September 29, 2018

29.09.2018 (दरभंगा) : प्रखंड, पंचायत एवं वार्ड स्तर पर बाल संरक्षण समिति की बैठक नियमित रूप से की जाए। जहां-जहां अब तक इस समिति का गठन नहीं हुआ है वहां जल्द इसका गठन कर ले। समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत बाल संरक्षण के लिए चल रही योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक में डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने उक्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के गोद लेने की प्रक्रिया में सभी तरह के कानूनी पहलुओं का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। गोद लेने का कार्य हमेशा कानूनी तौर से ही हो तथा विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान से हो। इसे हर हालत में संबंधित अधिकारी एवं गोद लेने वाले व्यक्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा की अगर कहीं पर 06 साल से कम उम्र का कोई लावारिस बच्चा मिले तो आमजन इसकी सूचना पुलिस, जिला बाल संरक्षण इकाई एवं विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान को दें। मानव व्यापार पर अंकुश लगाने के लिए सभी संभावित ठिकानों जैसे बस स्टैंड, स्टेशन आदि पर विशेष निगरानी रखी जाए। डीएम ने कहा की पुलिस बल इस पर विशेष निगरानी रखते हुए जहां जरूरी हो छापामारी भी करें। प्रभावित व्यक्तियों का सामाजिक पुनर्वास बोर्ड से सभी प्रकार की सरकारी मदद तुरंत पहुंचाए जाए।
उक्त बैठक में श्रम अधीक्षक को निर्देश दिया गया कि वे बाल श्रम पर हर हालत में रोक लगाएं। इसके लिए दुकान एवं प्रतिष्ठानों की नियमित रूप से छापामारी करें एवं दोषी व्यक्तियों पर कार्रवाई करें। दरभंगा जिला में जिला निरीक्षण समिति का गठन हो चुका है। इस समिति के सदस्यों से कहा गया कि वे नियमित अंतराल पर पर्यवेक्षण गृह, बाल गृह एवं विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का निरीक्षण करें एवं वहां आवश्यक सुधार हेतु अपना मन्तव्य दें। कहीं अगर कोई गड़बड़ी पाई जाए तो करवाई की भी अनुशंसा जरूर करें।