July 15, 2020

15.07.2020 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने ऑनलाईन बैठक में सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को कोविड-19 पोर्टल पर लाभुकों के विवरण की प्रविष्टि पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, बहेड़ी के प्रति प्रविष्टि की प्रतिशत् कम रहने के लिए नाराजगी व्यक्त की तथा प्रविष्टि में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही बहादुरपुर, गौड़ाबौराम, किरतपुर, घनश्यामपुर के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को भी प्रविष्टि में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रविष्टि में जो भी मिसमैच है, उसे भी शीघ्र दूर किया जाए। उन्होंने सभी अंचलाधिकारी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा अगले 05 वर्षों में हर खेत को पानी के संकल्प के आलोक में कृषि विभाग द्वारा 18 जुलाई से 07 अगस्त तक उपलब्ध सिंचाई सुविधा का किये जाने वाले सर्वेक्षण कार्य को ससमय पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हर खेत में सिंचाई की उपलब्ध सुविधा तथा सिंचाई का माध्यम की जानकारी दिया जाना है। इस कार्य के लिए कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकार को लगाया जा रहा है। प्रतिदिन सर्वेक्षण कार्य की निगरानी कर इसे ससमय पूरा करा लें। डीएम श्री त्यागराजन ने गौड़ाबौराम व घनश्यामपुर के अंचलाधिकारी से बाढ़ की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। दोनों अंचलाधिकारी ने बताया कि पानी घट रहा है। उन्होंने सभी अनुमण्डल पदाधिकारी को नए राशन कार्ड का वितरण कार्य शीध्र समाप्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला के सभी 22 स्वीकृत पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य शनिवार को (एक ही दिन में) प्रारंभ कर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार योजना की शुरुआत की जाएगी, इसकी तैयारी कर ली जाए।