June 18, 2021

18.06.2021 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा सिंहवाड़ा प्रखण्ड के पदाधिकारियों के साथ टीकाकरण का मॉडल प्रखण्ड बनाने को लेकर बैठक आयोजित की गयी। बैठक को सम्बोधित करते हुए डीएम ने कहा कि लोगों में जागरूकता लाने को लेकर जिले के एक प्रखण्ड को टीकाकरण का मॉडल प्रखण्ड बनाया जाए और इसके लिए सिंहवाड़ा प्रखण्ड को चयन किया गया है। उन्होंने प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सिंहवाड़ा को इसकी कार्य-योजना बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा की अगले 10 दिनों में सिंहवाड़ा के 25 हजार लोगों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा जाए तथा सिंहवाड़ा को टीकाकरण का एक मॉडल ब्लॉक बनाया जाए। इसके लिए टीकाकरण स्थलों एवं कर्मियों की संख्या में वृद्धि की जाए। उन्होंने सिविल सर्जन को सिहवाड़ा में 04 से 05 अतिरिक्त टीकाकरण केन्द्र बनाने एवं टीकाकरण एक्सप्रेस वाहनों की संख्या भी सिहवाड़ा में बढ़ाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए पंचायत सचिव, जीविका दीदी, शिक्षक, ग्रामीण आवास सहायक सहित सभी कर्मियों को लगाया जाए। साथ ही इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाए। कुछ पंचायतों का चयन कर वहाँ शत्-प्रतिशत् टीकाकरण कराया जाए।