July 20, 2021

20.07.2021 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. व एसएसपी बाबूराम द्वारा बकरीद पर्व को लेकर संयुक्तादेश जारी करते हुए जिले के 162 स्थलों पर दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है। साथ ही वर्ष 2006 से विभिन्न प्रखण्डों में घटित संप्रदायिक विवाद का उल्लेख करते हुए, वैसे स्थलों पर विशेष निगरानी एवं सतर्कता बरतने का निर्देश संबंधित थाने को दिया है। उन्होंने कहा है कि इन अवसरों पर असामाजिक तत्वों द्वारा धार्मिक संस्थानों एवं धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने का प्रयास किया जा सकता है। साथ ही इस उद्देश्य से सोशल मीडिया का भी प्रयोग किया जा सकता है, इसलिए अफवाह फैलाने वाले तत्वों, संस्थाओं, असामाजिक तत्वों एवं गुंडा तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और यदि किसी के द्वारा इस तरह की अफवाह फैलाई जाती है, तो त्वरित कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त सदर अनुमण्डल के लिए अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर, बिरौल अनुमण्डल के लिए अनुमण्डल पदाधिकारी, बिरौल एवं बेनीपुर अनुमण्डल के लिए अनुमण्डल पदाधिकारी, बेनीपुर को विधि-व्यवस्था संधारित करने के लिए संम्पूर्ण प्रभार प्रदान किया गया है। प्रतिनियुक्त सभी दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल को 21 जुलाई के प्रातः 04:00 बजे से ही अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था संधारण करने का निर्देश दिया गया है। इसके अतिरिक्त सभी थाना/ओ.पी. एवं गश्ती दल को भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था संधारित करने का निर्देश दिया गया है।