June 29, 2022

28.06.2022 (पटना) : आयुक्त, पटना प्रमंडल कुमार रवि ने कहा है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वे आज अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित शिक्षा विभाग की प्रमंडल-स्तरीय मासिक समीक्षात्मक बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। इसमें प्रमंडल अन्तर्गत छः जिलों-पटना, नालन्दा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास एवं कैमूर- के जिला पदाधिकारी/उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे। उन्होंने कहा कि विद्यालयों का सफल संचालन एवं योजनाओं का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए सभी पदाधिकारियों को प्रतिबद्ध रहना होगा। इस बैठक में आयुक्त कुमार रवि ने प्रमंडलान्तर्गत शिक्षा विभाग की 08 मुख्य बिन्दुओं पर समीक्षा की तथा अद्यतन प्रगति का जायजा लिया। क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, पटना प्रमंडल द्वारा पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सभी जिलों का समेकित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। विद्यालयों का निरीक्षण एवं शिक्षक-छात्रों की उपस्थिति, छात्रवृत्ति योजना, पोशाक योजना, मुख्यमंत्री बालक/बालिका साईकिल योजना, विद्यालय में शौचालय निर्माण, विद्यालयों में पेयजल की स्थिति, शैक्षणिक परिभ्रमण तथा पीएम पोषण (मध्याह्न भोजन) योजना का अनुश्रवण सहित सभी बिन्दुओं पर आयुक्त श्री रवि ने विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक निदेश दिया।
आयुक्त ने पदाधिकारियों को निदेश दिया कि सरकार के निदेशानुसार विद्यालयों का नियमित तौर पर निरीक्षण करें एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना, मुख्यमंत्री पोशाक योजना, मुख्यमंत्री बालक/बालिका साईकिल योजना सहित सभी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का निरीक्षण करें। विद्यालयों में पेयजल एवं शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित करें। आयुक्त के संज्ञान में लाया गया कि प्रमंडल अन्तर्गत कुल विद्यालयों की संख्या 11,646 के विरूद्ध 11,462 विद्यालयों में पीएम पोषण योजना (मध्याहन भोजन) का संचालन हो रहा है। आयुक्त ने शेष 184 विद्यालयों में भी पीएम पोषण योजना शीघ्र शुरू करने का निदेश दिया। उन्होंने विद्यालय शिक्षा समिति का गठन, रसोईयों की बहाली, खाद्यान्न की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने का निदेश दिया।बैठक में आयुक्त द्वारा मुख्यमंत्री पोशाक योजना की समीक्षा की गई। प्रमंडल अंतर्गत मुख्यमंत्री पोशाक योजना (वर्ग 1 से 8 तक) के अंतर्गत विद्यालयों की कुल संख्या 11,302 है। नामांकित छात्रों की संख्या 21,60,745 है। मुख्यमंत्री पोशाक योजना की उपलब्धि 91.81 प्रतिशत है।
आयुक्त द्वारा मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना (वर्ग 09 से 12 तक) की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि कुल 1600 विद्यालयों में 6,71,246 छात्रा नामांकित हैं। मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना के क्रियान्वयन में उपलब्धि 83.7 प्रतिशत है। मुख्यमंत्री बालक/बालिका साईकिल योजना में लक्ष्य के विरूद्ध उपलब्धि 76.84 प्रतिशत है। आयुक्त श्री रवि ने इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु डीबीटी/पोर्टल के माध्यम से लाभुकों के खाते में राशि के अंतरण की नियमित समीक्षा करने का निदेश दिया। आयुक्त कुमार रवि ने प्रमंडल अन्तर्गत सभी विद्यालयों में शौचालय एवं पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निदेश दिया। उन्होंने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति मेधावृत्ति योजना का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निदेश दिया। आयुक्त ने प्राथमिक शिक्षा से उच्चतर माध्यमिक शिक्षा तक बच्चों के नामांकन की निरंतरता को बनाये रखने के लिए रणनीति के अनुसार कार्य करने का निदेश दिया। उन्होंने प्रारंभिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में अतिरिक्त वर्ग कक्षों एवं शौचालयों का निर्माण कार्य को ससमय पूर्ण करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के विरूद्ध शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने के लिए सभी पदाधिकारियों को तत्पर एवं दृढ़संकल्पित रहना पड़ेगा।
June 29, 2022

28.06.2022 (पटना) : आयुक्त, पटना प्रमंडल, पटना कुमार रवि ने जेपी गंगा पथ पर यातायात नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करने का निदेश दिया है। वे आज आयुक्त कार्यालय स्थित सभाकक्ष में इस विषय पर आयोजित एक बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा की नव-उद्घाटित जेपी गंगा पथ लोक आकर्षण का एक महत्वपूर्ण केन्द्र है। पर्यटन के दृष्टिकोण से भी यह काफी महत्वपूर्ण है। अतः इस पर सुचारू एवं सुगम यातायात प्रबंधन तथा विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करना आवश्यक है। डीएम डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने जेपी गंगा पथ पर यातायात नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण हेतु कार्य योजना प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस पथ पर भीड़ का एक प्रमुख कारण पार्किंग की व्यवस्था नहीं होना है। प्रशासन द्वारा 4 जगहों को पार्किंग स्थल के रूप में चिन्हित करने का निर्णय लिया गया है- जनार्दन घाट के पास, बिंद टोली के पास, जेपी सेतु के पूरब-दक्षिण कोने पर एवं ए एन सिन्हा संस्थान के पास। विधि व्यवस्था संधारण हेतु संपूर्ण जेपी गंगा पथ के लिए एक पुलिस ओपी बनाने का निर्णय लिया गया है।
यह ओपी गंगा पथ और अटल पथ के मिलान बिंदु पर रोटरी के पास दक्षिण तरफ बनाया जाएगा। साथ ही 2 गाड़ियों को हाईवे पेट्रोलिंग के लिए तैनात करने का निर्णय लिया गया है। ये गाड़ियां सघन गश्ती करेंगी एवं यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करेंगी। पीएमसीएच की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए गंगा पथ से पीएमसीएच के लिए डेडीकेटेड सड़क से आम लोगों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस डेडीकेटेड लेन से केवल पीएमसीएच के डॉक्टर्स, स्टाफ एवं एंबुलेंस आ जा सकते हैं। जेपी गंगा पथ पर पीएमसीएच के पास ड्रॉप गेट बनाया जा रहा है तथा यहां चेक पोस्ट का भी निर्माण किया जाएगा। आयुक्त श्री रवि ने निदेश दिया कि विधि-व्यवस्था संधारण हेतु दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाए। उन्होंने नो पार्किंग जोन, नो स्टॉपेज, नो वेंडिंग जोन सहित अन्य सभी मानकों पर अधिक-से-अधिक संख्या में संकेतक (साईनेज) लगाने का निदेश दिया। उन्होंने नजदीकी हेल्थ फैसिलिटी को विकसित करने का निदेश दिया। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी, पाटलिपुत्र अंचल, पटना नगर निगम को जेपी गंगा पथ पर समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निदेश दिया।
उन्होंने कहा कि टीम बनाकर इसके लिए कार्रवाई करें। आयुक्त कुमार रवि ने जेपी गंगा पथ पर इन्ट्री एवं एक्जिट प्वाइंट सहित अन्य सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी/कैमरा लगाने का निदेश दिया। उन्होंने नगर आयुक्त-सह-प्रबंध निदेशक, पटना स्मार्ट सिटी लि0 को स्पीड व्यालेशन डिटेक्शन, एडेप्टिव ट्रैफिक कन्ट्रॉल सिस्टम एवं सिटी सर्विलेंस प्रणाली अधिष्ठापित करने के लिए कार्य योजना बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि उत्तम तकनीकों के इस्तेमाल से यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सकता है। साथ ही इससे मानव व्यवहार, समूह व्यवहार, महिला सुरक्षा सहित विधि-व्यवस्था संधारण में भी सहायता मिल सकती है। बैठक से पहले आयुक्त श्री रवि ने जेपी गंगा पथ का निरीक्षण किया। उन्होंने उप महाप्रबंधक, बिहार स्टेट रोड डेवलपमेन्ट कॉपोरेशन लिमिटेड श्री अरूण कुमार को जेपी गंगा पथ के सौन्दर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने का निदेश दिया। जेपी गंगा पथ पर आने वाले व्यक्तियों खासकर युवाओं से आह्वान किया कि वाहन का परिचालन नियंत्रित गति से करें। तेज गति से वाहन न चलाएँ। यह जानलेवा साबित हो सकती है।
June 28, 2022

28.06.2022 (दरभंगा) : कोविड-19 के संक्रमण के पुनः बढ़ती संख्या को देखते हुए दरभंगा जिला में इस पर नियंत्रण रखने हेतु डीएम राजीव रौशन द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर शत-प्रतिशत मास्क का उपयोग सुनिश्चित कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया है। कोविड-19 के संक्रमण के बढ़ते खतरे से बचने के लिए कोविड-19 के लिए जारी गाइडलाईन जिसमें दो गज की सामाजिक दूरी का पालन करना, बार-बार हाथ सेनीटाइज करना एवं सार्वजनिक स्थलों पर मास्क पहनकर ही निकलना अनिवार्य कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी अनुसार हाल के दिनों में पुनः कोविड-19 के मरीजों की संख्या में वृद्धि हो रही है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों को पुनः कोविड-19 की जाँच में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
June 28, 2022

27.06.2022 (दरभंगा) : मिथिला स्टूडेंट यूनियन के द्वारा दरभंगा म्यूजियम बचाओ अभियान के तहत एक दिवसीय धरना का आयोजन लहेरियासराय पोलो फील्ड धरनास्थल पर किया गया। इस बात की जानकारी देते हुए एमएसयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता अमन सक्सेना ने बताया की सरकार के द्वारा एक साजिश के तहत मिथिला के धरोहर को पटना ले जाने की साजिश रची जा रही हैं। दरभंगा म्यूजियम का सामान प्रदर्शनी के नाम पर पटना ले जाने का कोशिश किया जा रहा था जिसका विरोध संगठन के द्वारा किया गया। कल सुचना मिला हैं की इस पर रोक लगा दिया गया हैं, जिसको देखते हुए आज सांकेतिक धरना का आयोजन किया गया। हमारी मांग हैं की दरभंगा म्यूजियम का संरक्षण करते हुए इसकी बचाव का काम किया जाये दरभंगा में पर्यटन के लिए दरभंगा म्यूजियम का अहम स्थान हैं लेकिन इस म्यूजियम में सरकार की उदासीनता के कारण बचा हुआ सामान नष्ट हो रहा हैं। पासान युग के कई अवशेष जो इस चंद्रधारी संग्रहालय में रखा हुआ हैं संरक्षण के अभाव में नष्ट हो रहा हैं। धरना का नेतृत्व एमएसयू नगर अध्यक्ष अर्जुन कुमार दास कर रहे थे मंच संचालन एमएसयू के राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रभारी उदय नारायण झा ने किया। धरना को संबोधित करते हुए हुए एमएसयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अविनाश भारद्वाज व दरभंगा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने कहा जैसे मेरा चीनी मिल छिन लिया गया, मेरा पेपर मिल छीन लिया गया, दरभंगा से राजधानी छीन लिया गया, उसी तरह से हमारा धरोहर छिना जा रहा हैं लेकिन अब मिथिला के युवा जाग चुके हैं। जब भी मिथिला के संस्कृति परंपरा धरोहर और मैथिलो के साथ खिलवाड़ करने का काम किया जाएगा मिथिला स्टूडेंट यूनियन इसका पुरजोर तरीके से विरोध करने का काम करेगा। आज सांकेतिक धरना दिया गया अगर जरुरत पड़ा तो उग्र आंदोलन भी किया जाएगा।
सरकार के द्वारा पटना में म्यूजियम बनाने के लिए 2 हजार करोड़ रुपया खर्च किया गया लेकिन दरभंगा शहर में अवस्थित दो म्यूजियम होने के बाबजूद यहाँ पैसा खर्च नहीं किया जाता हैं। जैसे तैसे म्यूजियम चलाया जा रहा हैं। एक समय था जब दरभंगा को दिल्ली बनाने वाले नेता ने करोड़ो रुपया खर्च कर यहाँ पार्क बनाया, वाटर वोटिंग की व्यस्था की गयी, लेकिन सिर्फ एक दिन का सुख दरभंगा के लिए कभी दुबारा नहीं आया। एक दिन के बाद वाटर वोट काम करना बंद कर गया। वाटर फॉगिंग बंद हो गया, करोड़ो रुपया बर्बाद हो गया, इसी तरह से दरभंगा म्यूजियम के कैंपस में करोड़ो रुपया से मूर्तियों का निर्माण किया गया उसके ऊपर शेड तक नहीं लगाया हैं जिस कारण बारिश के पानी में मूर्ति ख़राब हो रहा हैं। तत्काल सभी मूर्ति के ऊपर शेड लगाया जाए। म्यूजियम के पीछे दिग्घी जैसा बड़ा पोखर हैं अगर यहाँ पर वाटर वोट जैसी सुविधा दिया जाए तो दरभंगा म्यूजियम को पर्यटन के रूप में विकसित किया जा सकता हैं और कमाई भी किया जा सकता हैं जिससे कई लोगो को रोजगार भी मिलेगा। इसके लिए मिथिला और दरभंगा के लोगो को एमएसयू के साथ सपना देखना होगा जिसके लिए मिथिला स्टूडेंट यूनियन प्रतिबद्ध हैं। धरना को संगठन के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव गोपाल चौधरी, दरभंगा जिला उपाध्यक्ष अमित मिश्रा, जिला प्रधान सचिव भरत महापत्रा, जिला सोशल मीडिया प्रभारी चंदू मिश्रा, पूर्व दरभंगा जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार झा, बिरौल प्रखंड अध्यक्ष नवीन सहनी, दरभंगा वार्ड 40 अध्यक्ष अविनाश सहनी, वार्ड 07 अध्यक्ष अमित काँस्यकर, विकाश मैथिल, गौतम कुमार चौधरी, सुमित कुमार समेत कई सेनानीयों ने संबोधित किया।
June 28, 2022

27.06.2022 (दरभंगा) : दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन सह सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने डीएम राजीव रौशन के साथ दरभंगा एयरपोर्ट के विकास, विस्तार एवं यात्री सुविधा से जुड़े विभिन्न विषय और दरभंगा एम्स को लेकर बैठक की। बैठक के दौरान मुख्य रूप से दरभंगा एयरपोर्ट पर वर्तमान टर्मिनल बिल्डिंग का विस्तार एवं नए टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण, 78 एकड़ भूमि का जल्द अधिग्रहण, एयरपोर्ट का नामकरण कवि कोकिल महाकवि बाबा विद्यापति जी के नाम पर करने, दरभंगा एयरपोर्ट से देश- विदेश एवं महत्वपूर्ण धार्मिक स्थानों के लिए फ्लाइट प्रारंभ करने, रनवे कार्य पूर्ण करने, वाहन पार्किंग की व्यवस्था, डिजिटल डिस्प्ले सिस्टम लगाने, सुरक्षा दृष्टिकोण को देखते हुए चहारदीवारी ऊँचीकरण, नील गाय एवं अन्य जंगली पशु हटाने एवं सीसीटीवी कैमरा लगाने, रनवे पर विजिबिलिटी यंत्र लगाने और प्रवेश द्वार से टर्मिनल भवन तक यात्रियों के आवागमन हेतु विमान कम्पनियों द्वारा ई-वेहिकल की सुविधा उपलब्ध कराने, एयरपोर्ट की सुरक्षा हेतु केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल(सीआईएसएफ) से कराने सहित कई अन्य विषयों पर चर्चा हुई।सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि आधारभूत संरचना के विकास हेतु सबसे मूलभूत 78 एकड़ जमीन के हस्तांतरण की यथास्थिति से अवगत होते हुए डीएम को उपयुक्त कदम उठाने को कहा है। बैठक के पश्चात सांसद डॉ ठाकुर, एयरपोर्ट डायरेक्टर मनीष कुमार और डीजीएम चांदना के साथ 36 करोड़ की लागत से 2.4 एकड़ भूमि पर बनने वाले टर्मिनल बिल्डिंग का स्थल निरीक्षण कर जायजा लिया और जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि नए टर्मिनल बिल्डिंग बन जाने से यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान सांसद डॉ ठाकुर ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन और ईस्टर्न रीजन के आरईडी मनोज गंगल से दूरभाष पर बात कर दरभंगा एयरपोर्ट से रांची, देवघर, गुवाहटी, काठमांडू सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए हवाई सेवा शुरू करने सहित अन्य यात्री सुविधा एवं एयरपोर्ट विकास कार्यों में और तेजी पर चर्चा किए। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि अब दरभंगा एयरपोर्ट पर सुबह नौ बजे से विमानों का लैंडिंग सेवा प्रारंभ हो गया, जिससे अब एयरपोर्ट से सुबह 09.00 बजे से शाम 4.45 तक विमानों का आवागमन हो रहा है। यात्री सुविधा को देखते हुए दरभंगा एयरपोर्ट पर मौजूद वर्तमान यात्री प्रतीक्षालय, अब पूर्णतः वातानुकूलित बन रहा है और यह कार्य जल्द पूर्ण हो जाएगा। जिससे आने वाले दिनों मंय यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
सुरक्षा विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान में एयरपोर्ट पर मौजूद चहारदीवारी का ऊंचीकरण एवं फैंसिंग, नीलगाय एवं अन्य जंगली जानवर को हटाने का कार्य जरूरी है, उन्होंने इसे मिशन मोड में पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही दिल्ली मोड़ से एयरपोर्ट तक प्राथमिकता के आधार पर सीसीटीवी कैमरा लगाने को कहा है। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे तहत बीते कल दरभंगा हवाई अड्डा के नए प्रवेश द्वार पर नव निर्मित मल्टी सेल बॉक्स कल्वर्ट का उद्घाटन किया गया है। अब एनएच से टर्मिनल बिल्डिंग तक जाने में यात्रियों को 470 फीट की दूरी कम तय करनी होगी। डीएम राजीव रौशन ने कहा कि 24 एकड़ भूमि का अधग्रहण प्रक्रिया जल्द पूर्ण हो जाएगी तथा शेष 54 एकड़ के अधिग्रहण की भी प्रक्रिया जारी है। फेंसिंग का कार्य अंतिम चरण में है, और जंगली पशु हटाने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी हो जाएगी। डीएम के साथ बैठक के दौरान सांसद डॉ ठाकुर ने दरभंगा एम्स के नव नियुक्त निदेशक के कार्यालय स्थापना को लेकर भी चर्चा किया। उन्होंने कहा कि एम्स निदेशक के आ जाने से अब इसके निर्माण कार्य में काफी तेजी आएगी।