darbhanga

15.01.2019 (दरभंगा) : डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह की उपस्थिति में लहेरियासराय स्थित माउंट समर स्कूल में खसरा-रूबेला टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर डीएम ने अपने बच्चों को भी खसरा-रूबेला का टीका लगवाया। उन्होंने सर्वप्रथम सभी को मकर संक्रांति की शुभकामना दी एवं कहा कि 09 माह से 15 साल तक के बच्चों को यह टीका लगाया जाएगा। यह अभियान 02 सप्ताह तक निजी तथा सरकारी विद्यालयों में, अगले 02 सप्ताह आंगनवाड़ी केंद्रों में एवं आख़िरी 01 सप्ताह छूटे हुए बच्चों के टीकाकरण हेतु चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह एक घातक बीमारी है। खसरा से बच्चों की रोग प्रतिरोधक छमता घट जाती है, उन्हें डायरिया, निमोनिया हो सकता है एवं उनकी मृत्यु भी हो सकती है। रूबेला से बच्चों में अंधापन, बहरापन, मानसिक मंदता एवं दिल की बीमारी हो सकती है। डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह सपरिवार आदर्श मध्य विद्यालय लहेरियासराय पहुंचे, जहाँ उन्होंने दीप प्रज्वलित कर इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने विद्यालय की छात्राओं को खसरा-रूबेला टीकाकरण के प्रमाण पत्र भी वितरित किये।

कार्यक्रम में उपस्थित सिविल सर्जन डॉ. डी. के मिश्र ने कहा कि मकर संक्रांति के शुभ दिन से इस अभियान की शुरुआत हुई है और जिस प्रकार पोलियो को जड़ से मिटाया गया है उसी प्रकार खसरा-रूबेला को भी जड़ से मिटाने का संकल्प हम सभी लें। ज़िला शिक्षा पदाधिकारी महेश प्रसाद सिंह ने कहा कि यह टू इन वन टीका है। पूर्णतः सुरक्षित है, एवं दो घातक बीमारियों से हमारी इस पीढ़ी और अगली पीढ़ी को बचाएगा। गर्भवती महिलाओं को रूबेला होने से उसके बच्चे को अंधापन, बहरापन, दिव्यांगता हो सकती है। इसलिए अगली पीढ़ी को बचाने के लिए यह टीका आवश्यक है।