July 20, 2022

15.07.2022 (दरभंगा) : सिमरी थाना क्षेत्र के शोभन मोड़ से करीब दो किलोमीटर पीछे दिनांक 11.07.22 को रात्रि करीब 12: 30 बजे कल्पवृक्ष सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के आइसर 2110 डाक पार्सेल गाडी पर एक निजी कंपनी का कुल सामान जिसका कीमत कुल 39,16,721. 95/- रूपया था जिसको इंडिका गाडी जैसा कलर आसमानी / ग्रे कलर में सवार तीन से चार अज्ञात अपराधकर्मियों के द्वारा उक्त गाडी चालक को बंधक बनाकर गाडी सहित सभी सामान लूट लेने की घटना हुई। इस सम्बन्ध में सिमरी थाना काण्ड संख्या -127/22 दिनांक 11.07.22 को दर्ज किया गया। इस बात की जानकारी देते हुए एसएसपी अवकाश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया की उक्त घटना को लेकर टेक्निकल टीम द्वारा अनुसंधान करते हुए फौरन लुटा गया डाक पार्सल गाडी एवं उसमे लदा सामान कुल- 378 आइटम करीब 6,00,000/- रूपया का घटना के दिन ही बरामद कर लिया गया तथा शेष समान की बरामदगी एवं अपराधकर्मियों के गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी कर मधुबनी/ दरभंगा से रितेश कुमार उर्फ़ रिक्की को नगर जिला मधुबनी से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के क्रम में इसके निशानदेही पर इस काण्ड के मास्टर माइंड रौशन कुमार झा थाना बहेड़ा जिला दरभंगा के घर से एवं मधुबनी स्थित पुलिस केंद्र के पीछे लक्ष्मीसागर रौशन कुमार झा के दूसरे घर से लूटा गया सामान में से कुल 1690 आइटम लगभग 24,00.000/- रूपया का सामान बरामद किया गया। घटना में प्रयुक्त हुंडई कार एवं लूट की गयी सामान ले जाने में प्रयुक्त पिकअप वाहन यौद्धा -1200 डाक पार्सल पिकअप को भी बरामद कर लिया गया है। एसएसपी ने बताया की इस घटना में तीन को गिरफ़्तार किया गया है शेष अपराधकर्मी एवं इस घटना का मास्टरमाइंड रौशन कुमार झा के गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी जारी है। उन्होंने कहा की इस काण्ड के उद्भेदन में शामिल पुलिसकर्मियों को पुरुष्कृत किया जायेगा।
July 14, 2022

12.07.2022 (दरभंगा) : रेल संबंधी स्थायी समिति एवं रेल मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति के सदस्य सह दरभंगा सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने दरभंगा सहित मिथिला से जुड़े विभिन्न रेल विकास परियोजना एवं यात्री सुविधाओं को लेकर हाजीपुर रेल निकेतन में पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अनुपम शर्मा से मुलाकात किए। इस दौरान सांसद ने सभी रेल परियोजना की कार्य प्रगति की समीक्षा एवं आगामी कार्य योजना को लेकर कई दिशा निर्देश दिए। बैठक के दौरान सांसद डॉ ठाकुर ने दरभंगा में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय के सहयोग से स्वीकृत दोनार, पंडासराय,बेला, दिल्ली मोड़ सहित स्वीकृत पांचों आरओबी का जल्द कार्य प्रारंभ करने को कहा।
उन्होंने कहा कि फाटक संख्या 21 (चट्टी गुमती) पर भी आरओबी निर्माण हेतु बनाए गए डीपीआर को स्वीकृति मिल चुकी है। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि लहेरियासराय स्टेशन पर लगभग साढ़े पांच करोड़ की लागत वाले लो कॉस्ट ओवरब्रिज के निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। बैठक के दौरान लहेरियासराय - सहरसा (भाया देकुली, उघरा,खैरा, बिठौली, नवभरण, घनश्यामपुर, किरतपुर) नई रेलखंड निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई, उन्होंने इसके सर्वे कार्य जल्द प्रारंभ करने हेतु विभागीय प्रक्रिया पूर्ण कहने को कहा। सांसद ने प्रस्तावित लहेरियासराय- मुजफ्फरपुर रेल लाइन के निर्माण कार्य को उच्च प्राथमिकता देते हुए इसका रिवाइज एस्टीमेट मंत्रालय को भेजने को कहा है। सांसद डॉ ठाकुर ने 253 करोड़ की लागत से काकरघाटी - शीशो स्टेशन के बीच बन रहे बायपास रेल लाईन निर्माण कार्य प्रगति की समीक्षा कर उसमे तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) द्वारा दरभंगा रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित किया जाना है, उन्होंने इसका कार्य जल्द प्रारंभ करने की बात कही। सांसद ने लहेरियासराय स्टेशन को आदर्श स्टेशन के रूप में स्वीकृति देने की बात कही। जीएम को दरभंगा से जनकपुर, अयोध्या, काशी, द्वारिका सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थानों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव मंत्रालय को भेजने को कहा। उन्होंने यात्रियों की संख्या को मद्देनजर रखते हुए सभी प्रमुख शहरों के लिए जनसाधारण ट्रेन चलाने की भी बात कही, वहीं लहेरियासराय स्टेशन पर सभी प्रमुख ट्रेनों के ठहराव हेतु विभागीय प्रक्रिया पूरा करने को कहा।
सांसद डॉ ठाकुर ने पंडासराय से कंगवा गुमती के बीच प्रस्तावित नाला निर्माण को जल्द प्रारंभ करने को कहा। उन्होंने दरभंगा - समस्तीपुर के बीच चल रहे रेल दोहरीकरण कार्य को जल्द पूरा करने एवं दरभंगा - रक्सौल रेल खंड के दोहरीकरण हेतु मंत्रालय को प्रस्ताव भेजने को कहा।सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि महाप्रबंधक द्वारा जानकारी दिया गया कि सकरी - हसनपुर रेल परियोजना में हरनगर से हसनपुर रेलखंड के बीच मौजूद पक्षी अभ्यारण वाले क्षेत्र में लगभग डेढ़ किमी जमीन का अधिग्रहण पूर्ण कर लिया गया है। सकरी - बिरौल पथ पर अवस्थित जगदम्बा हाल्ट का भी जल्द उद्घाटन होगा। सांसद डॉ ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि दरभंगा - कुशेश्वर स्थान के बीच जल्द ट्रेन का परिचालन प्रारंभ हो जाएगा। उन्होंने जिलास्तरीय दिशा कमिटी की बैठक में रेल निर्माण विभाग के किसी अधिकारी की शामिल न होने पर नाराजगी जताई।
इसके अलावा बैठक के दौरान सांसद डॉ ठाकुर ने दरभंगा सहित मिथिला क्षेत्र से जुड़े अन्य रेल सेवा, विकासात्मक कार्यों व यात्री सुविधाओं पर वार्ता की तथा प्रस्तावित व स्वीकृत परियोजनाओं को यथाशीघ्र प्रारंभ किये जाने का भी निर्देश दिया। सांसद डॉ ठाकुर ने वन स्टेशन वन प्रोडक्ट के तहत दरभंगा में मिथिला पेंटिंग सामग्री की दुकान एवं दरभंगा स्टेशन पर सेल्फ ऑपरेटेड अनारक्षित टिकट(एटीभीएम) प्रारंभ करने हेतु रेल प्रशासन को धन्यवाद दिया। बैठक के दौरान जीएम शर्मा ने कहा की वह सभी विषयों को अपने स्तर से निगरानी कर रहे है और वह जल्द ही सभी कार्यों को पूर्ण करने हेतु प्रयासरत है। सांसद ठाकुर ने कहा की देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव मिथिला व दरभंगा के सर्वांगीण विकास हेतु प्रतिबद्ध है।
July 14, 2022

10.07.2022 (दरभंगा) : प्राप्त जानकारी के अनुसार दरभंगा शहर को दो भागों में विभक्त करने वाली बागमती नदी पर आम जनों के आवागमन की सुविधा को ध्यान में रखकर तत्कालीन दरभंगा महाराज द्वारा सन 1949 ईस्वी में महाराज जी स्क्रू पाइल पुल का निर्माण किया गया था। दरभंगा शहर के पश्चिमी भाग के शुभंकरपुर एवं आसपास की एक बड़ी आबादी को दरभंगा मुख्य शहर से सीधा सम्पर्क करने हेतु यह पुल एकमात्र साधन है।
बढ़ती आबादी एवं भारी वाहनों का बोझ वहन करने में अक्षम साबित हो रहे पुराने पुल के विकल्प के रूप में नए आर.सी.सी पुल का निर्माण की आवश्यकता को देखते हुए नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही 14.24 करोड़ रुपये की लागत से 68.48 मीटर लंबा एवं 8.45 मीटर चौड़ा महाराज जी पुल का निर्माण कार्य किया जाएगा, जिसका आज उप मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री-सह-नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री तारकिशोर प्रसाद के द्वारा शिलान्यास किया गया। दरभंगा नगर निगम के राजेंद्र हॉल में आयोजित उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री तारकिशोर प्रसाद के द्वारा दरभंगा नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत नगर विकास प्रमंडल दरभंगा के तहत 01 करोड़ 57 लाख 64 हजार रुपए की लागत से पीडब्ल्यूडी पथ में गायत्री मंदिर दारु भट्टी चौक, दुर्गा होटल के पीछे से गुदरी होते हुए विद्यापति स्कूल तक ढक्कन सहित आरसीसी नाला का निर्माण कार्य एवं 06 करोड़ 11 लाख 36 हजार रुपए की लागत से कर्पूरी चौक से सैदनगर तक भूगर्भित नाला का निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
इसके अतिरिक्त उप मुख्यमंत्री द्वारा मुख्यमंत्री शहरी गली नली योजना तथा 14 वें वत्त आयोग में प्राप्त राशि 4 करोड़ 79 लाख 41 हजार 200 रुपए की लागत से 20 योजनाओं का शिलान्यास तथा 2 करोड़ 52 लाख 17 हजार 400 रुपये की लागत से बनी 19 योजनाओं का उद्घाटन किया गया। इस प्रकार कुल 31 करोड़ 19 लाख रुपये की योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास रिमोट के माध्यम से किया गया। इसके पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा भारत के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री द्वारा 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से बनी प्रधानमंत्री आवास योजना के 90 लाभुकों के बीच (02 लाख प्रति लाभुक) आवास की चाबी का वितरण किया गया। इसके साथ ही 13 लाख रुपये का ऋण (50 हजार प्रति स्वयं सहायता समूह) स्वयं सहायता समूह के 26 लाभुकों के बीच वितरण किया गया। 1.40 लाख (20 हजार प्रति लाभुक) रुपये पीएम स्वनिधि योजना के 07 लाभुकों के बीच ऋण के द्वितीय क़िस्त का वितरण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मिथिला की धरती पर कवि विद्यापति व बाबा नागार्जुन जैसे महान कवि सहित अनेक महापुरुषों ने जन्म लिया, जिसके कारण यह धरती पूजनीय है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया तथा कहा कि किस प्रकार उन्होंने देश की प्रतिष्ठा में वृद्धि की है।
साथ ही उन्होंने बिहार सरकार द्वारा किए जा रहे विकास के कार्यों का उल्लेख किया खासकर बालिकाओं एवं महिलाओं के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों से उन्होंने सभी को अवगत कराया। उन्होंने उद्घाटन एवं शिलान्यास किये गए योजनाओं की जानकारी दी तथा लाभार्थियों को दी गई चाबी एवं ऋण जिससे वे रोजगार कर अपनी जीविका प्राप्त करेंगे से सभी को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि दरभंगा में 9.5 करोड रुपए की लागत से अत्याधुनिक मॉडल का विद्युत शवदाहगृह व दो बैटरी चलित शवदाहगृह का निर्माण किया जाएगा।
इस अवसर पर नगर आयुक्त कुमार गौरव द्वारा उप-मुख्यमंत्री एवं दरभंगा के सांसद सहित उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों को पाग-चादर से एवं मिथिला पेंटिंग प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर, नगर विधायक संजय सरावगी, केवटी के विधायक डॉ मुरारी मोहन झा, अलीनगर के विधायक मिश्रीलाल यादव, विधान पार्षद अर्जुन सहनी एवं हरि साहनी सहित, उप महापौर भरत सहनी द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर अनेक गणमान्य व्यक्ति व स्थानीय जन प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
July 14, 2022

09.07.2022 (दरभंगा) : डीएम राजीव रौशन की अध्यक्षता में संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ को लेकर आपदा प्रबंधन की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी सत्यम सहाय ने पावर प्वांइट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले की तैयारी से सभी को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि फिलहाल जिले में सभी नदी खतरे के निशान के नीचे हैं। नदी के पेटी में रहने वाले लोग कहीं-कहीं बांध पर आ गए हैं। डीएम ने उनके लिए बुनियादी सुविधा यथा - पेयजल, प्रकाश, अस्थायी शौचालय एवं पॉलिथिन शीट्स की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। बताया गया कि सभी प्रखण्डों में वर्षा मापक यंत्र कार्यरत है। पाँचों बाढ़ नियंत्रण प्रमण्डल द्वारा एक-एक किलोमीटर पर बांध निगरानी हेतु कर्मियों की तैनाती कर दी गयी है। फिलहाल घनश्यामपुर में 04 एवं गौड़ाबौराम में 05 निःशुल्क नाव सेवा प्रदान किया जा रहा है। डीएम ने उन नावों पर निःशुल्क सेवा अंकित करवाने के निर्देश दिया। साथ ही कहा कि कहीं भी सुर्यास्त के बाद नाव का परिचालन नहीं हो साथ ही नाव पर ओवर लोडिंग न हो, इसके लिए स्थानीय चौकीदार की प्रतिनियुक्ति कर दी जाए। उन्होंने जन सम्पर्क पदाधिकारी को बाढ़ से बचाव के लिए क्या करें, क्या न करें का प्रचार-प्रसार होर्डिंग्स के माध्यम से करने का निर्देश दिया। साथ उसमें यह भी अंकित करवाने का निर्देश कि कोई भी व्यक्ति नदी, नाला, पोखर, तालाब या किसी गड्ढ़े में नहाने न जाए। जिले में 28 हजार पॉलिथन शीट्स उपलब्ध हैं। 12,500 पॉलिथिन शीट्स का उपावंटन बाढ़ प्रभावित होने वाले अंचलों में कर दिया गया है। सामुदायिक रसोई के लिए समिति का गठन कर लिया गया है। आपदा के लिए 24 घंटे जिला नियंत्रण कक्ष - 06272-240600 कार्यरत है। एन.डी.आर.एफ. की टीम जिले में आ चुकी है। डीएम ने सामुदायिक रसोई के लिए सारी तैयारी कर लेने तथा सामुदायिक रसोई एवं शरण स्थली पर स्वच्छता संधारित रखना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बताया गया कि सापूर्ति पोर्टल पर 08 लाख 02 हजार डाटा का अद्यतीकरण कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने डाटा का सत्यापन स्थानीय जन वितरण प्रणाली के बिक्रेता से करवा लेने का निर्देश दिया गया। पी.एच.ई.डी. के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि संभावित बाढ़ प्रभावित स्थलों पर चापाकल लगाया जा रहा है तथा खराब चापाकल की मरम्मति एवं अस्थायी शौचालय की व्यवस्था की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि उनके 18 मोबाईल मेडिकल टीम तैयार हैं तथा सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, अपर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को सक्रिय कर दिया गया है। जिले में सर्पदंश की दवा सहित सभी प्रकार की दवा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। डीएम ने 02 वोट एम्बुलेंस की व्यवस्था रखने तथा शरण स्थली पर सप्ताह में 02 दिन हेल्प कैम्प लगवाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ में लगाए जाने वाले सभी कर्मियों को कोविड19 का सर्तकता डोज का टीका लगा दिया जाए। बैठक में सभी वरीय पदाधिकारी को अपने-अपने अंचल में जाकर बाढ़ पूर्व तैयारी का आकलन कर लेने का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त मात्रा मंश ब्लीचिंग पाउडर एवं चुना की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया। सड़क से संबंधित सभी विभागों को बाढ़ से प्रभावित होने वाले सड़कों की वैकल्पिक व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया। ताकि बाढ़ के दौरान आवागमन में असुविधा न हो।
July 14, 2022

09.07.2022 (दरभंगा) : डीएम राजीव रौशन की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गयी। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा स्कूल के समीप 25 किलोमीटर प्रतिघंटा, अस्पताल के समीप 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति रखने का निर्देश दिया गया है। डीएम ने कहा कि इस आशंय का प्रचार-प्रसार करवाया जाए कि स्कूल, अस्पताल एवं धार्मिक स्थलों के समीप वाहन की गति 25 किलोमीटर प्रतिघंटा से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा ही रखा जाए।उन्होंने सड़क दुघर्टना के मृतक के आश्रितों को 21वें दिन तक मुआवजा भुगतान कर देने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी को अपने कर्मी के माध्यम से मृतक के आश्रित, जिसके बैंक खाते में राशि दी जानी है, उससे सम्पर्क कर वांछित कागजात मगवा लेने का निर्देश दिया। साथ ही दुघर्टना स्थल की जाँच हेतु एक समिति का गठन करने का निर्देश दिया, ताकि समिति यह पता लगाए कि किस कारण से दुघर्टना घटित हुई, ताकि उस पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने शहरी क्षेत्र के विभिन्न स्टैण्डों से अतिक्रमण हटवाने का भी निर्देश दिया। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि दुघर्टना ग्रस्त लोगों को स्वंय पहल कर अस्पताल पहुँचाने वाले को अच्छा मददगार व्यक्ति का प्रशस्ति पत्र 15 अगस्त एवं 26 जनवरी को प्रदान किया जाता है। इसके लिए उस क्षेत्र के थाना एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के अनुशंसा आनी चाहिए। विद्यालयों के लिए चलाए जा रहे वाहनों की साफ-सफाई का भी जाँच करवाने का निर्देश दिया गया। बैठक में बताया गया कि निजी विद्यालयों के बसो का सड़क पर पार्किंग किये जाने से जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। डीएम ने बस मालिकों के साथ बैठक कर उस पर यथोचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने मध्य विद्यालय एवं उच्च विद्यालय में ट्रैफिक रूल से संबंधित जागरूकता कक्षा चलवाने के निर्देश दिये। बैठक में नगर आयुक्त कुमार गौरव, उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।