August 10, 2019

10.08.2019 (पटना) : डीएम कुमार रवि की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में दिनांक 12 अगस्त, 2019 को बकरीद पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु एवं गाँधी मैदान, पटना में अदा की जाने वाली बकरीद की नमाज हेतु समुचित व्यवस्था करने से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे अपने स्तर से ये जांच कर लेंगे कि सुरक्षा के दृष्टि से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल बकरीद पर्व के एक दिन पूर्व संध्या 06.00 बजे तक प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचे है कि नहीं ।
तदनुसार अविलम्ब वैकल्पिक व्यवस्था अपने स्तर से करेंगे एवं अनुपस्थित दंडाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के संबंध में सूचना देंगे। उन्होंने कहा कि सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने प्रतिनियुक्त स्थलों इलाके में प्रतिष्ठित व्यक्तियों से अनुरोध करेंगे कि शांति व्यवस्था कायम रखने में वे उनको सहयोग देंगे। इस संबंध में दंडाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारी को यह स्मरण रखना चाहिए कि हर हालत में शांति व्यवस्था कायम रखने का पूरा उत्तरदायित्व उन पर तथा सशस्त्र बल पर ही है। शांति कायम रखने के लिए कड़ी से कड़ी किन्तु विवेकपूर्ण कार्रवाई करने में उन्हें कोई हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए। बैठक में उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त, पटना नगर निगम यह सुनिश्चित करेंगे कि मुख्य नमाज के पहले गाँधी मैदान की पूरी तरह सफाई हो जाय एवं आवारा पशु का विचरण नहीं होने पाये। इसके लिए वे अपने अधीनस्थ पदाधिकारी/कर्मचारी को बकरीद के एक दिन पूर्व सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश देंगे।
जिला पशुपालन पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष गांधी मैदान भी इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करेंगे ताकि सुनिश्चित कराया जा सके कि आवारा पशुओं का प्रवेश गाँधी मैदान में न हो सके। डीएम ने बरसात के मौसम को देखते हुए कार्यपालक पदाधिकारी, नूतन राजधानी अंचल, पटना नगर निगम पटना को निर्देश दिया कि कार्यक्रम के पूर्व गांधी मैदान में 04-05 सेक्शन मशीन की व्यवस्था रखेंगे ताकि नमाज स्थल अथवा गांधी मैदान के अन्य हिस्सों में जल-जमाव होने की स्थिति में जल निकासी की जा सके। उन्होंने कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण विभाग, पटना प्रमंडल, पटना को निर्देश दिया कि गांधी मैदान के जिस क्षेत्र में नमाज अदा की जाती है उस क्षेत्र के गड्ढों को भर कर स्थल का समतलीकरण कर दिया जाय।
डीएम ने उक्त त्यौहार के अवसर पर पेयजल की व्यवस्था हेतु सम्बंधित विभाग को कहा है। बैठक में डीएम ने कहा कि अनिल कुुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अभियान, पुलिस उपाधीक्षक प्रारक्ष, नवीन पुलिस केन्द्र से समन्वय स्थापित करते हुए जिला में उपलब्ध संसाधन एवं प्रशिक्षित पुलिस कर्मियों की तैनाती करते हुए कार्यक्रम स्थलों तथा सभी प्रवेश द्वारों पर पर्याप्त संख्या में डी0एफ0एम0डी0 लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। साथ ही पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) विशेष शाखा से अनुरोध है कि उक्त अवसर पर कार्यक्रम स्थलों पर बम डिस्पोजल पार्टी की प्रतिनियुक्ति करने की कृपा करेंगे। डीएम ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखें तथा अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाय। डीएम कुमार रवि ने लोगों से अपील की कि अफवाहों से बचे। अगर किसी तरह की घटना घटती है तो जिला प्रशासन को संज्ञान में देकर जिला प्रशासन को सहयोग करें।
गांधी मैदान, पटना में बकरीद की नमाज के अवसर पर होने वाली भीड़ के मद्देनजर किसी विपरीत स्थिति से निपटने हेतु डीएम ने सिविल सर्जन, पटना को निर्देश दिया कि गांधी मैदान के पुराने चार मुख्य प्रवेश द्वारों एवं जिला नियंत्रण कक्ष तथा जिला नियंत्रण कक्ष पटना सिटी में एक-एक एम्बुलेंस की प्रतिनियुक्ति चिकित्सक, चिकित्सा दल तथा आवश्यक दवाओं के साथ सुनिश्चित करेंगे। डीएम ने इस अवसर पर किसी विपरीत परिस्थिति से निपटने के दृष्टिकोण से जिला अग्निशाम पदाधिकारी को निर्देश दिया कि गांधी मैदान स्थित नमाज स्थल के पास, जिला नियंत्रण कक्ष, पटना एवं नियंत्रण कक्ष पटना सिटी में एक-एक फायर यूनिट की प्रतिनियुक्ति ससमय सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में डीएम ने कहा कि गांधी मैदान स्थित नमाज स्थल के आस-पास नमाजियों के वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था पुलिस अधीक्षक, यातायात द्वारा की जाएगी। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र में शांति समिति का बैठककर शांति समिति के सदस्यों से शांति व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग की अपील करें। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारी को यह स्मरण रखना है कि हर हालत में शांति व्यवस्था कायम रखने का पूर्ण उत्तरदायित्व उन पर है।