Dbg

19.06.2019 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने कार्यपालक अभियंता,पी.एच.ई.डी. को नगर जलापूर्ति पाइप लाइन में लीकेज को तुरंत ठीक कराने को कहा है। उन्होंने कहा कि वार्ड नम्बर -14 में वाटर पाइप लाइन में सबसे ज्यादा लीकेज होने की शिकायतें प्राप्त हो रही है जिसे तुरंत ठीक कराने की आवश्यकता है। उन्होंने यह निदेश कार्यालय प्रकोष्ठ में जल संकट प्रबंधन विषय पर आयोजित बैठक में दिया है। बैठक में उपस्थित नगर विधायक संजय सरावगी द्वारा दरभंगा नगर क्षेत्र के कई वार्डों में वाटर पाइप लाइन में लीकेज होने के चलते घरों में पीने का गंदा पानी पहुँचने की ओर डीएम का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने बताया कि लीकेज के कारण लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हो रहे हैं, जिसके चलते इनलोगों को आगे गंभीर स्वास्थ्य संबंधी समस्या हो सकती है। उन्होंने बताया कि कई वार्डों में वाटर पाइप में लिंक मिसिंग होने की सूचना प्राप्त हो रही है। डीएम ने कार्यपालक अभियंता, पी.एच.ई.डी. को विधायक के द्वारा बताये गये स्थलों पर तुरंत मरम्मति कार्य कराने का निदेश दिया। साथ ही उन्हें नल से आपूर्ति किये जा रहे पानी की गुणवत्ता की भी तुरंत जाँच करा लेने का आदेश दिया।

बैठक में नगर विधायक ने ठेकेदारों द्वारा उपभोक्ताओं से पैसे लेकर उन्हें अवैध कनेक्शन देने की बात भी बताया। इस पर डीएम ने कार्यपालक अभियंता पी.एच.ई.डी. को संबंधित ठेकेदार को चिन्ह्ति कर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने को कहा है। कार्यपालक अभियंता पी.एच.ई.डी. द्वारा बताया गया कि फेज - 1 के तहत नगर में जलापूर्ति का कार्य किर्लोस्कर को आवांटित किया गया था। उस कंपनी के द्वारा एकरारनामा के अनुसार कार्य नही किया गया है। डीएम ने किर्लोस्कर कंपनी को आगे कोई राशि का भुगतान नहीं करने का आदेश दिया है। कार्यपालक अभियंता को पानी की कमी के चलते वार्ड नम्बर - 14,16 में बोरिंग में स्टैड पोस्ट लगाकर पानी की आपूर्ति कराने को कहा गया है। वहीं खराब 87 चापाकलों की शीघ्र मरम्मति कराकर प्रतिवेदन देने का उन्हें निदेश दिया गया है।