January 11, 2019

11.01.2019 (पटना) : पटना शहर से अतिक्रमण हटाने एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से डीएम कुमार रवि की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी। बैठक में डीएम कुमार रवि ने कहा की माननीय उच्च न्यायालय पटना द्वारा पटना शहर से अतिक्रमण हटाने के कार्य का लगातार अनुश्रवण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पटना उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में शहर की सड़कों एवं फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा की पार्किंग स्थल पर किये गये अतिक्रमण को विशेष रूप से हटाया जायेगा। पटना शहरी क्षेत्र में प्रभावशाली ढंग से अतिक्रमण हटाने एवं यातायात व्यवस्था को दुरूस्त करने हेतु पुनः दिनांक 16.01.2019 से 23.01.2019 तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जायेगा।डीएम कुमार रवि ने बताया कि पटना शहरी क्षेत्र में अतिक्रमण उन्मूलन एवं यातायात व्यवस्था के सुदृृढ़ीकरण हेतु पटना नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत नूतन राजधानी अंचल, बांकीपुर अंचल, कंकड़बाग अंचल, पटना सिटी अंचल एवं दानापुर अंचल के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है, जिसमें दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बलों के साथ नगर निगम के पदाधिकारी एवं कर्मी, यातायात पुलिस के पदाधिकारी एवं बल तथा परिवहन विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी कार्यरत रहेंगे। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के समाप्ति के पश्चात अतिक्रमण हटाये गये स्थलों पर दोबारा अतिक्रमण न हो इसके लिए एक धाबा दल का गठन किया गया है।
धाबा दल के टीम के साथ ट्रैक्टर, मजदूर एवं अन्य उपकरणें सहित पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जायेगी। धाबा दल के साथ एक पब्लिक एड्रेस सिस्टम एवं एक विडियोग्राफर की प्रतिनियुक्ति की जायेगी। अतिक्रमण हटाओं अभियान का अतिमहत्वपूर्ण क्षेत्र होगा-दीघा रोड, दानापुर सगुना रोड, पाटलीपुत्रा काॅम्पलेक्स में अतिक्रमित दुकान, राजापुर पुल से हड़ताली मोड़ तक, बोरिंग रोड चैराहा से पाटलीपुत्रा गोलम्बर तक, हड़ताली मोड़ से जगदेव पथ तक, सी0डी0ए0 बिल्डिंग से जी0पी0ओ0 गोलम्बर तक, बी0एन0 काॅलेज से साईंस काॅलेज तक, कदमकुंआ रोड, कंकड़बाग रोड एवं पटना बाईपास रोड। इस विशेष अभियान हेतु 300 गृह रक्षा वाहिनी बल की प्रतिनियुक्ति समादेष्टा गृह रक्षा वाहिनी पटना के द्वारा किया जायेगा। डीएम ने बताया कि गठित टीम में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को आदेश दिया गया है कि वे निर्धारित अतिक्रमित स्थल/क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त करायेंगे तथा शांति, सुव्यवस्था कायम करते हुए विधि-व्यवस्था संधारण करेंगे एवं निम्नांकित समान्य अनुदेशों का भी शत्-प्रतिशत् अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।
(1) चिन्हित अतिक्रमण स्थल/क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त करायेंगे। (2) अवैध पार्किंग स्थल स्थापित कर वाहन लगवाने वाले एवं उनसे वसूली करने वालों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध विधि-सम्मत् कार्रवाई किया जायेगा। (3) स्कूल बसों द्वारा किये गये अवैध पार्किंग का उन्मूलन किया जायेगा। (4) विद्यालयों के आस-पास 50 मीटर की परिधि में वेंडर्स नहीं रहे, इसे सुनिश्चित कराया जायेगा। (5) ऐसे व्यवसायिक प्रतिष्ठान/बड़े दुकान, जो सड़क का अतिक्रमण कर कारोबार संचालित करते पाये जायें, उनके सामग्री की जब्ती के साथ-साथ उनके विरूद्ध पुलिस अधिनियम, 2007 के तहत आर्थिक दंड का अधिरोपण एवं प्राथमिकी दर्ज किया जाय। जब्त सामग्री को पटना नगर निगम, पटना के जिम्मे रखा जायेगा। ऐसे मामलों में संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा दंड प्रक्रिया संहिता की धारा-133 के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। (6) संबंधित गैर कानूनी कार्य करने वाले से आर्थिक दंड के रूप में पुलिस अधिनियम के अन्तर्गत संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी/कार्यपालक दंडाधिकारी द्वारा मो0-5000/- रुपये तथा पटना नगर निगम के स्तर से मो0 5000/- रुपये का अधिरोपण किया जायेगा। (7) यातायात एवं परिवहन विभागीय पदाधिकारी के द्वारा भी मोटरयान अधिनियम एवं सुसंगत नियमावली के अंतर्गत आर्थिक दंड का अधिरोपण किया जायेगा। सभी क्षेत्र के थानाध्यक्ष विशेष अभियान के तहत अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत स्वयं उपस्थित रहकर विधि-व्यवस्था बनायें रखेंगे एवं आवश्यकतानुसार विधि-सम्मत त्वरित कार्रवाई करेंगे।
बैठक में डीएम कुमार रवि ने सिविल सर्जन, पटना को निर्देश दिया कि किसी भी विशेष परिस्थिति से निपटने हेतु सुयोग्य चिकित्सक दल तथा सभी आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं सहित पर्याप्त मात्रा में 01 एम्बुलेंस निर्धारित तिथियों को जिला नियंत्रण कक्ष, पटना में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने जिला अग्निशाम पदाधिकारी, पटना को निर्देश दिया कि किसी भी विशेष परिस्थिति से निपटने हेतु निर्धारित तिथियों को अंचलवार 01-01 अग्निशमन यूनिट वाहन कर्मी सहित उपलब्ध करायेंगे तथा 01 यूनिट अग्निशमन वाहन कर्मी सहित जिला नियंत्रण कक्ष, पटना में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
उक्त बैठक में एसएसपी गरिमा मलिक, नगर पुलिस अधीक्षक मध्य डी0 अमरकेश, अनुमंडल पदाधिकारी पटना सदर सुहर्ष भगत, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था कृष्ण कन्हैया प्रसाद सिंह, तथा सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थें।