Dbg

28.03.2022 (पटना) : डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह एवं एसएसपी मानवजीत सिंह ढ़िल्लो द्वारा. रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन तथा विधि व्यवस्था संधारण हेतु सभी सिटी एसपी सभी एसडीओ, एसडीपीओ, थानाध्यक्ष, सीओ, वीडियो एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया। बैठक में अवगत कराया गया कि रामनवमी पर्व के अवसर पर 39 शोभा यात्रा निकाले जाएंगे। भीड़ प्रबंधन तथा विधि व्यवस्था संधारण हेतु महावीर मंदिर ,डाक बंगला चौराहा, जीपीओ गोलंबर, राजबंशी नगर हनुमान मंदिर, पंचमुखी मंदिर के पास नियंत्रण कक्ष स्थापित करने तथा तीन पालियों में कर्मियों की तैनाती कर लगातार मॉनिटरिंग करते रहने का निर्देश दिया गया। रामनवमी पर्व के अवसर पर पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में पूजा अर्चना करने हेतु श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगने की संभावना है। फलत: भीड़ को नियंत्रित करने तथा विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु मंदिर से कुंवर सिंह पार्क तक श्रद्धालुओं की तीन पंक्ति बनाने तथा बैरिकेडिंग करने पर विचार किया गया। इस अवसर पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने तथा पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। वाहनों की पार्किंग स्टेशन स्थित मल्टी लेवल पार्किंग स्थल, बुद्धा स्मृति पार्क के आगे तथा मिलर हाई स्कूल में करने का निर्देश दिया गया।शहर के महत्वपूर्ण मंदिरों तथा संवेदनशील स्थलों पर मजिस्ट्रेट पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती करने हेतु आदेश निर्गत करने का निर्देश दिया गया। पर्व के अवसर पर सभी एसडीओ/ एसडीपीओ एवं थानाध्यक्ष को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहने तथा स्थिति पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया। गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सेवा हेतु जगह जगह पर पेयजल की व्यवस्था करने तथा बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सिविल सर्जन पटना को मेडिकल टीम गठित करने, जीवन रक्षक दवा के साथ एंबुलेंस की व्यवस्था रखने तथा मेडिकल स्टाफ को एक्टिव मोड में रहने का निर्देश दिया गया। 01 अप्रैल को जिला प्रशासन के अधिकारियों की बैठक पटना महावीर मंदिर मैं की जाएगी तथा प्रबंधन कमेटी के साथ बैठक कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। लाउडस्पीकर रात्रि के 10:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक नहीं बजेंगे। अफवाह फैलाने वाले, शांति भंग करने वाले तथा सामाजिक विद्वेष पैदा करने वाले असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी तथा दोषी को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पालीगंज के उलार में चैत छठ के सफल एवं सुचारु आयोजन हेतु पालीगंज के अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।