June 19, 2019

19.06.2019 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने राजस्व संग्रहण करने वाले विभागों के प्रभारी पदाधिकारी को राजस्व संग्रहण में तेजी लाने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष के प्रथम क्वार्टर में राजस्व वसूली का प्रतिशत् लक्ष्य से कम है। जिसमें तेजी लाने की जरूरत है। उक्त बातें उन्होंने सभाकक्ष में आयोजित आंतरिक संसाधन की समीक्षा बैठक में कहा। डीएम द्वारा संबंधित विभागों के राजस्व संग्रहण आँकड़े की बारी-बारी से समीक्षा किया गया। राज्य कर संयुक्त आयुक्त, दरभंगा द्वारा बताया गया कि जी.एस.टी. की राशि रिपोर्ट में सम्मिलित नही की गई है, जिसके चलते राजस्व वसूली कम प्रतिवेदित है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019-20 के माह मई 2019 के लक्ष्य 88.75 के विरूद्ध माह की प्राप्ति 4.91 है जो लक्ष्य का 5.53 प्रतिशत है। प्रभारी जिला अवर निबंधक द्वारा बताया गया कि प्रतिवेदित माह में 96.05 प्रतिशत् राजस्व संग्रहण हुआ है। वहीं जिला परिवहन, राष्ट्रीय बचत, खनन, सहकारिता, मत्स्य, मापतौल, उद्योग, औषधि आदि विभागों के राजस्व संग्रहण अपेक्षाकृत काफी कम प्रतिवेदित हुई। डीएम ने उक्त विभागों के प्रभारी पदाधिकारियों को राजस्व संग्रहण कार्य में तेजी लाने को कहा है। डीएम ने मापतौल निरीक्षक एवं सहायक औषधि नियंत्रक को अपने-अपने क्षेत्राधीन दुकानों में नियमित छापामारी करने एवं निरीक्षण करने का निदेश दिया है। वहीं मत्स्य पदाधिकारी को अतिक्रमित सैरातों की सूची संबंधित अंचलाधिकारी को सौपने का निदेश दिया है। बैठक में जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाये गये जिसके चलते इनके विभाग की समीक्षा नहीं हो सकी। डीएम ने इन अधिकारियों के बैठक से अनुपस्थित रहने पर घोर नाराजगी जाहिर किया और इनसे स्पष्टीकरण पूछने का निदेश दिया गया।