darbhanga

20.03.2018 (दरभंगा) : रामनवमी पर्व की तैयारियों के निमित्त जिला शांति समिति की बैठक जिला पदाधिकारी दरभंगा डॉक्टर चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय अवस्थित सभागार में आहूत की गई।
बैठक में उपस्थित समिति के सदस्यगणों ने अपने अपने विचारों एवं सुझावों से जिला प्रशासन को अवगत कराया। सभी ने एकमत से दरभंगा जिला के गौरवशाली परंपरा को अक्षुण्ण रखते हुए शांतिपूर्वक ढंग से इस रामनवमी पर्व को मनाने का संकल्प लिया।
जिला पदाधिकारी दरभंगा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाना चाहिए, परंतु इस दौरान दूसरों की भावना का भी सम्मान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हर हाल में दरभंगा जिला के गौरवशाली परंपरा को बरकरार रखा जाएगा। अखाड़ों के द्वारा निकाली जाने वाली झांकियों में आपत्तिजनक चीजों के प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक रहेगी। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारीगणों को अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत निकलने वाले झांकियों को निकलने के पूर्व उसकी पूरी जांच पड़ताल कर लेने का निर्देश जिला पदाधिकारी के द्वारा दिया गया। अश्लील एवं भावना आहत करने वाले गाने एवं आपत्तिजनक गाना बजाने वाले DJ पर रोक रहेगा।

एसएसपी सत्यवीर सिंह (आईपीएस) ने समाज में वैमनस्यता फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें किसी भी शर्त पर छोड़ा नहीं जाएगा। कानून सबके लिए बराबर है। सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाने वालों पर उन्होंने कड़ी नजर रखने की बात बताई। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र में कुल 50 सीसीटीवी कैमरा चालू हालत में है। इन कैमरों की मदद से कानून तोड़ने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। राम नवमी में निकाले जाने वाली झांकियों को लाइसेंस निर्गत किया जाएगा। नगर आयुक्त दरभंगा ने पूरे शहर में रामनवमी पर्व के दौरान पर्याप्त रोशनी एवं सफाई व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने की बात बताई। बिजली के पुराने जीर्ण-शीर्ण तारों को बदलने का आश्वासन विद्युत अभियंता ने दिया। जिन रूटों पर अखाड़ा जुलूस निकलेगा उन पर किसी तरह का अतिक्रमण और अवरोध ना रहे इसकी पूरी तरह छानबीन कर ली जाएगी।

बैठक में मेयर दरभंगा नगर निगम अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं बेनीपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारीगण शांति समिति के सदस्यगण विभिन्न थानों के प्रभारीगण उपस्थित थे।