February 07, 2019

07.02.2019 (दरभंगा) : डीएम के कार्यालय प्रकोष्ठ में सरस्वती पूजा के अवसर पर विधि व्यवस्था की तैयारी की समीक्षा हेतु बैठक का आयोजन डीएम त्यागराजन एस. एम. एवं एसएसपी बाबूराम की अध्यक्षता में किया गया। डीएम ने कहा कि पूजा का आयोजन चुनावी माहौल में किया जा रहा है, इसे ध्यान में रखते हुए विधि-व्यवस्था संधारण की तैयारी की जाय। उन्होंने पूजा समितियों को मूर्ति स्थापना, विसर्जन आदि से संबंधित लाइसेंस हेतु आवेदन की समीक्षा कर अगले 48 घंटे में सभी लाइसेंस निर्गत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी पूजा समितियों को यह स्पष्ट निर्देश दिया जाय कि डीजे का प्रयोग वर्जित है। धारा 107 के तहत कार्यवाही के भी निदेश दिए गए। सीसीटीवी लगाने तथा वीडियोग्राफी का भी प्रस्ताव देने का निदेश दिया।
एसएसपी ने कहा कि लाइसेंस सशर्त निर्गत किये जायें ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर पूजा समिति पर कार्यवाही की जा सकती है। पूजा समिति से विसर्जन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने हेतु स्वयंसेवकों की सूची ली जाए जो पूजा जुलूस को नियंत्रित रखने हेतु उत्तरदायी होंगे। उन्होंने सभी को निर्देश दिया कि बिहार कंट्रोल ऑफ क्राइम्स एक्ट के तहत कार्यवाही का प्रस्ताव कल ही भेजें। डीएम एवं एसएसपी ने सभी उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी थानाध्यक्षों से संवेदनशील पूजा स्थलों तथा अन्य अपेक्षित समस्याओं के संबंध में फीडबैक लेकर विस्तृत चर्चा की, एवं किसी भी परिस्थिति में कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। अंत में 9 फरवरी को शांति समितियों की बैठक करने का निर्देश देकर बैठक की कार्यवाही समाप्त की गई।