darbhanga

14.02.2019 (दरभंगा) : समाहरणालय स्थित सभागार में डीएम त्यागराजन एस एम ने नगर निगम दरभंगा के प्रभावित क्षेत्रों में जलसंकट की समस्या के निवारण हेतु नल जल योजना एवं अन्य जल आपूर्ति योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक की। डीएम ने बैठक में कहा कि 2 दिन के अंदर खराब पड़े चापाकल की सूची बनाएं। पीएचईडी एवं नगर निगम समीक्षा कर उसकी मरम्मती का कार्य करें। इसके लिए अधिक से अधिक गैंग (मरम्मती कर्मी) का इस्तेमाल करें। कार्य प्रगति की समीक्षा व्हाट्सएप्प ग्रुप के द्वारा की जाएगी। उन्होंने बुडको के अभियन्ता को निर्देश दिया कि बोरिंग प्लांट की संख्या बढ़ाकर कार्य पूर्ण करने का कार्य करें। वार्ड पार्षद के साथ समन्वय स्थापित कर जलापूर्ति योजनाओं के लिए स्थल चुनें। सभी चिन्हित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करें। पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता ने आश्वासन दिया कि 20 तारीख तक अधिक से अधिक पाइपलाइन में लीकेज की समस्या को दूर करते हुए पानी की आपूर्ति की जाएगी। डीएम ने बुडको एवं पीएचईडी को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक स्थानों पर बोरिंग कर, स्टैंडपोस्ट के साथ नल लगाकर जल आपूर्ति कराएं। उन्होंने कहा कि जल संकट की समस्या से निबटने को लेकर लापरवाही बरतने पर आपदा अधिनियम 2005 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने मेयर श्रीमती बैजयंति देवी खेड़िया एवं नगर आयुक्त बीरेंद्र प्रसाद से कहा कि मार्च-अप्रैल में यह संकट और बढ़ सकता है। इसलिए अधिक टैंकर की खरीद पर भी विचार करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में नए चापाकल लगाने की अनुमति देने हेतु नगर विकास विभाग को पत्र भी लिखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट निदेश दिया कि नल-जल योजना अथवा चापाकल लगाकर, खराब चापाकल की मरम्मती कर, बोरिंग के साथ स्टैंडपोस्ट देकर, टैंकर द्वारा, किसी न किसी व्यवस्था द्वारा जल का प्रबंध करें। उन्होंने पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को सभी वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर चापाकल की मरम्मती तथा जलापूर्ति संबंधी अन्य कार्य करने, स्थल चिन्हित करने आदि का निदेश दिया तथा सभी वार्ड पार्षद को बैठक में आने के लिए धन्यवाद भी दिया।

उक्त बैठक में मेयर श्रीमती बैजयंति देवी खेड़िया, नगर आयुक्त बीरेंद्र प्रसाद, ज़िला जनसंपर्क पदाधिकारी रविशंकर तिवारी, सभी वार्ड पार्षद तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।