Patna

07.06.2019 (पटना) : सीएम नीतीश कुमार ने आज विधि-व्यवस्था से संबंधित समीक्षा बैठक की। बैठक में पिछली समीक्षा बैठक के अनुपालन प्रतिवेदन को प्रस्तुत किया गया। इसमें अपराध नियंत्रण के लिए की गई पहल एवं सभी थानों में दो वाहन के आवंटन के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस गश्ती, भूमिहीन एवं भवनहीन थानों के निर्माण की दिशा में की जाने वाली पहल, थाना स्तर पर विधि व्यवस्था एवं अनुसंधान को अलग करने की पहल, थाना प्रबंधकों की नियुक्ति, अनुमंडल कार्यालयों में एक अतिरिक्त अपर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की नियुक्ति के संबंध में जानकारी दी गई। बैठक में यह भी बताया गया कि थानों में कानून व्यवस्था एवं अनुसंधान दोनों को अलग-अलग कर एक-एक एस.एच.ओ. को जिम्मेवारी देकर उन्हें थाना प्रभारी के अधीन काम करने से अनुसंधान कार्य में तेजी आयेगी तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सुविधा होगी। प्रभावकारी अपराध नियंत्रण एवं अनुसंधान हेतु की जा रही कार्रवाई एवं सुझाव पर समीक्षा की गई। बैठक के दौरान सीएम ने निर्देश देते हुए कहा कि व्यवस्था को इस तरह विकसित करने की जरुरत है कि गड़बड़ एवं अपराध करने वाले पकड़ में आ सकें। पुलिस बेहतर कार्य कर रही है। आसूचना को और बेहतर बनाकर सिस्टम को इम्प्रुव किया जा सकता है। हमारी रुचि सिस्टम को आईडियल बनाने की है ताकि सिस्टम इफेक्टिव ढंग से काम कर सके। क्राइम कंट्रोल हुआ है। इसके प्रति हमेशा सजग रहने की जरुरत है। एस.टी.एफ. की बेहतर ट्रेनिंग होती रहे। बाइकर्स गैंग के पीछे के तत्वों को भी पहचान करने की जरुरत है। सी0सी0टीवी को समय पर लगाए जाने के लक्ष्य पर काम करें। सीएम ने कहा कि राज्य के सभी जगहों में पुलिस गश्ती जारी रहनी चाहिए। गश्ती वाहन में जी0पी0एस0 लगाए जाएं। डी0जी0पी0 अपनी निगरानी में वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ इस पर नजर बनाए रखें। थानों को मिलने वाली कंटिजेंसी, रिवालविंग फंड के माध्यम से न्यूनतम बना रहना चाहिए। भूमिहीन थानों को जमीन उपलब्ध कराया जाए। थानों में जहां भी महिला शौचालय का निर्माण अभी तक नहीं हुआ है, उसे पूर्ण कराएं। अनुसंधान कार्य एवं विधि व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए थाने में दोनों को अलग-अलग कर एस.एच.ओ को जिम्मेवारी देने पर जो चर्चा हुयी है, उसको बेहतर ढ़ंग से क्रियान्वित करने की जरूरत है। पुलिस मैनुअल को भी नए सिरे से बनाया जाए। बैठक के बाद सूचना भवन में अपर मुख्य सचिव गृह एवं पुलिस महानिदेशक ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर बैठक में लिए गए निर्णयों के बारे में जानकारी दी।

Patna

बैठक में मुख्य सचिव दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव गृह आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडेय, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, बिहार पुलिस भवन निर्माण विभाग के प्रबंध निदेशक सह डी0जी0 सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव मनीष कुमार वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री सचिवालय के विशेष सचिव चंद्रशेखर सिंह सहित राज्य पुलिस मुख्यालय के वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।