15.07.2020 (दरभंगा) : डीएम कुमार रवि ने लॉकडाउन के सफल एवं प्रभावी बनाने हेतु पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है। सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को ससमय ड्यूटी पर तैनात रहने तथा निर्धारित दायित्व का अनुपालन करने का निर्देश दिया है। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहने तथा लॉकडाउन के प्रावधानों के अनुरूप अनुपालन सुनिश्चित कराने का सख्त निर्देश दिया है। वाणिज्यिक एवं निजी संस्थानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है किंतु राशन की दुकानें, जन वितरण प्रणाली की दुकान, किराना प्रतिष्ठान, फल एवं सब्जी दुकाने, मंडी, डेयरी एवं मिल्क बुथ तथा मांस, मछली, पशु चारा की दुकानों को लॉकडाउन से अलग रखा गया है।

फल एवं सब्जी की दुकानें/मंडी तथा मांस एवं मछली के दुकानों के संचालन की अवधि प्रातः 6:00 बजे से 10:00 बजे तथा संध्या 4:00 बजे से 7:00 बजे तक निर्धारित की गई है। डीएम ने उक्त सभी स्थलों पर मास्क पहनने की अनिवार्यता एवं सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने सभी लोगों से आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने तथा उपयोग करने का अनुरोध किया है। 16 जुलाई से 31 जुलाई तक लॉक डाउन की अवधि में आवश्यक सुरक्षात्मक उपायों के साथ निबंधन कार्यालय कार्यरत रहेंगे। सरकारी राजस्व संग्रहण में निबंधन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखते हुए लॉकडाउन की अवधि में भी निबंधन कार्यालय को समुचित सुरक्षात्मक उपायों के साथ दस्तावेज निबंधित करने हेतु खुले रखने का आदेश निर्गत किया गया है।

डीएम श्री कुमार ने जिलावासियों से लॉकडाउन का पालन करने, मास्क का प्रयोग करने, दो गज की सामाजिक दूरी मेंटेन करने तथा घरों में सुरक्षित रहने की अपील की है।