Patna

16.10.2019 (पटना) : छठ पर्व की तैयारी शुरू हो गयी है। इसी क्रम में डीएम कुमार रवि एवं एसएसपी गरिमा मल्लिक ने गंगा नदी के दीघा पाटीपुल घाट से बाँस घाट तक पड़ने वाले सभी घाटों का निरीक्षण किया। निरिक्षण के क्रम में डीएम कुमार रवि ने सभी घाटों पर पर्याप्त साफ़ सफाई, बिजली की उचित व्यवस्था, बैरिकेडिंग, आदि करवाने हेतु सम्बंधित पदाधिकारी को कई आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने नगर आयुक्त, पटना नगर निगम, पटना को निर्देश दिया कि मजदूरों की संख्या बढ़ाई जाए जिससे की घाट के किनारे अस्थायी तालाब के अन्दर जमा पानी की निकासी करायी जा सके। उन्होंने नगर आयुक्त, पटना नगर निगम को निर्देश दिया कि घाटों के किनारे बैरिकेडिंग करायी जाए तथा खतरनाक क्षेत्र को चिन्हित कर बैरिकेडिंग करते हुए बैनर लगाया जाए। घाट पर जाने वाले एप्रोच रोड की मरम्मति करायी जाए। वर्तमान में घाट पर उतरने हेतु बने एप्रोच पथ की चौड़ीकरण करते हुए उसकी दिशा को परिवर्तित किया जाए।

डीएम कुमार रवि ने दीघा घाट के निरीक्षण के क्रम में पाया कि इस घाट पर भी काफी गंदगी फैली हुई है। उन्होंने नगर आयुक्त, पटना नगर निगम को निर्देश दिया कि सफाई हेतु मजदूरों की संख्या बढ़ाई जाए। एप्रोच पथ की मरम्मति एवं आवश्यकतानुसार चौड़ीकरण किया जाय। घाट पर निर्मित होने वाले शवदाह गृह के स्थल परिवर्तन के संबंध में अपेक्षित कार्रवाई की जाए। घाट के किनारे निर्मित अस्थायी शेड आदि को हटाया जाए। गंगा नदी का जल स्तर घटने के फलस्वरूप किनारे बड़े गड्ढों में जमे जल की निकासी की जाए। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा की अशोक राजपथ से घाट नं0-92 एवं 93 तक जाने वाली सड़क की आवश्यकतानुसार मरम्मति तथा एप्रोच पथ में समुचित लाईटिंग की व्यवस्था की जाय।

डीएम कुमार रवि ने निर्देश दिया की विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित कर गेट नं0-93 के प्रवेश पर अवस्थित बिजली के पोल को यथासंभव शिफ्ट करवाकर गेट की चैड़ाई को बढ़ाया जाय। दीघा घाट-93 पर BSRDC के द्वारा बड़ी संख्या में निर्माण सामग्री रखी पायी गयी उन्हें 24 घंटे में पूरी निर्माण सामग्री को हटाकर समतलीकरण का आदेश दिया गया। निरीक्षण के क्रम में डीएम ने अधीक्षण अभियंता, जल संसाधन विभाग को सभी घाटों की व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिया कि जल स्तर के संबंध में प्रतिनियुक्त सेक्टर पदाधिकारी एवं नगर निगम के पदाधिकारियों को समय-समय पर अवगत कराते रहें ताकि बैरिकेडिंग आदि का कार्य कराने में सुविधा हो।

साथ ही खतरनाक घाट के संबंध में प्रतिवेदित करेंगे। उन्होंने सभी सेक्टर पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा की अपने-अपने क्षेत्र के घाट का नजरी नक्शा बनाकर उसमें पार्किंग, लाईटिंग, चेंजिंग रूम, शौचालय, घाट क्षेत्र को स्पष्ट दर्शाएं। डीएम ने सभी घाटों पर प्रतिनियुक्त सेक्टर पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए सभी अपेक्षित तैयारियाँ सुनिश्चित करायेंगे। उन्होंने घाटों पर उपस्थित पूजा समिति के सदस्यों से अनुरोध किया कि वे छठ महापर्व की तैयारी में लगे पदाधिकारियों को अपेक्षित सहयोग प्रदान करें ताकि सारी व्यवस्थायें ससमय पूर्ण करायी जा सके।