March 14, 2018

14.03.2018 (दरभंगा) : लहेरियासराय स्थित पुलिस लाइन में पुलिस सप्ताह के बीच दिनांक 27.02.2018 को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को जोनल आईजी पंकज कुमार दाराद द्वारा पुरस्कृत किया गया। श्री दाराद ने परेड की सलामी लेने के उपरांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा की पुलिसिंग इस तरह हो की हर इंसान अपने आप को सुरक्षित महसूस करे। पुलिसकर्मियों को इस बात का हमेशा ख्याल रहे की कोई भी पीड़ित आपसे मिलने आये तो वो अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सके, उसके मन में किसी प्रकार का भय न हो, पीड़ित को लगे की पुलिस हमारे परिवार के सदस्य जैसे ही हैं। उन्होंने कहा की पुलिस के प्रति पब्लिक का विश्वास मजबूत हो इसके लिए अत्यंत आवश्यक है की पुलिसकर्मियों का पब्लिक के साथ बेहतर व्यवहार हो। आज भी सभ्य सामाजिक परिवेश में रहने वाले आमजन किसी समस्या को लेकर थाने जाने से कतराते हैं। उन्होंने सवालिया लहजे में समारोह में उपस्थित पुलिसकर्मियों से पुछा की मान लिया जाय की जिस क्षेत्र में आप कार्यरत न हो उस क्षेत्र के थाने में किसी समस्या को लेकर आपके परिवार की महिलाएं जाने से संकोच नहीं करतीं ? आज जरूरत हैं इस व्यवस्था को बदलने के लिए पुलिस और पब्लिक का सबंध दिल से हो ,अटूट हो ताकि आमजन के सहयोग से अपराध का अंत हो। श्री दाराद ने कहा की थाना पुलिसिंग की आत्मा है। थाना में आनेवाले हर पीड़ित को सहानभूति व सम्मान मिले, उनकी बातों को बड़े ध्यान से सुने, थाने में जैसी व्यवस्था हो उनको बैठने के लिए कहें, फ्रीज न हो कोई बात नहीं, घड़े का पानी पिलायें। इन छोटे-छोटे व्यवस्था में बदलाव से पुलिस के प्रति पब्लिक का विश्वास मजबूत होगा जो की अपराध नियंत्रण में काफी कारगर हो सकता है। उन्होंने कहा की पुलिस हमेशा चुनौती के बीच काम करती है। बेहतर पुलिसिंग के लिए जरूरी है वैज्ञानिक व तकनीक ढंग से अनुसंधान हो, ज्यादा से ज्यादा आसूचना संकलन हो, क्योंकि ये एक महत्वपूर्ण हिस्सा है बेहतर पुलिसिंग के लिए। आईजी पंकज कुमार दाराद ने कहा की पटना में मुख्यमंत्री के द्वारा उनके कर-कमलों से पुरस्कार वितरण हुआ था जो काफी हर्ष व गौरव का क्षण था हम पुलिसकर्मियों के लिए। श्री दाराद ने मुख्यमंत्री के सम्भाषण का जिक्र करते हुए कहा की पुलिस अच्छा काम कर रही है तथा पुलिस पर उन्हें काफी भरोसा है। मुख्यमंत्री ने ये भी कहा की चंद पुलिसकर्मी पुलिस का नाम बदनाम करते है। आईजी श्री पंकज कुमार दाराद ने कहा की मुख्यमंत्री के द्वारा दिए गए इस संवाद को गहराई से सुनना और समझना है, की हम कैसे बेहतर पुलिसिंग दे सके। ऐसी पुलिसिंग जिसमे अपराध नियंत्रण में हो, अनुसंधान गुणवत्तापूर्ण हो, और अपराधियों को हम सजा भी दिला सकें। पुरस्कार वितरण समारोह के मौके पर पहुंचे पूर्णिया के तेज तर्रार एसपी निशांत तिवारी (आईपीएस) को तीन केस में सराहनीय कार्य हेतु आईजी पंकज कुमार दाराद ने प्रशस्ति पत्र से पुरस्कृत किया। अररिया जिला से एसपी सुश्री धुरत सायली सावलाराम को दो केस में तथा डीआईजी डॉo कुमार ऐकले को एक केस में प्रशस्ति पत्र से पुरस्कृत किया जाना था मगर वो नहीं पहुँच सके। अंत में आईजी ने समारोह में उपस्थित पुलिसकर्मियों द्वारा किये गए परेड को काफी सराहा तथा उनके टर्न आउट को बेहतर बताते हुए कहा की आने वाले समय में हम सभी पुलिसकर्मी और बेहतर करें। इस समारोह के मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में आईजी पंकज कुमार दाराद (आईपीएस), डीआईजी विनोद कुमार, एसएसपी सत्यवीर सिंह (आईपीएस), पूर्णिया एसपी निशांत तिवारी (आईपीएस), सदर एसडीपीओ दिलनवाज़ अहमद, लहेरियासराय एसएचओ राम कुमार शर्मा, मेजर अशोक कुमार सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद थे। सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कृत हुए पुलिसकर्मी। पूर्णिया जिला से सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार मंडल, पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार साह, सब इंस्पेक्टर विजय कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मो. सहबान हबीब फाकरी, सुब इंस्पेक्टर नन्द किशोर यादव, सब इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार भारद्धाज, सब इंस्पेक्टर राजमणि मांझी, सब इंस्पेक्टर संजीव कुमार व अन्य। अररिया जिला से पुलिस उपाधीक्षक कुमार देवेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर दुर्गेश राम, इंस्पेक्टर पीo केo प्रवीण, सब इंस्पेक्टर किंग कुंदन, कांस्टेबल सुनील कुमार राणा, कांस्टेबल राजेश कुमार पंडित, कांस्टेबल प्रशांत कुमार मिश्र, कांस्टेबल मिथिलेश कुमार, व अन्य। सुपौल जिला से विद्या सागर, पुलिस उपाधीक्षक, इंस्पेक्टर मदन प्रसाद सिंह, सब इंस्पेक्टर चन्दन कुमार, सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार मिश्र, कांस्टेबल रणजीत कुमार, कांस्टेबल प्रेमजीत रजक व अन्य।