December 29, 2018

29.12.2018 (दरभंगा) : दरभंगा जिला का 145वाँ स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक विभिन्न तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 31 दिसंबर एवं 01 जनवरी को आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय कार्यक्रम में पुरुष एवं महिलाओं का मैराथन दौड़, दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए एथलेटिक्स, वॉलीबॉल एवं म्यूजिकल चेयर तथा जूडो कराटे आदि का आयोजन होगा। मुख्य समारोह नेहरू स्टेडियम लहेरियासराय में आयोजित होगा, जहां 31 दिसंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं बहुभाषी कवि सम्मेलन मुख्य आकर्षण होंगे। 01 जनवरी को समाहरणालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम तथा कैंडल प्रज्वलन भी किए जाएंगे। जिला के प्रभारी मंत्री महेश्वर हजारी दरभंगा जिला स्थापना दिवस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। अपने कार्यालय कक्ष में स्थापना दिवस के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा में डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को ससमय काम पूरा कर लेने के निर्देश दिए। नगर निगम को व्यापक स्तर पर साफ-सफाई के निर्देश दिए गए हैं। कार्यपालक अभियंता पीएचईडी से कहा गया है कि कार्यक्रम के अवसर पर पेयजल एवं अन्य जरूरी व्यवस्था करेंगे। नजारत उप समाहर्ता को मंच निर्माण साज-सज्जा एवं बैरिकेडिंग आदि कर लेने को कहा गया। डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया कि मैराथन दौड़ के अवसर पर यातायात व्यवस्था के नियंत्रण के लिए समुचित उपाय करेंगे। 31 दिसंबर को नेहरू स्टेडियम में परिवहन मेला भी लगेगा जिसमें मुख्य मंत्री ग्राम परिवहन योजना के अंतर्गत चयनित लाभूक को डीएम द्वारा चयन पत्र प्रदान किया जाएगा। इस मेला में वाहन एजेंसियां भी वाहनों के साथ उपस्थित रहेंगे। लाभुक अपनी पसंद से अपने वाहन का चुनाव कर क्रय कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना अंतर्गत लाभुकों को अधिकतम रूपए एक लाख का अनुदान सरकार की तरफ से दिया जाना है।
बैठक में अपर समाहर्ता बिरेंद्र प्रसाद, डीडीसी कारी प्रसाद महतो, अपर समाहर्ता मो. मोबिन अली अंसारी, सभी जिलास्तरीय अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी तथा स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।