थापना से न सिर्फ दरभंगा के बल्कि पूर्वांचल सहित मिथिलाचंल के लोगों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हो जाएगी। एम्स के लिए भूमि हस्तांतरण की कार्रवाई की जा रही है। आशा है कि यह शीघ्र तैयार हो जाएगा। दरभंगा जिला में मातृत्व एवं नवजात शिशु मृत्यु दर को नियंत्रित करने के उद्देश्य से वंडर नामक मोबाईल एप्प लॉन्च किया गया है।
इस एप्प में गर्भवती महिलाओं का निबंधन एवं उनका मेडिकल हिस्ट्री अपलोड किया जाता है। गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान किसी भी प्रकार की जटिलता उत्पन्न होने पर वंडर एप्प से एलर्ट (चेतावनी) जारी हो जाती है। वंडर एप्प के इस्तेमाल से जिला में पहली बार गर्भवती महिलाओं के चिकित्सीय व्यवस्था को डिजिटली मोनिटर किया जा रहा है। दरभंगा में वंडर एप्प का सफल क्रियान्वयन राज्य स्तर पर प्रशंसनीय रहा और इसे पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, नालन्दा सहित दरभंगा जिले में राज्य सरकार के स्तर से लागू करने का प्रयास जारी है। इस एप्प के आ जाने से समस्याग्रस्त गर्भवती महिलाओं की परेशानी समाप्त हो जाएगी और शत्-प्रतिशत् सुरक्षित प्रसव कराया जा सकेगा। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत दरभंगा के 16517 कन्याओं को लाभान्वित किया गया है। प्रधानमंत्री मातृ वन्दन योजना के तहत अबतक दरभंगा के 48,721 गर्भवती महिलाएँ लाभान्वित हुई है।
वहीं 4260 आँगनवाड़ी केन्द्रों पर तीन से छः साल के बच्चों को पौष्टिक आहार एवं दुध उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्ष 2020 विश्वव्यापी महामारी कोविड-19 (कोरोना) के लिए जाना जाएगा। इस विपदा से दरभंगा ही नहीं बल्कि देश/दुनियाँ भी प्रभावित रहा। लोगों को इस महामारी के संबंध में जागरूक करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार कराया गया। सरकार एवं प्रशासन की दूरदर्शिता एवं भागरथी प्रयास से यहाँ इसका कु-प्रभाव कम रहा। आयुक्त राधेश्याम साह ने कहा की 16 जनवरी 2021 से कोविड-19 के लिए टीकाकरण प्रारंभ हो गया है। हम आशान्वित हैं कि शीघ्र ही हम इस विपदा से निकलकर सामान्य जीवन में लौट आएगें। अच्छी शिक्षा के लिए पंचायत स्तर पर उच्च विद्यालय की व्यवस्था की गई है तथा विद्यार्थियों को पोशाक, छात्रवृत्ति एवं साईकिल उपलब्ध कराया जा रहा है। प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में निःशुल्क मध्याह्न भोजन की व्यवस्था जारी है। अनूसुचित जाति एवं जनजाति, कमजोर वर्ग बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए आवासीय कस्तुरबा गाँधी छात्रावास की व्यवस्था की गई है। साथ ही इन्टर करने पर 10 हजार एवं स्नातक करने पर 25 हजार रूपये प्रोत्साहन के रूप में दिया जा रहा है।
जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण एवं जल संचयन के उद्देश्य से प्राकृतिक जल स्रोतों यथा आहर/पैन/पोखर/तालाब आदि का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। हर घर बिजली लगातार योजना के तहत दरभंगा जिला में शत्-प्रतिशत घरों को बिजली से अच्छादित किया जा चुका है। जिले में लगातार सड़क, पुल और पूलिया का निर्माण कार्य जारी है। आवागमन की सुविधा में लगातार विस्तार जारी है। भारत माला परियोजना के अन्तर्गत औरंगाबाद के आमस से गया, पटना, वैशाली होते हुए दरभंगा तक 06 लेन सड़क का निर्माण कराया जाना है। इसके साथ ही समस्तीपुर-दरभंगा मार्ग को 04 लेन में परिवर्तित किया जा रहा है। इसी कड़ी में बहुप्रतीक्षित शंकर रोसड़ा-सिसौनी पथ पर भी निर्माण कार्य जारी है। 07 नवम्बर 2020 से दरभंगा एयरपोर्ट से हवाई उड़ान प्रारंभ हो जाने से तिरहुत एवं पूर्वांचल सहित मिथिलांचल के लोगों को दिल्ली, मुम्बई एवं बैंगलुरू जाना आसान हो गया है।
शीघ्र ही अहमदाबाद एवं कोलकत्ता के लिए हवाई सेवाएँ शुरू होने वाली है। समाज कल्याण विभाग के द्वारा दिव्यांग, बेसहारा, बुर्जूग, विधवा एवं निःसहाय लोगों के लिए निरंतर सहायता मुहैय्या करायी जा रही है। 03 लाख 77 हजार 238 लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र के सभी वर्ग के लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है। कबीर अन्येष्टि योजना, बिहार शताब्दी कुष्ठ कल्याण योजना, राष्ट्रीय परिवार लाभ योजना के तहत सहायता प्रदान किया जा रहा है तथा सामाज में समरास्ता कायम करने के लिए अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना के अन्तर्गत अंतर्जातीय विवाह करने वाले जोड़ो को एक लाख रूपये का वित्तीय सहायता प्रदान किया जा रहा है।
ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने हेतु बिहार ग्रामीण जीविका प्रोत्साहन समिति, जीविका द्वारा 41245 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है। जिला औद्योगिक नव प्रवर्तन उद्यमी योजना के अन्तर्गत दरभंगा जिले में एल.एल.पी. (लिमिटेड लायबिलिटी पार्टनरशिप) के आधार पर 05 समूहों को स्थापित करवाया गया है। जिनमें मिथिला पेंटिग, मखाना व्यंजन, फेवर ब्लॉक एवं रेडीमेड गारमेंट्स निर्माण का नूतन प्रयोग कर अप्रवासी कुशल मजदूरों को रोजगार मुहैय्या कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत जिले में वृहत उद्योग की स्थापना कर हजारों कुशल कामगारों को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास जारी है। आज इस पुनीत अवसर पर हम समाज के सभी लोगों का आह्वान करते हैं कि देश और राज्य को आगे बढ़ाने के लिए हम मिलजुलकर काम करेंगे एवं जागरूक रहकर एक स्वस्थ एवं समृद्ध देश का निर्माण करेंगे।
January 24, 2021

23.01.2021 (पटना) : डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने सरकारी अस्पतालों में गरीब मरीजों के इलाज की सुदृढ़ एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु अनुमंडलीय अस्पताल दानापुर का औचक निरीक्षण किया । पूर्वाह्न 10:30 बजे ही डीएम अनुमंडलीय हॉस्पिटल पहुंचे एवं सरकारी सुविधाओं की उपलब्धता तथा मरीजों का हालचाल/ फीडबैक प्राप्त करने लगे।निरीक्षण के क्रम में मौके पर 06 डॉक्टर, 11 जीएनएम एवं 3 अन्य कर्मी अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित डॉक्टरों में डॉ सुरेंद्र शरण, डॉ श्वेता सिंह डॉ मनीष कुमार डॉ स्वीटी ठाकुर, डॉक्टर तहसीन अख्तर डॉ बलराम प्रसाद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 11 जीएनएम एवं 3 अन्य कर्मी भी अपने कर्तव्य से निरीक्षण के क्रम में अनुपस्थित पाए गए। सभी अनुपस्थित डॉक्टर एवं जीएनएम, कर्मियों से कारण पृच्छा करने तथा मरीजों के हित में उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक को उन्होंने दिया। तत्पश्चात डीएम ने अस्पताल में दवा की उपलब्धता एवं वितरण की स्थिति की जांच की तथा मरीजों से इस संबंध में आवश्यक फीडबैक प्राप्त किया। जांच के क्रम में दवा की उपलब्धता एवं मरीजों के बीच वितरण की स्थिति सही पाया गया । निरीक्षण के क्रम में ओपीडी में इलाज हेतु 47 व्यक्ति निबंधित पाए गए तथा ओपीडी चालू अवस्था में पाया गया। डीएम ने अस्पताल उपाधीक्षक को डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा सभी आवश्यक सरकारी सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।