June 30, 2022

30.06.2022 (DarbhangaOnline Desk) : मोतिहारी एसपी डॉ• कुमार आशीष के नेतृत्व में समस्त मोतिहारी पुलिस द्वारा अंतर्राष्ट्रीय नशा विमुक्ति दिवस को जोश और उल्लास के साथ मनाया गया। अंतर्राष्ट्रीय नशा विमुक्ति दिवस की शुरुआत सुबह प्रभात फेरी कार्यक्रम से हुई। इसमें शहर के के स्कूली बच्चों के साथ एनसीसी के रंगरूटों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रभात फेरी को एसपी द्वारा नगर थाना से हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया। पुलिस केंद्र में समापन उपरांत सभी प्रतिभागियों को नशा विमुक्ति एवं शराबबंदी के सकारात्मक सामाजिक प्रभाव के बारें में बताया गया। इस अवसर पर नशा विमुक्ति जागरूकता दौड़ का आयोजन नगर थाना से पुलिस केंद्र तक आयोजित किया गया। इस दौड़ के माध्यम आमलोगों को नशा और शराब के सामाजिक दुष्प्रभावों से जागरूक किया गया।
जागरूकता दौड़ में सबसे उम्दा प्रदर्शन करने वाले चयनित 3 प्रतिभागियों को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। पुलिस केंद्र मोतिहारी में नशा विमुक्ति और शराबबंदी पर आधारित एक चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें 200 से अधिक 14 वर्ष से कम उम्र के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। नाश विमुक्ति और शराबबंदी थीम पर केंद्रित सबसे उम्दा ड्राइंग के लिए चायनीज 03 प्रतिभागियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र से पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया। मोतिहारी पुलिस के सभी थानों, सभी अंचल निरीक्षक, सभी एसडीपीओ कार्यालयों, पुलिस केंद्र एवं पुलिस कार्यालय में वृक्षारोपण द्वारा मोतिहारी पुलिस की पर्यावरण मित्रवत पुलिसिंग के माध्यम से नशाबंदी और शराबबंदी की संकल्पना को और मजबूत किया।
युवाओं को नशा विमुक्ति और शराबबंदी के प्रभावी क्रियान्वयन में एक सक्रिय भूमिका निभाने एवं उनको इस मुहिम के लिए जागरूक करने हेतु एसपी द्वारा एक विशेष कार्यक्रम दिनांक 26.06.2022 को Coffee with SP का आयोजन न्यू ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि शीर्षत कपिल अशोक, भा•प्र•से•, डीएम, मोतिहारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में डीएम द्वारा मोतिहारी पुलिस की इस नयी पहल को नशा विमुक्ति एवं शराबबंदी अभियान के लिए एक गेमचेंजर एवं तीव्र उत्प्रेरक बताया गया।कार्यक्रम में शिरकत करते हुए डी•आर•सिंह, कमांडेंट, एसएसबी द्वारा नशा विमुक्ति एवं शराबबंदी के संबंध में युवाओं को एसएसबी की पहल के बारें में बताने के साथ-साथ एसएसबी में युवाओं के लिए कैरियर के मौकों के बारें में बताया। कार्यक्रम में शामिल सौरभ सुमन यादव, भा•प्र•से•, अनुमंडल अधिकारी, मोतिहारी सदर एवं चंद्र प्रकाश, भा•पु•से•, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रक्सौल द्वारा यूपीएससी एग्जाम की तैयारियों की बारीकियों को युवाओं को बताने के साथ-साथ युवाओं को नशाबंदी एवं शराबबंदी को साकार करने में एक अच्छे नागरिक की भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में पुलिस अधीक्षक डॉ• कुमार आशीष, भा•पु•से• द्वारा सभी युवाओं को मोटिवेट करते हुए समाज के अच्छे नागरिक के रूप में ऊर्जा और उत्साह के साथ नशाबंदी एवं शराबबंदी को लागू करने में सहयोग की अपील की गयी। एसपी द्वारा उपस्थित सभी युवाओं को उनके कैरियर के चुनाव, उसकी शिद्दत से तैयारी एवं सफलता के बेहद खास गुर बताया गया। कार्यक्रम में सभी युवाओं को पुलिस अधीक्षक द्वारा अपने छात्र जीवन, यूपीएससी एग्जाम की तैयारी और सफलता के लिए संघर्ष के बारें में बताते हुए उनको एक अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में नशा विमुक्ति एवं शराबबंदी को साकार करने की दिशा में एसपी द्वारा 2000 की क्षमता वाले ऑडिटोरियम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि में शामिल न होने एवं आजीवन शराब का सेवन न करने की शपथ दिलाई गयी। सभी प्रतिभागियों को शराब की बुराइयों एवं शराबबंदी के क्रियान्वयन में पुलिस द्वारा की गई कठोर कार्रवाइयों से प्रिंटेड पम्पलेट के द्वारा जागरूक किया गया। एसपी द्वारा उपस्थित सभी युवाओं को कानून का पालन करने वाला अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हुए शराब से संबंधित किसी भी सूचना के लिए सरकार द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 15545 के उपयोग की जानकारी दी गयी।
कार्यक्रम में एसपी द्वारा युवा पीढ़ी के शराबबंदी एवं नशा विमुक्ति से जुड़े विभिन्न शंकाओं एवं कानून के प्रावधानों से संबंधित सवालों का भी सटीक एवं सुस्पष्ट उत्तर दिया गया। इस परस्पर संवादात्मक कार्यक्रम के द्वारा एसपी श्री कुमार ने युवा पीढ़ी को नशा विमुक्ति एवं शराबबंदी के सशक्त अनुपालन की ओर प्रेरित करते हुए इससे समाज को होने वाले दूरगामी फायदों के बारे में जागरूक किया। युवाओं को नशाबंदी एवं शराबबंदी के सकारात्मक सामाजिक प्रभावों से जागरूक करते हुए उनको एक अपराध मुक्त समाज के नवनिर्माण में सहयोग करने की अपील कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रहा। उपस्थित सभी युवाओं ने बेहद ओज और ऊर्जा के साथ सरकार के नशा विमुक्ति और शराबबंदी के महाअभियान में अपना हर संभव सहयोग देने की शपथ ली।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के सभी वरीय पदाधिकारी के अलावा सभी एसडीपीओ, सभी अंचल निरीक्षक एवं सभी थानाध्यक्ष, मोतिहारी जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के प्रधानाध्यापक, सिविल सर्जन, उत्पाद अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक (विशेष शाखा), जिला समादेष्टा, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी, सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा), इत्यादि भी सक्रिय रूप से सम्मिलित हुए।
June 30, 2022

30.06.2022 (दरभंगा) : दरभंगा के प्रसिद्ध श्यामा माई मंदिर के न्यास समिति द्वारा आज मंदिर परिसर में अवस्थित सभागार में श्यामा माई मंदिर न्यास समिति की बैठक आयोजित की गयी। जिसमे डीएम सह न्यास समिति के पदेन सचिव राजीव रौशन के द्वारा इस बैठक में भाग लिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर में आयोजित श्यामा माई मंदिर न्यास समिति की बैठक में पहली बार किसी डीएम ने भाग लिया। बैठक में मंदिर को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने हेतु विचार विमर्श किया गया तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनमें नौका विहार में बच्चों से लिए जाने वाले शुल्क 50 रुपये प्रति टिकट को घटाकर 20 रुपये करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा व कल्याण कार्य हेतु जन कल्याण समिति बनाई गयी, जो जन सुविधा एवं जनकल्याण के कार्यों की निगरानी एवं अनुश्रवण करेगी। बैठक में श्यामा माई मंदिर न्यास समिति के उपाध्यक्ष कमला कांत झा एवं कार्यकारी सचिव सह कुलपति ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय श्रीपति मिश्र, मंदिर के प्रबंधक, कोषाध्यक्ष एवं अन्य सभी सदस्य उपस्थित थे।
June 30, 2022

30.06.2022 (दरभंगा) : डीएम राजीव रौशन द्वारा पुअर होम में चल रहे आई हॉस्पिटल, डेंटल क्लिनिक, आयुर्वेद योगा केन्द्र(जो संचालित नहीं है), सृजन मिथिला पेंटिंग एवं वहाँ पर चल रहे सभी कार्यों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही डीएम द्वारा पुअर होम में चल रहे दोनों विद्यालय का भी निरीक्षण किया गया। बताया गया कि पुअर होम परिसर में 2 विद्यालय संचालित किए जाते हैं, जिसमें एक मूक बधिर विद्यालय एवं दूसरा नेत्रहीन विद्यालय है। नेत्रहीन विद्यालय में 58 तथा मुक्त बधिर विद्यालय में 39 बच्चे नामांकित हैं। वहाँ उपस्थित पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि विद्यालय भवन का रंग रोगन एवं मरम्मति कराने हेतु कार्यपालक अभियंता (भवन) को पत्र लिखा गया है। इस अवसर पर सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) नेहा कुमारी व पुअर होम के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
June 30, 2022

30.06.2022 (दरभंगा) : विधि का उल्लंघन करने वाले बालकों के संबंध में निर्णय लेने के लिए प्रत्येक जिले में किशोर न्याय बोर्ड के गठन का प्रावधान है। बोर्ड में प्रधान मजिस्ट्रेट व संबंधित जिले से दो सामाजिक कार्यकर्ता सदस्य (सदस्यों में कम से कम एक महिला) के न्यायपीठ का गठन किया जाना है, इसे लेकर दरभंगा में दो सदस्य के रिक्त पदों के विरुद्ध सामाजिक कार्यकर्ताओं का चयन किया जाना है। पांच सदस्यीय बाल कल्याण समिति में एक पद अनुसूचित जाति/जनजाति के लिए भी रिक्त है। किशोर न्याय बोर्ड के सामाजिक सदस्य के रूप में चयन के लिए इच्छुक संबंधित जिला के निवासी तथा कागजात के साथ वेबसाइट https://state.bihar.gov. in/social welfare/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन 25 जून से प्रारंभ है और 11 जुलाई तक आवेदन किया जा सकेगा, सामाजिक कार्यकर्ता सदस्यों की आयु न्यूनतम 30 वर्ष और अधिकतम 65 वर्ष होगी जिसकी गणना 01.06.2022 से की जाएगी। बोर्ड के सदस्यों के प्रत्येक बैठक के लिए 1500 रुपये (अधिकतम 20 बैठक) का प्रावधान है बैठक का निर्धारण किशोर न्याय अधिनियम के नियमानुसार होगा। स्नातकोत्तर डिग्री के साथ सामाजिक कार्यकर्ता उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में स्नातक (प्रतिष्ठा) डिग्री प्राप्त सामाजिक कार्यकर्ता के आवेदन पर विचार किया जाएगा। आवेदक को आवेदन भरने में तकनीकी समस्या help-deskrecruitment.dsw22@gmail. com पर मेल करेंगे जो आवेदन भरने की अंतिम तिथि तक मान्य है। पांच सदस्यीय बाल कल्याण समिति के अनुसूचित जाति/जनजाति के लिए रिक्त एक पद के लिए भी उम्र सीमा व योग्यता वही रखी गयी है।
June 29, 2022

29.06.2022 (DarbhangaOnline Desk) : प्राप्त जानकारी के अनुसार स्टेशन पुनर्विकास परियोजना के तहत विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित करने हेतु पूर्व मध्य रेल के कुल 12 स्टेशनों यथा - दानापुर मंडल के राजेन्द्रनगर एवं बक्सर, सोनपुर मंडल के मुजफ्फरपुर, बेगुसराय एवं बरौनी, समस्तीपुर मंडल के दरभंगा, सीतामढ़ी, बापूधाम मोतीहारीय पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल के गया एवं पं.दीन दयाल उपाध्याय जं तथा धनबाद मंडल के धनबाद एवं सिंगरौली का चयन किया गया है तथा इन स्टेशनों के पुनर्विकास हेतु प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गयी है। धार्मिक एवं पर्यटन दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण गया स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन बनाने के लिए अंतिम रूपरेखा तैयार हो जाने के बाद निविदा जारी कर दिया गया है। गया स्टेशन का पुनर्विकास कार्य लगभग 300 करोड़ रूपए की अनुमानित लागत से पूरा किया जाएगा तथा इसे वर्ष 2024 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है । पुनर्विकास से जुड़े कार्य पूरा होने के बाद यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं प्राप्त होंगी। पुनर्विकास के बाद गया स्टेशन उन्नत यात्री सुविधाओं के साथ तकनीक, स्थानीय संस्कृति और समृद्ध विरासत का आकर्षक मेल बनेगा। पुनर्विकास के उपरांत गया स्टेशन पर यात्रियों को सेवा प्रदान करने की क्षमता तीन गुणा बढ़ जायेगी। इससे पर्यटकों की संख्या में वृद्धि के साथ-साथ अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार का सृजन होगा जिसका लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा। स्टेशन पुनर्विकास का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को संरक्षा, बेहतर अनुभव एवं विश्वस्तरीय यात्री सुविधाएं प्रदान करना है।
स्टेशन को विश्वस्तरीय रूप देते हुए स्टेशनों को अत्याधुनिक सुविधा से सुसज्जित करते हुए स्टेशन को ग्रीन बिल्डिंग का रूप दिया जाएगा, जहां वेंटिलेशन आदि की पर्याप्त व्यवस्था होगी। स्टेशन पर एक्सेस कंट्रोल गेट एवं प्रत्येक प्लेटफार्म पर एस्केलेटर एवं लिफ्ट लगाए जाएंगे, ताकि एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर आने-जाने में यात्रियों को सुविधा हो। यात्रियों को प्रदान की जाने वाली आवश्यक सुविधाओं में खान-पान, वॉशरूम, पीने का पानी, एटीएम, इंटरनेट आदि शामिल होंगे । इससे आम यात्रियों के साथ वरिष्ठ नागरिक विशेष रूप से लाभान्वित होंगे।विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में पुनर्विकास के उपरांत गया स्टेशन पर रेल यात्रियों के स्टेशन पर आगमन एवं प्रस्थान के लिए अलग-अलग व्यवस्था के तहत आगमन भवन एवं प्रस्थान भवन का निर्माण एवं तीर्थयात्रियों के लिए अलग भवन का निर्माण किया जायेगा। स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार ऐसे होंगे, जिससे यात्रियों को भीड़-भाड़ का सामना नहीं करना पड़े। वर्तमान की तुलना में मुख्य स्टेशन भवन के लिए 2.35 गुणा अधिक जगह तथा पार्किंग एरिया के लिए 4.9 गुणा अधिक जगह उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही प्रतीक्षालय के लिए अतिरिक्त 6400 वर्गमीटर कॉनकोर्स एरिया, स्टेशन पर कुल 23 लिफ्ट एवं 11 एस्केलेटर की सुविधा, मौजूदा 3100 वर्गमीटर प्लेटफार्म क्षेत्र और एफओबी का उन्नयन, अतिरिक्त टिकटिंग सुविधा, दिव्यांग अनुकूल सुविधाएं, ग्रीन ऊर्जा हेतु स्टेशन भवन पर सौर पैनल का प्रावधान, रेन वाटर हार्बेस्टिंग का प्रावधान, वाटर रिसाइक्लिंग प्लांट, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं अग्निशमन आदि की व्यवस्था होगी।