Dbg

02.01.2021 (पटना) : डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने सरकार की विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का सफल, सुचारू एवं मानक के अनुरूप ससमय कार्य सुनिश्चित कराने हेतु प्रखंडों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया तथा अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिया। इस क्रम में डीएम ने पालीगंज, नौबतपुर, विक्रम, फुलवारी शरीफ एवं दुल्हिन बाजार का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर कार्य का ससमय निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखंडों में आरटीपीएस काउंटर का औचक निरीक्षण किया तथा कार्यरत कर्मियों को संवेदनशील होकर समय सीमा के भीतर सेवा प्रदान करने का निर्देश दिया। इस क्रम में डीएम ने काउंटर पर मौजूद लोगों का हालचाल जाना तथा आवश्यक फीडबैक प्राप्त किया ।

उन्होंने अंचलाधिकारी को ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया के बारे में लोगों को अवगत कराने तथा तकनीकी कठिनाई दूर करते हुए जनहित में बेहतर सेवा प्रदान करने का निर्देश दिया। पालीगंज अनुमंडल का भ्रमण करते हुए डीएम ने भूमि विवाद के मामलों के निष्पादन हेतु सभी थाना प्रभारी एवं अंचलाधिकारी को थाना पर प्रत्येक शनिवार को नियमित रूप से मामले की सुनवाई करने तथा भूमि विवाद के मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने बैठक की कार्यवाही नियमित रूप से भेजने तथा प्राप्त आवेदन, निष्पादित आवेदन संबंधी विस्तृत रिपोर्ट नियमित रूप से भेजने का निर्देश दिया। इस कार्य की प्रभावी मॉनिटरिंग करने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक को दिया।

उन्होंने पालीगंज अनुमंडल में एएनएम स्कूल / जेल/ कोर्ट के भवन निर्माण के कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही अनुमंडल अंतर्गत पूर्ण रूप से निर्मित आईटीआई को कार्यरत करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने आईटीआई के प्राचार्य को इस भवन में ही प्रशिक्षण का कार्य अतिशीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया। पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत भ्रमण कार्यक्रम में पालीगंज के अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक पालीगंज तनवीर अहमद, भूमि सुधार उप समाहर्ता पालीगंज सहित कई अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।