22.10.2018 (DarbhangaOnline Desk) : पुलिस संस्मरण दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित किये गये, जिसमे कर्तव्यपथ पर वीरगति को प्राप्त हुए शहीदों को नमन कर श्रद्धांजलि दी गयी। पटना के सी0आर0पी0एफ0 बिहार सेक्टर हेड क्वार्टर में आयोजित संस्मरण दिवस के अवसर पर वर्ष 2018 में सुरक्षा बलों एवं राज्य पुलिस के कुल 416 जवान जिसमें सी0आर0पी0एफ0 के कुल 29 जवान ड्यूटी के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए या जिनकी असामयिक मृत्यु हुई, उनके नामों को पुकारा गया एवं उन्हें श्रद्धांजली दी गई। कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने सी0आर0पी0एफ की गौरवपूर्ण इतिहास का विस्तार से वर्णन करते हुए पुलिस यादगार दिवस की महत्ता एवं प्रासंगिकता का विषेश उल्लेख किया। उन्होने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को सी0आर0पी0एफ ने लद्दाख के हॉट स्प्रिंग में चीनी आक्रमण के प्रथम हमले के दंश को बर्दाश्त किया, जब सी0आर0पी0एफ के छोटे गश्ती दल पर काफी अधिक संख्या वाली चीनी सेना द्वारा घात लगाकर हमला किया गया था। इस भिड़त में सी0आर0पी0एफ के 10 जवानों ने अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे। दिनांक 21 अक्टूबर को उनकी शहादत को पूरे देश में पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है।



छपरा स्थित पुलिस लाइन में पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर देशभक्तिपूर्ण संध्या का आयोजन कलाकार रामेश्वर गोप जी की टीम तथा पुलिस परिवार के कुछ कलाकारों द्वारा किया गया। एसपी हरकिशोर राय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के अवसर पर दिवंगत चौकीदार धीरेन्द्र (सहाजितपुर थाना), बच्चा राम (परसा थाना) के परिवार वालों को सम्मानित किया गया। भेल्दी थाना के दिवंगत एसआई अमित कुमार जिनके परिवार से लोग किसी कारणवश उक्त कार्यक्रम में नहीं उपस्थित हो सके, उनके आवास पर पुलिस के जवानों ने जाकर शोक संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें सम्मानित भी किया।



दरभंगा के लहेरियासराय स्थित पुलिस लाइन में आयोजित पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर प्रभारी डीआईजी वीरेंद्र नारायण झा ने कहा की आज के दिन हम अपने उन सहकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिन्होंने पिछले एक वर्ष के दौरान देश में अमन-चैन, भाईचारा एवं सामाजिक सहिष्णुता बनाये रखने के क्रम में कर्तव्य के बलिवेदी पर अपने प्राणों की आहुति दी। यह देश एवं हम देशवासी इनके बलिदान के समक्ष नतमस्तक हैं तथा हम सभी ऋणी रहेंगे।



रोहतास-डेहरी पुलिस लाइन में पुलिस संस्मरण दिवस पर देश व राज्य के आंतरिक सुरक्षा में शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए एसपी सत्यवीर सिंह ने कहा की देश के आंतरिक सुरक्षा में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के साहस, समर्पण और उनकी सेवा को हम कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने कहा की हमें अपनी सुरक्षा के साथ-साथ निर्दोषों की भी सुरक्षा करनी है। पुलिसकर्मियों को पल-पल चुनातियों का सामना करना पड़ता है।

पटना के BMP-5 परिसर में आयोजित पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर बिहार के डीजीपी के. एस. दिवेदी ने शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित किया। परेड की सलामी लेने के साथ ही शहीद पुलिसकर्मियों के शहादत को याद करते हुए दो मिनट का मौन भी रखा गया। उक्त कार्यक्रम में पुलिस विभाग के कई वरीय अधिकारी मौजूद थे।