September 14, 2017

08.08.2017 (दरभंगा) : राष्ट्रीय महिला आयोग (भारत सरकार) की सदस्य सुषमा साहू की अध्यक्षता में महिलाओं के लिए विशेष प्रकोष्ठ (स्पेशल सेल फॉर वोमेन) के कार्यकलापों की समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉo भीमराव अम्बेडकर सभागार में की गयी।
स्पेशल सेल फॉर वोमेन का गठन राष्ट्रीय महिला आयोग (भारत सरकार) एवं टाटा सामाजिक विज्ञान (मुंबई) के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया है। बिहार राज्य में दरभंगा के अलावा भागलपुर , गया, पूर्वी चम्पारण, एवं किशनगंज जिले में यह कार्यरत है।
स्पेशल सेल फॉर वोमेन को हिंसा से ग्रसित महिलाओं के लिए सुरक्षित जगह के रूप में माना जाता है क्योंकि इस सेल का मुख्य उद्देश्य कुछ इस तरह है।
(a) घरेलु हिंसा, (b) शारीरिक उत्पीड़न, (c) पीछा करना (स्टाकिंग), (d) दहेज़ की मांग, (e) मानसिक एवं भावनात्मक प्रताड़ना , (f) लैंगिक हिंसा, (g) कार्यस्थल पर उत्पीड़न, (h) सामाजिक कुरीतियों से ग्रसित महिलाओं को काउन्सलिंग के साथ कानूनी सहायता निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है।
बैठक को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्या ने स्पेशल सेल फॉर वोमेन के कार्यों से रुबरु कराते हुए कहा की इस सेल में महिलाओं को परामर्श के द्वारा भावनात्मक सहयोग उपलब्ध कराना आवश्यक है। परिवार एवं समुदाय इत्यादि के साथ बैठकों के द्वारा महिलाओं के सहारे की व्यवस्था, जरूरत के अनुरूप पुलिस मदद देना, कानूनी जानकारी प्रदान करना / कानूनी सहायता से जोड़ना, महिला के हित में पुरुष के साथ हस्तक्षेप कर हिंसा को रोकना आदि कार्यों को प्राथमिकता से संपादित किया जाना है। इसके अतिरिक्त पीड़ित महिलाओं को अन्य आश्रय उपलब्ध कराना, व्यवसायिक प्रशिक्षण देना। महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मुद्दों पर दस्तावेजीकरण, अनुसंधान एवं पहल करना भी इसके कार्यकलापों में शामिल है। इसके अलावा उन्होंने महिला हेल्पलाइन एवं उसके अंतर्गत बने वन स्टॉप सेन्टर के कार्यकलापों की भी समीक्षा की।
डीएम डॉo चंद्रशेखर सिंह ने अपने उद्बोधन में स्पेशल सेल फॉर वोमेन के व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता बताते हुए इस पर तत्कार कार्रवाई प्रारंभ करने का आश्वासन दिया एवं बैठक में जानकारी दी कि महिला हेल्पलाइन का नया आधुनिक भवन बनाने का कार्य समाहरणालय परिसर में ही प्रारंभ हो गया है। इसके जल्द ही पूरा हो जाने के पश्चात पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएगी।
एसएसपी सत्यवीर सिंह (आईपीएस) ने बताया की दरभंगा जिला में हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेन्टर प्रभावकारी ढंग से कार्यरत है। महिला थाना में संसाधन एवं कार्यबल की कमी से कार्य प्रभावकारी ढंग से संपादित नहीं हो पा रहा है। अंत में डीएम डॉo चंद्रशेखर सिंह ने राष्ट्रीय महिला आयोग (भारत सरकार) की सदस्या सुषमा साहु को दरभंगा आने एवं बैठक करने पर धन्यवाद ज्ञापित किया।
उक्त बैठक में पुलिस उपाधीक्षक दिलनवाज अहमद, वरीय उप समाहर्ता-सह-विशेष कार्य पदाधिकारी रविन्द्र कुमार दिवाकर, जिला कल्याण पदाधिकारी सत्येन्द्र नारायण चौधरी, डीपी आरओ कन्हैया कुमार , महिला हेल्पलाइन की प्रभारी पदाधिकारी व अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।