February 14, 2018

13.02.2018 (पटना) : समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में डीएम कुमार रवि की अध्यक्षता में पटना यूनिवर्सिटी के छात्र संघ के चुनाव सम्बन्धी उच्च स्तरीय समीक्षात्मक बैठक की गयी।
बैठक में डीएम कुमार रवि ने विभिन्न पहलुओं पर समीक्षा कर निर्देश देते हुए कहा की जिला प्रशासन के अधिकारी व पटना यूनिवर्सिटी के अधिकारी आपस में बैठक कर चुनाव के नियमों की जानकारी दें। उन्हें ये बताया जाय की क्या करें , क्या न करें। इस बात का ख्याल रहे की हर हालात में आचार संहिता का पालन हो तथा शांति व्यवस्था कायम रहे। निर्देश देने के क्रम में श्री कुमार रवि ने कहा की जिला प्रशासन एवं पटना यूनिवर्सिटी के पदाधिकारीगण ये सुनिश्चित करें की पटना यूनिवर्सिटी के सभी छात्रावासों में मतदाताओं के अतिरिक्त कोई बाहरी शरारती तत्व नहीं रहे। अगर शरारती तत्व पाए जाते हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर उनपर कानूनी कार्रवाई करें।
पटना यूनिवर्सिटी के चीफ इलेक्शन ऑफिसर आचार संहिता का पालन नहीं करने वाले प्रत्याशियों का नामांकन रद्द करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें। सभी प्रत्याशियों को यह बतलाया जाये की चुनाव से सम्बंधित सभी खर्च का ब्यौरा दें। प्रत्याशियों के कैम्पेन पर यूनिवर्सिटी cctv के माध्यम से निगरानी रखें। अभ्यर्थियों के द्वारा सरकारी भवनों या बिना अनुमति के निजी भवनों पर कैम्पेन के लिए अगर पोस्टर लगाया जाता है तो संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत पटना यूनिवर्सिटी कार्रवाई करे।
डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी पटना सदर को निर्देश दिया की सभी पोलिंग बूथों के 200 मी0 में किसी प्रकार का मजमा नहीं लगे। कोई भी मतदाता किसी भी तरह का आग्नेयास्त्र या घातक अस्त्र-शस्त्र लेकर न चले और न ही किसी तरह का कोई प्रदर्शन या जुलूस निकाले, इसके लिए निषेधाज्ञा लागू करें। चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद कोई भी बाहरी व्यक्ति या शरारती तत्व छात्रावास में पाया जाता है तो उन्हें गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। डीएम श्री रवि ने बताया की पटना यूनिवर्सिटी के चुनाव में 200 शरारती तत्वों के विरुद्ध धारा-107 के तहत अनुमंडल पदाधिकारी पटना सदर के द्वारा कार्रवाई की गयी है।
उक्त बैठक में प्रभारी वरीय पुलिस अधीक्षक ललन मोहन प्रसाद, नगर पुलिस अधीक्षक डी. अमरकेश, अनुमंडल पदाधिकारी पटना सदर भवेश मिश्रा, पटना यूनिवर्सिटी के पदाधिकारीगण एवं पुलिस पदाधिकारीगण उपस्थित थे।