August 16, 2021

16.08.2021 (दरभंगा) : समाहरणालय अवस्थित अंबेडकर सभागार में डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम व प्रभारी वरीय पुलिस अधीक्षक अशोक प्रसाद की संयुक्त अध्यक्षता में मोहर्रम, श्रावणी पूजा, जन्माष्टमी एवं अन्य आगामी त्योहारों में विधि व्यवस्था संधारण को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि गृह विभाग, बिहार सरकार द्वारा कोविड-19 को लेकर जारी गाइडलाइन के अनुसार सभी धार्मिक स्थलों को पुर्णतः बंद रखा गया है तथा सभी प्रकार के सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतिबंधित है। इसलिए कोई भी धार्मिक स्थल खुला नहीं रहेगा। न ही कोई जुलूस निकलेगा । श्रावणी पूजा एवं मोहर्रम को लेकर थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक कर लेने तथा सभी पूजा समिति एवं मोहर्रम कमिटी को सूचित कर देने का निर्देश सभी थानाध्यक्ष को दिया गया। बैठक में डीएम ने कहा कि थाना स्तर पर आसूचना संग्रह किया जाता रहे तथा सभी मोहर्रम समिति को संदेश दे दिया जाए कि मोहर्रम के अवसर पर ताजिया नहीं निकलेगा, न ही श्रावणी पूजा के अवसर पर किसी मंदिर के पट खुलेंगे। यदि कहीं भी धार्मिक स्थल खोला गया तो आई पी सी की धारा-188 एवं आपदा प्रबंधन अधिनियम के सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं पुलिस उपाधीक्षक सदर सहित सभी संबंधित पदाधिकारीगण एवं सभी थानाध्यक्ष उपस्थित थे।