August 06, 2021

06.08.2021 (दरभंगा) : दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर ने दिल्ली स्थित आवास पर बिहार के उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद से मुलाकात की। जहां सांसद ने मिथिला के परंपरा अनुसार पाग, चादर एवं मखान की माला से उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुलाकात के दौरान सांसद ने दरभंगा संसदीय क्षेत्र के जुड़े विभिन्न विकासात्मक मुद्दों पर चर्चा किया एवं क्षेत्र से जुड़े मांगों को लेकर मांग पत्र सौंपा। सांसद ने दरभंगा एम्स निर्माण हेतु प्रस्तावित जमीन के जल्द हस्तांतरण एवं निर्माण स्थल पर मिट्टीकरन करने हेतु शीघ्र निविदा निकालने का आग्रह किया। सांसद श्री ठाकुर ने उप मुख्यमंत्री से दरभंगा में प्रस्तावित अपशिष्ट शोधन संयंत्र (कचरा निस्तारण प्लांट) के जल्द स्थापना एवं भूमि हस्तांतरण करने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि ज़िले में उत्सर्जित हो रहे कचरे को देखते हुए इसका जल्द निर्माण आवश्यक है। इस प्लांट के स्थापित हो जाने से कचरा का उचित निस्तारण हो सकेगा, जिस से पर्यावरण को काफी फायदा होगा। सांसद ने शहर में जल जमाव की समस्या को देखते हुए प्रस्तावित पंडासराय गुमती से कंगवा गुमती तक नाला निर्माण की प्रक्रिया को तेज करने का आग्रह किया है, उन्होंने कहा कि वह शीघ्र नाला निर्माण प्रारंभ कराने हेतु बिहार सरकार एवं रेलवे के उच्च अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए हुए है। सांसद ने कहा कि इस नाला के निर्माण हो जाने से शहर को जल जमाव की समस्या से काफी हद तक छुटकारा मिल जाएगा। सांसद ने उप मुख्यमंत्री से दरभंगा एयरपोर्ट के विकास हेतु 78 एकड़ भूमि की अधिग्रहण प्रक्रिया को भी जल्द पूरा करने का मांग किया। उन्होंने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है और भूमि अधिग्रहण के पश्चात इस एयरपोर्ट का विकास काफी तेज गति से होगा। सांसद ने दरभंगा शहर में एक बड़ा और अत्याधुनिक पार्क निर्माण करने का प्रस्ताव भी दिया है। उन्होंने कहा कि शहर के हो रहे विस्तार एवं विकास को देखते हुए दरभंगा में एक बड़ा और अत्याधुनिक पार्क समय की मांग है। इसके अलावा सांसद ने बेनीपुर नगर परिषद एवं बिरौल नगर पंचायत से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा किया। उन्होंने बेनीपुर नगर परिषद क्षेत्र में सम्राट अशोक भवन के निर्माण, बेनीपुर बस स्टैंड एवं टेम्पु स्टैंड पर यात्री सुविधा से जुड़े संसाधनों की व्यवस्था एवं सौंदर्यीकरण, नगर परिषद क्षेत्र में नाला निर्माण इत्यादि कई विषय को लेकर पत्र सौंपा और इसके जल्द समाधान हेतु आग्रह किया। उन्होंने बिरौल नगर पंचायत में नगर सरकार भवन एवं सम्राट अशोक भवन के निर्माण हेतु भी मांग पत्र सौंपा। सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार दरभंगा सहित पूरे बिहार के विकास के लिए कृत संकल्पित है।