May 12, 2018

08.05.2018 (दरभंगा) : नए एसएसपी के रूप में जिले में पदस्थापित आईपीएस मनोज कुमार का अभिनन्दन एवं स्वागत समारोह लगातार जारी है। इसी क्रम में आज प्रमण्डलीय वाणिज्य एवं उधोग परिषद् के सदस्यगण द्वारा सर्वप्रथम परम्परागत विधि पुष्प गुच्छ, पाग, चादर से एसएसपी मनोज कुमार, सदर एसडीपीओ अनुज कुमार एवं सदर एसडीओ राकेश कुमार गुप्ता का अभिनन्दन, स्वागत शहर के एक निजी होटल में किया गया। इस मौके पर प्रमण्डलीय वाणिज्य एवं उधोग परिषद् के सदस्यगण द्वारा 23 समस्याओं एवं सुझावों पर अंकित चार पृष्ठ का ज्ञापन एसएसपी को दिया गया। ज्ञापन में मुख्य रूप से अतिक्रमण की समस्या, यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से लागू हो, इस व्यवस्था की समय-समय पर समीक्षा हेतु एक समिति का गठन हो, सड़कों के अगल-बगल फ्लेंक नालों का निर्माण, डीजे की जो समय सीमा निर्धारित है उसका पालन हो, ट्रैफिक कण्ट्रोल हेतु जो पुलिस बल तैनात हैं, वो पूर्ण प्रशिक्षित हों, पार्किंग की व्यवस्था हो, शहर में बूचड़खाने का स्थान निर्धारित हो, सड़क पर समय से कचरों की सफाई की व्यवस्था हो, भूमाफियाओं की दबंगता पर कार्रवाई हो, बस स्टैंड दिल्ली मोड़ से लेकर बाघ मोड़ तक पुलिस बल की नियुक्ति हो, ट्रिपल लोडिंग एवं हाई स्पीड गाडी चालक पर रोक लगे, बिसनेस प्लेस एवं बैंकों पर पुलिस की पेट्रोलिंग हमेशा हो, टेम्पू चालक को सवारी चढाने एवं उतारने की जगह निश्चित हो ताकि जाम की समस्या ना हो, थाना क्षेत्रों की सीमाओं की समीक्षा हो आदि समस्याएं थीं। बड़े गंभीरता से ज्ञापन में अंकित एक एक पॉइंट को सभी ऑफिसर्स ने सुना। सबसे पहले एसडीपीओ अनुज कुमार ने कहा, अभी ज्वाइन किया है लेकिन बड़े कम समय में जो समस्या दिखाई दिया वो ट्रैफिक की समस्या है। इस समस्या का निदान के लिए व्यवसायी वर्ग को भी सहयोग करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा रैश ड्राइविंग, लहेरियाकट, व अतिक्रमण के लिए एसडीओ तथा नगर निगम के सहयोग से प्रयास करेंगे। एसडीओ राकेश कुमार गुप्ता ने कहा बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था के लिए म्युनिसिपल एरिया का समीक्षा कर मैप बनाएंगे और देखेंगे की पहले से क्या बेहतर व्यवस्था हो सकता है। स्थानीय लोगों से बैठक कर विज्ञापन, होर्डिंग्स, बैनर आदि लगाया जायेगा। उन्होंने कहा ध्वनि प्रदुषण एक्ट की किताब हर थाने में उपलब्ध कराएँगे, जिससे इसका उल्लंघन करनेवाले पर कार्रवाई आसानी से हो सके। एसएसपी मनोज कुमार ने मुस्कुराते हुए कहा किसी से डरने की जरूरत नहीं है। हम आपकी सेवा के लिए हमेशा तत्पर हैं। भूमि विवाद मामले का जिक्र करते हुए श्री कुमार ने कहा की अब यह कहना की इस विवाद के मामले में कार्रवाई करने का अधिकार पुलिस को नहीं है, यह गलत होगा। कार्रवाई के लिए पुलिस को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। ज्यादातर अतिक्रमण अस्थायी है जिसे सामाजिक जागरूकता से हटाया जा सकता है। शहर में कचरे के उठाने का समय नगर निगम से संपर्क कर सुनिश्चित किया जायेगा, जिससे की जाम की समस्या ना हो। श्री कुमार ने कहा की जल्द ही शहर में ट्रैफिक थाना खुल जायेगा जिससे ट्रैफिक व्यवस्था में काफी सुधार होगा। उन्होंने कहा हमारी पुलिसिंग दिखेगी, आपलोग सहयोग करें। उक्त समारोह में मंच पर उधोग परिषद् के अध्यक्ष पवन सुरेका, प्रधान सचिव सुनील गामी, एसएसपी मनोज कुमार, सदर एसडीपीओ अनुज कुमार, सदर एसडीओ राकेश कुमार गुप्ता उपस्थित थे।