May 23, 2021

22.05.2021 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम की अध्यक्षता में बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर सभी अंचलाधिकारी के साथ ऑनलाइन बैठक की गई। बैठक में उन्होंने सभी अंचलाधिकारी को अपने अंचल में उपलब्ध निजी एवं सरकारी नाव का भौतिक सत्यापन करवा लेने का निर्देश दिया और किन पंचायतों में कहां-कहां नाव उपलब्ध है इसे सुनिश्चित कर लेने का निर्देश दिया। साथ ही इसकी अंतिम सूची जिला को उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने कहा कि प्रायः ऐसा देखा जाता है कि कागज पर नाव दिखला दिया जाता है। नाविक के साथ एकरारनामा भी हो जाता है। लेकिन, बाढ़ के दौरान पता चलता है कि नाव नहीं है। इसकी पुनरावृत्ति यदि होगी तो संबंधित अंचलाधिकारी निलंबित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि निजी नाव के लिए सरकार पैसा देती है। इसलिए सभी निजी एवं सरकारी नावों पर तीन बातें अंकित रहनी चाहिए। 1.सरकारी सेवा, 2.निःशुल्क, एवं 3. भार क्षमता या अधिकतम सवारी की संख्या साथ ही सभी नाव पर लाल झंडा भी लगा रहना चाहिए।
ऐसा देखा जाता है कि सरकार से पैसा मिलने के बावजूद नाविकों द्वारा लोगों से पैसा लिया जाता है और नाव पर भार क्षमता अंकित नहीं रहने के कारण आवश्यकता से अधिक लोगों को बैठा लिया जाता है जिसके कारण कभी कभी नाव दुर्घटना भी होती है। यदि कहीं भी बाढ़ के दौरान नाव दुर्घटना होगी तो संबंधित अंचलाधिकारी जिम्मेवार माने जाएंगे। उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी को अंचल वार रोस्टर बनाकर नावों की भार क्षमता का सत्यापन कर लेने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि घनश्यामपुर, हनुमाननगर, कुशेश्वरस्थान, कुशेश्वरस्थान पूर्वी एवं किरतपुर में प्रत्येक वर्ष बाढ़ आती है इसलिए वहां के अंचलाधिकारी इस पर विशेष ध्यान दें। बाढ़ के दौरान बाढ़ निरोधक एवं बाढ़ सहायता कार्य में लगाए जाने वाले कर्मियों का टीकाकरण की समीक्षा में पाया गया कि अभी तक सभी कर्मियों का टीकाकरण नहीं हो पाया है। उन्होंने सभी संबंधित अंचलाधिकारी को मंगलवार तक शत-प्रतिशत टीकाकरण करवा देने का निर्देश दिया।
संपूर्ति पोर्टल पर लाभुकों का आधार अद्यतीकरण की समीक्षा में पाया गया कि मनीगाछी, हायाघाट, अलीनगर, बिरौल और तारडीह में अद्यतीकरण का कार्य 20 से 25 प्रतिशत तक किया गया है शेष अंचल के कार्य प्रगति धीमी है। डीएम ने सभी अंचलाधिकारी को तेजी से आधार अद्यतीकरण का कार्य करने का निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अंचलाधिकारियों को आधार अद्यतिकरण के दौरान लाभुकों का सत्यापन भी करवाने का निर्देश दिया ताकि सही एवं योग्य लाभुक ही सूची में रह सके। कोरोना महामारी को देखते हुए सभी बाढ़ प्रभावित अंचल में अंचलाधिकारी को अपने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर आकस्मिकता के लिए एक-एक वोट एंबुलेंस आवश्यक दवाओं व उपकरणों के साथ व्यवस्था करवा लेने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी अंचलाधिकारी को अपने प्रखंड में एक सामुदायिक किचन क्रियाशील रखने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने एक-एक कर अपने अंचलधिकारियों से उनके अँचल के तटबंध की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। बैठक में अपर समाहर्ता विभूति रंजन चौधरी, उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी रवि कुमार, जिला आपदा प्रभारी पदाधिकारी सत्यम सहाय एवं संबंधित उपस्थित थे।
May 23, 2021

21.05.2021 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. द्वारा आज डीएमसीएच में बन रहे नया सर्जिकल भवन एवं सुपर स्पेशलिटी भवन में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया गया। वहां पाई गई कमियों को तुरंत दूर करने तथा पर्याप्त मात्रा में निर्माण सामग्री यथा ईंट, सीमेंट, बालू, गिट्टी, एवं पर्याप्त संख्या में मजदूर उपलब्ध रखने को कहा गया। उन्होंने बन रहे नये सर्जिकल भवन एवं सुपर स्पेशलिस्ट भवन के कार्यों में तेजी लाने को निर्देश दिये। उन्होंने संवेदक को सख़्त हिदायत दी कि निर्माणाधीन सर्जरी भवन के लिए निर्माण कार्य पूर्ण करने की निर्धारित तिथि जून 2022 तक एवं सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का निर्माण कार्य दो महीने के अंदर हर हाल में पूर्ण होना चाहिए। तत्पश्चात् डीएम द्वारा डी.एम.सी.एच. के कोरोना वार्ड का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने वहाँ पदाधिकारी, कर्मियों एवं सुरक्षा गार्ड को कई निर्देश दिए।
May 19, 2021
19.05.2021 (दरभंगा) : विदेशों में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों ने भी कोरोना मरीजों के लिए मदद भेजना शुरू कर दिया है। इस संबंध में दरभंगा जिला के तारालाही संतपुर विलेज डेवलपमेंट सोसाइटी के सचिव व चिकित्सक डॉ. राजकिशोर लाल दास ने कहा कि अमेरिका में रहने वाले उनके संबंधी एवं सहयोगी शशि पी कर्णा, गोविंद मल्लिक, फिलिप एर्नोल्ड, डॉ मिथिलेश दास, डॉ अर्चना झा, वंदना दास, इंदू दास, राजेश लाभ, कोलकता से अर्णव दास एवं नेपाल से श्रीरुधि बसन्यत के सहयोग से कोरोना पॉजिटिव मरीजों के इलाज के लिए 10 ऑक्सीजन सिलेंडर जंबो,100 फ्लोमीटर एवं 100 ऑक्सी मास्क रेडक्रोस, दरभंगा को उपलब्ध कराया गया है। डॉ. राजकिशोर लाल दास ने रेडक्रोस पहुंचकर कोरोना पीड़ितों के इलाज के लिए महत्वपूर्ण उक्त मेडिकल सामग्रियों को उपलब्ध कराया।
May 19, 2021

19.05.2021 (दरभंगा) : अपर मुख्य सचिव, समाज कल्याण विभाग-सह-प्रभारी सचिव जिला दरभंगा अतुल प्रसाद द्वारा डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल, डेडीकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर, कोविड केयर सेंटर में कोरोना मरीजों के इलाज की व्यवस्था एवं दरभंगा में बाढ़ पूर्व तैयारी की समीक्षा डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम के साथ वर्चुअल मीटिंग के द्वारा की गयी। उन्होंने डीएमसीएच के आईसीयू के सभी भेंडीलेटर को चालू कराने के लिए अतिरिक्त टेक्नीशियन को रखने की वैकल्पिक व्यवस्था करने का निदेश दिया और इसके लिए प्रतिनियुक्त एजेंसी से भी उन्होंने सीधी वार्ता की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है इसलिए सभी अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्रियाशील रहनी चाहिए। प्राप्त जानकारी के अनुसार कोविड केयर सेंटर में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। डीएम ने बताया कि जिले में 28 चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन निकाला गया था 19 चिकित्सकों को 17 मई 2021 को नियुक्ति पत्र दिया गया है। उन्हें योगदान करने हेतु 07 दिनों का समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि दरभंगा में कोरोना मृतकों के शवों का निष्पादन जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। गैस पर चलने वाला शवदाह गृह बनाया जा रहा है जो जून से चालू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी तक 2 लाख 89 हजार 63 लोगों को प्रथम डोज का टीकाकरण तथा 80 हजार लोगों को द्वितीय डोज का टीकाकरण किया जा चुका है। बाढ़ कार्य में लगाए जाने वाले 9 हजार 923 कर्मियों का टीकाकरण प्रारंभ कर दिया गया है। प्रभारी सचिव ने कहा कि एनडीआरएफ की टीम का भी टीकाकरण करा लिया जाए।
साथ ही डीएमसीएच क्षेत्र में जल-जमाव न हो यह सुनिश्चित कर लिया जाए। शहरी क्षेत्र में बाढ़ का प्रभाव न पड़े नहीं तो इलाज में परेशानी होगी। डीएम ने कहा कि बाढ़ नियंत्रण को लेकर जल संसाधन विभाग द्वारा 24 स्थलों को चिह्नित कर बांध मरम्मति कार्य की स्वीकृति दी गई थी। 19 स्थलों को जिला प्रशासन द्वारा शामिल करवाया गया है, उनमें सिमरा नेहालपुर शहर से जुड़ा हुआ बांध है। जिसका पानी शहरी क्षेत्र में प्रवेश कर जाता है इसकी मरम्मति आवश्यक है। जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि जिन योजनाओं में फरवरी 2021 में कार्य प्रारम्भ कराया गया है उनमें 80 प्रतिशत से अधिक कार्य हो गया है और ये सभी 10 जून तक पूर्ण कर लिए जाएंगे। डीएम ने बताया कि बाढ़ के दौरान वांछित आवश्यक सामग्री के लिए निविदा कर दर निर्धारित कर दिया गया है। जिले में 8 हजार पॉलीथिन शीट उपलब्ध हैं। चुकी मधुबनी एवं समस्तीपुर जिले भी को दरभंगा से ही पॉलिथीन दिया जाता है इसलिए 25 हजार पॉलीथिन शीट की आपूर्ति के लिए आदेश दिया जा चुका है। जिले में 585 निजी नाव उपलब्ध हैं, जिनके नाविकों से संबंधित अंचलाधिकारी द्वारा एकरारनामा किया जा चुका है तथा नावों का 03 साल के लिए पंजीकरण भी कराया जा चुका है। जिले में 180 सरकारी नाव हैं लेकिन, बाढ़ के दौरान और भी नाव की जरूरत पड़ती है। वर्ष 2019 में नाव क्रय करने पर रोक लगा दी गई थी यदि 100 नाव खरीदने की अनुमति मिल जाती तो इससे दरभंगा जिले को बहुत राहत मिलती। बाढ़ प्रभावित परिवारों को बाढ़ सहायता राशि उपलब्ध कराने हेतु संपूर्ति पोर्टल पर संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों के परिवारों का डाटाबेस अपलोड है जिन्हें आधार से लिंक करने की कार्रवाई की जा रही है। बैठक में उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार सिन्हा, उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला आपदा प्रबंधन प्रभारी पदाधिकारी सत्यम सहाय व वरीय उप समाहर्त्ता ललित राही उपस्थित थे।
May 19, 2021

19.05.2021 (दरभंगा) : अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में बिहार के सभी जिले के सभी प्रखण्डों में सामुदायिक किचन चलाने, हीट (होम आइसोलेशन टेस्टिंग) एप को क्रियान्वित करने, ग्रामीण क्षेत्र में अधिक से अधिक टेस्टिंग कराने तथा टीकाकरण को लेकर वर्चुअल मीटिंग की गयी। उन्होंने सभी डीएम को सम्बोधित करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बेसहारा व जरूरतमंद लोगों के लिए सभी प्रखण्डों में कम से कम 01 सामुदायिक किचन चालू रहना चाहिए। यदि किसी बच्चे को दुध चाहिए, तो वह भी उपलब्ध कराया जाए। यदि होम आइसोलेशन वाले के परिजन खाना ले जाना चाहता हैं, तो उसे भी उपलब्ध कराया जाए।
होम आइसोलेशन वाले मरीजों का प्रतिदिन ऑक्सिज लेवल और तापमान की जाँच की जाए और इसे हिट एप पर अपलोड करवाया जाए। इसके लिए किसी आई.टी. मैनेजर को नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही 04 चलन्त आर.टी.पी.सी.आर. टेस्टिंग लैब आने वाला है, जो घूम घूम कर लोगों का सैंपल संग्रहित करेगा और 24 घंटे के अन्दर रिपोर्ट देगा। 21 मई से पहला चलन्त लैब चलने लगेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है, इसलिए कोविड टेस्टिंग बूथ बनाकर कोरोना की जाँच करायी जाए। उन्होंने कहा कि 45 वर्ष से ऊपर वालों के लिए 10 लाख 45 हजार तथा 18 वर्ष से 44 वर्ष वालों के लिए 06 लाख 80 हजार टीका जल्द ही बिहार को मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड को फ्रंट लाईन वर्कर में शामिल करते हुए उनका टीकाकरण करा लिया जाए। दरभंगा से डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. ऑनलाईन जुड़े हुए थे।