November 21, 2021

17.11.2021 (दरभंगा) : जिले के बहेरी प्रखंड स्थित बलिगाओं पंचायत अंतर्गत कुमकुम जीविका महिला ग्राम संगठन की जीविका दीदियों ने बुधवार को मधनिषेध अभियान को मजबूती देने हेतु रैली निकाल कर जन जागरूकता अभियान चलाया। रैली में ग्राम संगठन की सभी जीविका दीदीयों ने सक्रिय भागीदारी निभायी। रैली बलिगाओं पंचायत में निकाली गई। दीदियों ने शराब के धंधेबाज और शराबियों के विरोध में जमकर नारेबाजी भी की। ‘जीविका दीदी करे पुकार शराब मुक्त हो अपना बिहार, शराब का जो हुआ शिकार, उजड़ा उसका घर परिवार। इन नारों के बैनर के साथ जीविका दीदियों ने शराब के धंधेबाजों व शराबियों के ख़िलाफ़ अपनी आवाज़ बुलंद की। दरभंगा में शराबबंदी को पूरी तरह से प्रभावकारी बनाने के लिए जीविका दीदी द्वारा लगातार व्यापक स्तर पर जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जीविका दीदियों ने रैली निकाल कर लोगों से शराब का सेवन नहीं करने की अपील की। जीविका दीदीयों ने यह भी बताया कि शराब का सेवन करने वाला इंसान अपने परिवार और समाज के लिए महज़ एक अभिशाप है। हमें हर हाल में अपने गांव को इस शराब रूपी ज़हर के दंश से बचाना है। शराब पीने से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में सभी से चर्चा भी की। रैली के बाद जीविका दीदियों ने पंचायत के सार्वजनिक स्थल पर शपथ ली कि अपने गांव के लोगों को शराब नहीं पीने देंगे साथ ही सभी ग्राम वासियों को अपने-अपने क्षेत्र में शराब का धंधा करने व शराब पीने वालों की जानकारी टाल फ्री नंबर 18003456268 / 15545 पर जानकारी देने की बात भी बतायी। मौके पर कुमकुम जीविका महिला ग्राम संगठन की सैकड़ो जीविका दीदीयां मौजूद थी।
November 21, 2021

16.11.2021 (दरभंगा) : समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीम राव अंबेडकर सभागार में राष्ट्रीय प्रेस दिवस का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम उप निदेशक, जन सम्पर्क, दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा-सह- प्रभारी जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, नागेन्द्र कुमार गुप्ता एवं पत्रकारों द्वारा दीप प्रज्वलित कर राष्ट्रीय प्रेस दिवस का शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए उप निदेशक, जन सम्पर्क, दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा-सह- प्रभारी जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, नागेन्द्र कुमार गुप्ता ने कहा कि Who Is Not, Afraid Of Media (कौन है, जो मीडिया से भयभीत नहीं हैं) इस विषय पर विचार-विमर्श करने के लिए या अपने विचार रखने के लिए यह विषय निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सबसे पहले मैं दरभंगा जिले के जितने भी संवाददाता हैं, ब्यूरो चीफ हैं, स्थानीय संपादक हैं, चैनल के जो भी जिला प्रतिनिधि हैं, उन सब का हार्दिक स्वागत करता हूँ एवं हार्दिक अभिनंदन करता हूं और राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मैं अपनी शुभकामनाएं भी उन्हें देता हूं। उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि मीडिया को चौथा स्तंभ भी कहा जाता है, जिस तरह से सरकार की तीन अंग होते हैं - कार्यपालिका, न्यायपालिका और विधायिका, उसी तरह पूरे सिस्टम में एक चौथा स्तंभ भी है - मीडिया, जो कि इन तीनों स्तंभों पर नजर रखती है। मीडिया अपना काम करती है और जो पद धारी हैं, बड़े-बड़े पद पर आसीन हैं उनके द्वारा समय-समय पर प्रेस को, जो उनके द्वारा किया गया कार्य है और जो उनके विभाग के द्वारा कार्य किया गया है या उस पद पर आसीन रहते हुए, जो काम उन्होंने किया है, उसे प्रेस के माध्यम से जनता को अवगत कराते हैं। प्रेस से भयभीत वे नहीं होते हैं, जो अपना काम नियम पूर्वक करते हैं। यूं तो काम करने में जाने-अनजाने में गलतियाँ होती रहती हैं। लेकिन देखा यह जाना चाहिए क्या गलती जान बूझकर की गई है या कार्य करने के दौरान अनजाने में हो गई। उन्होंने कहा कि जो निर्धारित नियम व प्रक्रिया के अनुसार काम करते हैं, जो दिए गए दायित्व को बखूबी निभाते हैं, उन्हें प्रेस से डरने की आवश्यकता आवश्यकता नहीं है।
संगोष्ठी में उपस्थित विभिन्न मीडिया संस्थानों से अभिषेक कुमार, देवेंद्र कुमार ठाकुर, विनय ठाकुर, सरफराज आलम, फिरोज, इरफान अहमद पैदल, मो. अब्दुल कलाम उर्फ गुड्डू, संतोष दत्त झा, संजय सिंह आदि ने भी संगोष्ठी में अपने कार्यानुभव को बताया। उप निदेशक, जन सम्पर्क, दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा-सह- प्रभारी जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा परिचर्चा में रखे गये विचार का स्वागत किया एवं उनके द्वारा उठाये गए मुद्दों तथा सुझावों पर अमल करने की प्रतिबद्धता प्रकट की।
November 15, 2021

14.11.2021 (दरभंगा) : बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन (BWJU) के सदस्यों की बैठक लक्ष्मीश्वर पुस्तकालय, लालबाग, दरभंगा में अध्यक्ष अमरेश्वरी चरण सिन्हा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मधुबनी पत्रकार हत्याकांड की कड़े शब्दों में निन्दा की है। यूनियन ने बिहार सरकार से इसकी निष्पक्ष जांच कराकर हत्यारों की गिरफ्तारी के साथ मृतक पत्रकार बुद्धिनाथ झा उर्फ अविनाश झा के परिवार को आर्थिक सहायता देने की भी मांग की है। पत्रकार की निर्मम हत्या देश के चौथे स्तम्भ पर हमला है।सरकार और प्रशासन पत्रकारों को सुरक्षा प्रदान करे जिससे पत्रकार अपने कर्तव्यों का पालन निर्भीक व स्वतंत्र रूप से कर सके। सदस्यों ने पत्रकार सुरक्षा कानून को बिहार में लागू करने की मांग को दुहराया। बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई की संगठन राज्य और केंद्रीय स्तर पर भी पत्रकारों की सुरक्षा के लिए आंदोलन करेगा। अंत में सदस्यों द्वारा राष्ट्रीय सहारा के ब्यूरो चीफ संजीव कुमार की माँ पूर्णिमा देवी व पत्रकार मनोज झा के असमय निधन पर दोनों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित कर एक मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त किया गया। उक्त बैठक में शशि मोहन भारद्वाज, विजय कुमार श्रीवास्तव, मुकेश कुमार, पुनीत कुमार सिन्हा, उत्तम सेन गुप्ता, प्रवीण कुमार चौधरी, मनीष कुमार सिन्हा, मनोज कुमार, दीपक कुमार झा, प्रवीण कुमार, राकेश कुमार, रवि कुमार, रविकांत ठाकुर, मो. मिन्नतुल्लाह, शकील अहमद, पंकज महासेठ , राजू सिंह, राम लखन झा आदि उपस्थित थे। बैठक के उपरान्त देर शाम पत्रकार हत्याकांड के विरोध में सभी सदस्यों द्वारा लालबाग स्थित चन्द्रशेखर चौक से भोगेन्द्र झा स्मारक तक कैंडिल मार्च निकाला गया जिसमे चौथे स्तम्भ पर हमला बर्दास्त नहीं, अविनाश के हत्यारे को गिरफ्तार करो, आदि के नारे लगाए गए।
November 15, 2021

14.11.2021 (दरभंगा) : बाल गृह व पर्यवेक्षण गृह, दरभंगा में दिनांक 14 नवम्बर से 20 नवम्बर 2021 तक चलने वाली बाल अधिकार संरक्षण सप्ताह के तहत आयोजित बाल दरबार कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई, दरभंगा नेहा नुपूर, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव मोहम्मद जावेद आलम एवं सहायक समाहर्ता अभिषेक पलासिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया ने कहा कि हमें चाचा नेहरू व देश के अन्य महान व्यक्तियों से प्रेरणा लेकर देश का उज्जवल भविष्य बनाना है। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव मो. जावेद आलम ने बच्चों को सत्य व अहिंसा का मार्ग अपनाने एवं देश की एकता व अखंडता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर बच्चों के द्वारा विविध प्रस्तुतियाँ की गयी, जिसमें स्वागत गान, नृत्य, गायन, कविता पाठ व बच्चों ने खुलकर कोविड-19 के दौरान हुए अपने अनुभवों को व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सहायक निदेशक नेहा नूपुर ने आगत अतिथियों को धन्यवाद देते हुए बताया कि दिनांक 16 नवम्बर को 05 बच्चों का समूह जिला पदाधिकारी के साथ संवाद करेंगे व अपनी मांगों व सुझाव देंगे। उन्होंने बताया कि 07 दिनों तक चलने वाली इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिता यथा - पेंटिंग, खेलकूद, गायन, वादन, फिल्म, बाल फिल्म, प्रदर्शन, नुक्कड़ नाटक, एवं कठ-पुतली नृत्य आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही उनकी इच्छाओं व सुझावों के अनुरूप बाल गतिविधियाँ भी की जाएगी। इसके अलावा बाल गृह व सामुदायिक स्तर पर एक-एक बालक का चयन कर 20 नवम्बर 2021 को पटना में होने वाली राज्य स्तरीय बाल दरबार कार्यक्रम में भाग लेने हेतु भेजा जाएगा, जहाँ बच्चों द्वारा माननीय समाज कल्याण मंत्री व अन्य विभागीय अधिकारियों के समक्ष कोविड-19 के दौरान हुई अपने अनुभवों व सुझावों को साझा करेंगे। सामुदायिक स्तर पर बालक का चयन "सेव द चिल्ड्रेन" द्वारा की जाएगी। इस मौके पर बाल संरक्षण पदाधिकारी पंकज कुमार सिन्हा, अधीक्षक पर्यवेक्षण गृह शशिकांत सिंह अधीक्षक बाल गृह दीपक सिंह व अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
November 15, 2021

14.11.2021 (दरभंगा) : दरभंगा जिला के सदर प्रखण्ड स्थित रामशल्ला गाँव में जीविका दीदियों द्वारा रविवार को शराब व शराब के धंधेबाजों के विरोध में रैली निकाल जन जागरूकता अभियान चलाया गया। रैली में लगभग 100 जीविका दीदीयों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। रैली रामशल्ला गांव से लेकर बलहा पंचायत तक निकाली गई। दीदियों ने अपने नारा में कहा कि 'अब जीविका दीदी जोश में, आओ शराबी होश में, जीविका दीदीयों ने ठाना है शराब मुक्त बिहार बनाना है। जैसे नारे के साथ लोगों को जागरूक किया। दरभंगा में शराबबंदी को पूरी तरह से प्रभावकारी बनाने के लिए जीविका दीदी द्वारा व्यापक स्तर पर जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जीविका दीदियों ने रैली निकाल कर लोगों से शराब का सेवन नहीं करने की अपील की। जीविका दीदियों ने इस दौरान नारा बुलंद करते हुए लोगों को चेताया की जो पीये दारू शराब उसका उजड़ गया घर परिवार। इस तरह के नारे से शराब पीने से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जन-जन तक जागरूकता फैलायी। रैली के बाद जीविका दीदियों ने पंचायत के सार्वजनिक स्थल पर शपथ ली कि अपने गांव के लोगों को शराब नहीं पीने देंगे साथ ही सभी महिलायें अपने-अपले क्षेत्र के शराब का धंधा करने व शराब पीने वालों की जानकारी टॉल फ्री नंबर पर जानकारी देने की बात भी बतायी। मौके पर सत्त जीविकोपार्जन योजना के यंग प्रोफेशनल दीपक, कुमार अभिनय सामुदायिक समन्वयक चंदन कुमार व सैकड़ो जीविका दीदीयाँ मौजूद थी।