Patna

13.03.2019 (पटना) : डीएम कुमार रवि की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भय मुक्त लोक सभा आम निर्वाचन-2019 की तैयारी के संबंध में पुलिस अधीक्षकों, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की गयी। बैठक में डीएम ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया कि पटना जिला के विभिन्न दूसरे जिला से प्रवेश स्थल एवं स्थानों पर पर्याप्त संख्या में चेक प्वाईंट (नाका) बनाया जाय ताकि निर्वाचन की तिथि को पटना जिला के चारों तरफ से बॉर्डर सील हो जाये। सभी नाकाओं पर पटना शहर से बाहर जाने वाले वाहनों एवं बाहर से पटना आने वाले वाहनों का सघन चेकिंग किया जाय। उन्होंने कहा की वाहनों की चेकिंग कर शराब, नगद राशि, आर्म्स एवं पोस्टर/बैनर की चेकिंग की जाय। अगर शराब, सीमा से अधिक नगद राशि, आर्म्स एवं बिना मुद्रण संख्या एवं मुद्रक के नाम का पम्पलेट, पोस्टर/बैनर पाया जाता है, तो विभिन्न धाराओं के अंतर्गत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जायेगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि लोक सभा चुनाव-2014, विधान सभा चुनाव-2015 के दौरान हुई घटनाओं में शामिल व्यक्तियों के विरूद्ध आवश्यकतानुसार निरोधात्मक कार्रवाई की जाय। जिनके विरूद्ध वारंट है, उन्हें गिरफ्तार किया जाय। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन शस्त्र अनुज्ञप्तिधारियों के विरूद्ध अपराधिक मुकदमा लंबित है तथा जिनसे शस्त्र अनुज्ञप्ति के दुरूपयोग की संभावना है, वैसे शस्त्र अनुज्ञप्तिधारियों के विरूद्ध शस्त्र अनुज्ञप्ति रद्द करने तथा शस्त्र जमा करने की अनुशंसा भेजी जाय। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि केन्द्रीय अर्द्ध सैनिक बल की तीन कम्पनी क्रमशः बाढ़, मसौढ़ी अनुमंडल एवं पालीगंज अनुमंडल में चुनाव पूर्व तैयारियों के लिए शीघ्र आ जायेगी। इन अर्द्ध सैनिक बलों द्वारा फ्लैग मार्च किया जाना है। अर्द्ध सैनिक बलों को बिहार अपराध नियंत्रण अधिनियम (सी.सी.ए.) 1981 की धारा-3 के अधीन अपराध कर्मियों, जिनका गंभीर अपराधिक इतिहास है तथा लंबित वारंटियों की सूची उपलब्ध करा दी जाय। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि अर्द्ध सैनिक बल कमजोर वर्ग के मतदाताओं के क्षेत्रों में जा कर मतदाताओं के बीच सुरक्षा का वातावरण भी बनायेंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्राधिकार अंतर्गत आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित करायेंगे। बैठक में PCCP, पुलिस बल एवं मतदान दल के Dispatch Plan की भी चर्चा हुई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, कुमार रवि ने बताया कि लोक सभा आम निर्वाचन 2019 में विधि-व्यवस्था संधारण हेतु बिहार अपराध नियंत्रण अधिनियम, 1981 की धारा-3 के अधीन नोटिस निर्गत किया गया है।

उक्त बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कुमार रवि के साथ एसएसपी गरिमा मल्लिक, नगर पुलिस अधीक्षक मध्य पी0के0 दास, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राजेन्द्र कुमार भील, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था कृष्ण कन्हैया प्रसाद सिंह, सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी उपस्थित थें।