patna

07.05.2018 (दरभंगा) : प्रभारी जिला पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता, दरभंगा, मो0 मोबीन अली अंसारी की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉo भीमराव अम्बेदकर सभागार में आहूत की गई।

सर्वप्रथम लोक शिकायत निवारण कार्यालय में प्राप्त परिवाद पत्रों के निष्पादन के अद्यतन स्थिति की समीक्षा कर लंबित मामलों को अविलम्ब निष्पादित करने का निर्देश दिया। जिला में लंबित सी0डब्लू0जे0सी0/एम0जे0सी0 मामलों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। दरभंगा जिला को ओडीएफ घोषित करने हेतु कार्यक्रम के अनुसार पंचायतों को पहले ओडीएफ घोषित किया जाना है। तत्पश्चात प्रखण्डों को एवं उसके बाद अनुमण्डल को ओडीएफ घोषित किया जाएगा। कार्यक्रमवार चलाए जा रहे शौचालय निर्माण के अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। लंबित शौचालय निर्माण पर प्रभारी जिला पदाधिकारी ने अपनी अप्रसन्नता व्यक्त की और इसमें अविलंब तेजी लाने का निर्देश दिया। इस क्रम में लापरवाह कर्मियों के मानदेय कटौती हेतु भी उन्होंने निर्देश जारी किया। शौचालय निर्माण कार्य के साथ-साथ भुगतान प्रक्रिया में भी तेजी लाने का निर्देश दिया गया। 05 जून 2018 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मिशन - 100 के तहत 100 पंचायतों को ओडीएफ घोषित करने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जाने की जानकारी दी गई। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी के द्वारा संबंधित पंचायतों के मुखियागणों एवं पदाधिकारीगणों को भी सम्मानित किया जाएगा। तत्पश्चात डीआरडीए निदेशक मो0 वशीर अहमद के द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना एवं इन्दिरा आवास योजना के अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

उक्त बैठक में डीआरडीए निदेशक मो0 वशीर अहमद, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजीव रंजन प्रभाकर, लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सदर/बिरौल/बेनीपुर, भूमि सुधार उप समाहर्ता, सदर/बिरौल, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार, जिला स्तरीय पदाधिकारीगण, सभी प्रखण्डों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी, सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारीगण व अन्य संबंधित कर्मीगण उपस्थित थे।