darbhanga

13.02.2018 (दरभंगा) : आज डीएम, दरभंगा डाo चन्द्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डाo भीमराव अम्बेदकर सभागार में आहूत की गई।

बैठक की शुरुआत में आर0टी0पी0एस0 के तहत आनलाईन म्यूटेशन की स्थिति की समीक्षा की गई। समीक्षात्मक क्रम में जिला पदाधिकारी ने भूमि सुधार उप समाहर्ता, सदर/बेनीपुर/बिरौल को अद्यतन स्थिति की गहन समीक्षा कर प्रतिवेदन देने का निदेश दिया। जिला पदाधिकारी ने बताया की अब आर0टी0पी0एस0 काउण्टर से राशन कार्ड से संबंधित सुधार हेतु आवेदन पत्र भी प्राप्त किये जाऐगे। सभी अंचलाधिकारियों को आपदा मद में प्राप्त आवंटन के खर्च का ब्यौरा विहित प्रपत्र में देने का निदेश दिया गया। हर घर शौचालय अभियान के तहत दरभंगा जिला के सभी 100 चयनित पंचायतों में शौचालय निर्माण कार्य के प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

सभी ‘‘मिशन-100’’ चयनित पंचायतों के नोडल पदाधिकारीगणों को सम्बोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने बताया कि सभी नोडल पदाधिकारी अपने से सम्बद्ध पंचायतों के वार्डों को ओ0डी0एफ0 घोषित करने हेतु तिथि का निर्धारण कर लें। जिला पदाधिकारी ने घोषणा की, कि 22 मार्च ‘‘बिहार दिवस’’ के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में ओ0डी0एफ0 घोषित किये गए पंचायत के मुखिया एवं नोडल पदाधिकारी को पुरस्कार के साथ प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा। नोडल पदाधिकारियों की यह व्यक्तिगत जबावदेही होगी कि वे अपने पंचायत को ओ0डी0एफ0 घोषित करने हेतु हर संभव प्रयास करें। वे वार्डवार परिवारों की सूची को डोर-टू-डोर जाकर सत्यापित करे। वार्डवार कितने घर शौचालय विहीन है, उसकी सूची भी बनवाने का निदेश दिया गया।

प्रत्येक घर को एक यूनिट बनाने का जिला पदाधिकारी महोदय ने निदेश दिया। अगर एक घर के अन्दर एक से अधिक परिवार रहते है और उनके पास जमीन उपलब्ध है तो वे एक से अधिक शौचालय बनवाकर सरकारी सहायता राशि प्राप्त कर सकते है।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्य में लापरवाही एवं अनियमितता बरतने वालों के विरूद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई भी की जाएगी। सभी नोडल पदाधिकारियों को अगली बैठक में तिथिवार ठोस कार्य योजना बनाकर लाने का निदेश दिया गया। ताकि ‘‘मिशन-100’’ के तहत चयनित पंचायतों को 31 मार्च 2018 के पूर्व ओ0डी0एफ0 घोषित किया जा सके। शौचालय निर्माणोपरान्त जियो टैगिंग के पश्चात् पूरे वार्ड को ओ0डी0एफ0 घोषित करने के पश्चात् ही सरकार के दिशा-निर्देशानुसार भुगतान की कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निदेश दिया गया।

उक्त बैठक में प्रशिक्षु आई0ए0एस0-सह- प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, बेनीपुर विजय प्रकाश मीणा, अपर समाहर्ता मो0 मोबीन अली अंसारी, उप विकास आयुक्त डाॅ0 कारी प्रसाद महतो, जिला पंचायती राज पदाधिकारी शत्रुधन कामती, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सुमन कुमार, प्रभारी डीआरडीए निदेशक वशीम अहमद, अनुमण्डल पदाधिकारी सदर/बिरौल/बेनीपुर, डीपीआरओ कन्हैया कुमार, जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, सभी चयनित पंचायतों के नोडल पदाधिकारीगण व अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।