Dbg

23.01.2021 (दरभंगा) : स्वास्थ्य विभाग,बिहार के कार्यपालक निदेशक सह विशेष सचिव के द्वारा पीएमसीएच, पटना, डीएमसीएच, दरभंगा, जेएलएनएमसीएच, भागलपुर, एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर, एएनएमसीएच, गया एवं भी आई एम एस, पावापुरी नालंदा के प्राचार्य एवं अधीक्षक को पत्र लिखकर एक प्रसूति रोग विशेषज्ञ को नामित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि उन्हें प्रशिक्षण देकर वंडर एप्प का प्रयोग प्रारंभ किया जा सके। उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि मातृ सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु वंडर मोबाइल एप्लीकेशन का प्रयोग राज्य सरकार मातृ स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने हेतु कृत संकल्प है तथा इस उद्देश्य से कई प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राज्य के दरभंगा जिले में मातृत्व सेवाओं के बेहतर प्रबंधन हेतु एक मोबाइल आधारित वंडर एप्लीकेशन का सफल परीक्षण किया गया। जिसके परिणाम उत्साहवर्धक रहे हैं। वंडर एप्लीकेशन सेवा प्रदाताओं के कार्य को सहज बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। जिसके तहत गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण सहित मातृत्व जटिलताओं की स-समय पहचान, त्वरित रेफरल तथा उनका विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स-समय उपचार कार्य का सफलतापूर्वक प्रबंधन एवं अनुश्रवण किया जा रहा है। कार्यक्रम के उत्साहवर्धक परिणाम को देखते हुए इसका विस्तार 5 अतिरिक्त जिला पटना, मुजफ्फरपुर, नालंदा, भागलपुर एवं गाया में करने का निर्णय लिया गया है। गौरतलब है कि इस कार्यक्रम के क्रियान्वयन में चिकित्सा महाविद्यालय विशेषकर प्रसूति रोग विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा है कि अपने यहां से एक प्रसूति रोग विशेषज्ञ को नामित किया जाए, ताकि उन्हें राज्य स्तर पर वंडर एप्लीकेशन का प्रशिक्षण दिया जा सके।