
08.11.2021 (दरभंगा) : छठ पूजा के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारित रखने हेतु जिले के सभी संवेदनशील स्थलों सहित 284 स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। डीएम डॉ त्यागराजन एस.एम. व एसएसपी बाबूराम के द्वारा संयुक्त आदेश जारी करते हुए कहा गया है कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ रही आतंकवादी गतिविधियों एवं जिले में पूर्व में घटित सांप्रदायिक घटनाओं एवं हिंदू तथा मुस्लिम संप्रदाय की मिली-जुली आबादी को ध्यान में रखते हुए इस पर्व के अवसर पर विशेष निगरानी एवं सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। इसके साथ ही कि कोविड-19 संक्रमण के मद्देनजर केन्द्र/राज्य सरकार द्वारा जारी अद्यतन दिशा-निर्देश के के अनुसार ही छठ पूजा का पर्व मनाया जाना है तथा केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा जारी अद्यतन मानक संचालन प्रक्रिया का शत-प्रतिशत अनुपालन किया जाना है।
उक्त के आलोक में डीएम श्री त्यागराजन द्वारा छठ पूजा के अवसर पर कोविड-19 के संक्रमण के मद्देनजर केन्द्र/राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश को सभी संबंधित पदाधिकारी द्वारा शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। एतद् संबंधी निर्देश का अनुपालन कराने एवं उक्त पर्व को अपने-अपने क्षेत्र में शांतिपूर्वक संपन्न कराने हेतु पूर्व में ही सभी अनुमण्डल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा थानाध्यक्ष को आवश्यक दिशा-निर्देश निर्गत किया गया है। साथ ही वर्ष 2006 से विभिन्न प्रखण्डों में घटित संप्रदायिक विवाद का उल्लेख करते हुए, वैसे स्थलों पर विशेष निगरानी एवं सतर्कता बरतने का निर्देश संबंधित थाने को दिया गया है। उन्होंने कहा है कि इन अवसरों पर असामाजिक तत्वों द्वारा धार्मिक संस्थानों एवं धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने का प्रयास किया जा सकता है। साथ ही इस उद्देश्य से सोशल मीडिया का भी प्रयोग किया जा सकता है, इसलिए अफवाह फैलाने वाले तत्वों, संस्थाओं, असामाजिक तत्वों एवं गुंडा तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और यदि किसी के द्वारा इस तरह की अफवाह फैलाई जाती है, तो त्वरित कार्रवाई की जाए।सभी थानाध्यक्ष,ओपी अध्यक्ष, पुलिस निरीक्षक एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि अपने-अपने क्षेत्र अन्तर्गत उक्त पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु उपयुक्त निरोधात्मक कार्रवाई का अनुपालन सख्ती से कराना सुनिश्चित करेंगे।
थानाध्यक्ष, यातायात थाना, दरभंगा को निर्देश दिया गया है कि अभी से ही छठ पूजा की समाप्ति तक सभी चौक-चौराहों एवं छठ घाट जाने वाले मार्गो तथा भीड़-भाड़ वाले चौक-चौराहों पर यातायात पुलिस की प्रतिनियुक्ति कर प्रातः 6:00 बजे से रात्रि के 12:00 बजे तक सघन एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में आवागमन को सुचारू रूप से संचालन कराना सुनिश्चित करेंगे तथा स्वयं भी भ्रमणशील रहकर इसका मॉनिटरिंग करते हुए यातायात व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था संधारित कराएंगे। सभी थानाध्यक्ष/ओपी अध्यक्ष को कहा गया है कि अपने-अपने क्षेत्र अन्तर्गत शांति समिति की बैठक कर लेगें तथा शांति समिति की बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों का नाम एवं मोबाइल नंबर का संधारण निश्चित रूप से करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी पूजा पंडाल एवं जुलूस बिना लाइसेंस के नहीं रहे एवं मूर्ति विसर्जन के अवसर पर कोई भी जुलूस बिना एस्कॉर्ट के नहीं रहे। संयुक्त आदेश में कहा गया है कि पुलिस निरीक्षक एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी तथा अनुमण्डल पदाधिकारी का दायित्व होगा कि शांति समिति की बैठक करते हुए सभी पूजा पंडालों एवं जुलूस के लाइसेंस समय से पूर्व निर्गत करना सुनिश्चित करेंगे।
छठ पूजा के अवसर पर समाहरणालय परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी हैं, जिसका दूरभाष नम्बर - 06272-240600 है। जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में अपर समाहर्त्ता (राजस्व) विभूति रंजन चौधरी, मोबाइल नम्बर - 9473191318 रहेंगे। नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी जिले के सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष, अनुमण्डल पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी से हमेशा आसूचना का संग्रह करते रहेंगे तथा यथोचित कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। इसके अतिरिक्त सदर अनुमण्डल के लिए अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर/अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, सदर को, बिरौल अनुमण्डल के लिए अनुमण्डल पदाधिकारी, बिरौल/अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, बिरौल को एवं बेनीपुर अनुमण्डल के लिए अनुमण्डल पदाधिकारी, बेनीपुर/अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, बेनीपुर को विधि-व्यवस्था संधारित करने के लिए संम्पूर्ण प्रभार प्रदान किया गया है तथा अपने दिशा-निर्देशन में प्रतिनियुक्ति करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था बनाए रखते हुए पर्व को सौहार्द्रपूर्ण एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। प्रतिनियुक्त सभी दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल को अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था संधारण करने का निर्देश दिया गया है। इसके अतिरिक्त सभी थाना/ओ.पी. एवं गश्ती दल को भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था संधारित करने का निर्देश दिया गया है।
इसके साथ ही सदर, केवटी, जाले, सिंहवाड़ा, बहादुरपुर, हायाघाट एवं हनुमाननगर प्रखण्ड के विधि- व्यवस्था के वरीय प्रभार में मनेश कुमार मीणा, नगर आयुक्त, दरभंगा नगर निगम एवं संबंधित अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी रहेंगे। वहीं मनीगाछी, तारडीह, अलीनगर, बहेड़ी एवं बेनीपुर प्रखण्ड के विधि-व्यवस्था के वरीय प्रभार में विभूति रंजन चौधरी, अपर समाहर्त्ता, दरभंगा एवं संबंधित अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी तथा बिरौल, गौड़ाबौराम, घनश्यामपुर, किरतपुर, कुशेश्वरस्थान एवं कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखण्ड के विधि-व्यवस्था के वरीय प्रभार में अनिल कुमार सिन्हा,अपर समाहर्त्ता आपदा प्रबंधन, दरभंगा एवं संबंधित अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी रहेंगे।